बुधवार, 12 अगस्त 2026
अब कांग्रेस करेगी ‘इंटरनल सर्वे’
विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी होगा तैयार
टिकट के दावेदारों की परखी जाएगी पकड़
कांग्रेस ने चुनावी तैयारी को दी नई रफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अब अपनी तैयारियों को जमीन पर उतारना शुरू कर दिया है। संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के बाद पार्टी अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संभावित प्रत्याशियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने की तैयारी में है। इसके तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों के साथ ही चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रहे नेताओं का इंटरनल सर्वे कराया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य केवल संभावित प्रत्याशियों की लोकप्रियता नापना नहीं, बल्कि यह पता लगाना भी है कि कौन सा नेता अपने विधानसभा क्षेत्र में संगठन, कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं के बीच कितनी पकड़ रखता है। सर्वे के जरिए दावेदारों की स्वीकार्यता, सक्रियता, क्षेत्र में मौजूदगी और चुनावी क्षमता जैसे पहलुओं को परखा जाएगा।
कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर दावेदारी करने वाले नेताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती योग्य और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवार का चयन करना है। इंटरनल सर्वे को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सर्वे में संभावित प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि के साथ ही क्षेत्र में उनकी सक्रियता, स्थानीय मुद्दों पर पकड़ और जनता के बीच स्वीकार्यता को भी आकलन के दायरे में रखा जाएगा। इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि संबंधित नेता संगठन के लिए कितना सक्रिय रहा है और चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की उसकी क्षमता कैसी है।
इंटरनल सर्वे केवल नए दावेदारों तक सीमित नहीं रहेगा। मौजूदा कांग्रेस विधायकों को भी इस प्रक्रिया से गुजरना होगा। पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि वर्तमान विधायक के प्रति क्षेत्र की जनता का रुझान कैसा है। स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रियता, उपलब्धता और कामकाज को लेकर मतदाताओं की राय क्या है और आगामी चुनाव में उनकी जीत की संभावनाएं कितनी मजबूत हैं। इससे पार्टी नेतृत्व को उन सीटों पर भी समय रहते रणनीति बनाने में मदद मिल सकती है, जहां मौजूदा विधायक को लेकर संगठन या जनता के स्तर पर असंतोष की स्थिति हो।
उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों का राजनीतिक और सामाजिक समीकरण एक जैसा नहीं है। पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं, तो मैदानी क्षेत्रों में शहरीकरण, बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल चुनावी मुद्दे बनते हैं। ऐसे में कांग्रेस का सर्वे केवल नेताओं की लोकप्रियता तक सीमित रहने के बजाय प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय राजनीतिक समीकरण को समझने का माध्यम भी बन सकता है। पार्टी यह जानना चाहेगी कि किस सीट पर कौन सा चेहरा विपक्ष के सामने मजबूत चुनौती पेश कर सकता है और किन सीटों पर संगठन को अभी से अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है।
सर्वे की तैयारी से कांग्रेस के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर भी हलचल तेज होने की संभावना है। अब तक क्षेत्र में सक्रियता दिखाकर टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं के सामने अपनी राजनीतिक जमीन साबित करने की चुनौती होगी। सर्वे में यदि किसी नेता की लोकप्रियता और स्वीकार्यता मजबूत सामने आती है तो उसकी दावेदारी को स्वाभाविक रूप से बल मिल सकता है। वहीं केवल संगठन के भीतर मजबूत संपर्क के आधार पर टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं के लिए यह प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है। पार्टी के इस कदम से यह संदेश भी जा रहा है कि टिकट वितरण केवल सिफारिश या व्यक्तिगत प्रभाव के आधार पर नहीं, बल्कि चुनावी क्षमता और जनता के बीच स्वीकार्यता को ध्यान में रखकर करने की कोशिश होगी।
सत्ता में भाजपा की मौजूदगी के बीच कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सरकार के खिलाफ संभावित असंतोष को अपने पक्ष में वोट में बदलने की है। इसके लिए पार्टी को मजबूत उम्मीदवारों की जरूरत होगी। केवल सरकार विरोधी माहौल के भरोसे चुनाव जीतना आसान नहीं होगा। हर सीट पर ऐसा चेहरा उतारना होगा जो स्थानीय स्तर पर भाजपा को सीधी चुनौती दे सके। इंटरनल सर्वे इसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है। कांग्रेस की रणनीति में अब संगठन और प्रत्याशी चयन दोनों को समान महत्व देने की कोशिश दिखाई दे रही है। पार्टी नेतृत्व जानता है कि चुनावी मैदान में केवल प्रदेश स्तर के मुद्दे पर्याप्त नहीं होंगे।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय नेतृत्व की ताकत और संगठन की सक्रियता निर्णायक भूमिका निभाएगी। इसीलिए संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का पहले से आकलन कर पार्टी चुनाव के अंतिम चरण में किसी तरह के प्रयोग या जल्दबाजी से बचना चाहती है। कांग्रेस का इंटरनल सर्वे पार्टी के भीतर केवल आंकड़े जुटाने की कवायद नहीं होगा। यह आने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण और चुनावी रणनीति की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण आधार बन सकता है। अब देखना यह होगा कि सर्वे के बाद पार्टी कितने मौजूदा विधायकों पर भरोसा कायम रखती है और कितनी सीटों पर नए चेहरों को मौका देने की रणनीति अपनाती है। फिलहाल कांग्रेस के भीतर टिकट के दावेदार सक्रिय हैं और संगठन चुनावी तैयारी में जुट चुका है। चुनावी रण अभी दूर है, लेकिन कांग्रेस ने संकेत दे दिया है कि इस बार टिकट की दौड़ में सिर्फ दावेदारी नहीं चलेगीकृदावेदार की जमीन भी नापी जाएगी।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें