मंगलवार, 30 जून 2026

कुदरत का अनोखा उपहार है ‘लिंगूड़ा’

स्वाद में लाजवाब और सेहत में है सुपरफूड, अब मैदानों में भी मचा रहा है धूम बिना बोए उगने वाला लिंगूड़ा, सदियों से है पहाड़ों की थाली की असली जान आयुर्वेद और सेहत के लिहाज से बेहद मुफीद, औषधीय तत्वों के कारण बाजार में बढ़ी मांग जंगलों में उगने वाली यह जंगली सब्जी बन रही स्वास्थ्य और रोजगार का आधार देहरादून। पहाड़ केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी समृ( जैव विविधता और पारंपरिक खान-पान के लिए भी जाने जाते हैं। इन्हीं प्राकृतिक उपहारों में एक नाम है लिंगूड़ा जो गर्मियों और बरसात के मौसम में पहाड़ों के जंगलों और नम इलाकों में स्वतः उगने वाली एक विशेष जंगली सब्जी है। वर्षों से यह पहाड़ी लोगों की थाली का हिस्सा रही है और अब इसकी पौष्टिकता तथा औषधीय गुणों के कारण इसकी मांग मैदानी क्षेत्रों में भी बढ़ने लगी है। लिंगूड़ा दरअसल एक प्रकार का जंगली फर्न है, जिसकी कोमल टहनियों और मुड़ी हुई पत्तियों को सब्जी के रूप में खाया जाता है। पहाड़ के गांवों में लोग इसे जंगलों से एकत्र कर घर लाते हैं और पारंपरिक तरीके से इसकी स्वादिष्ट सब्जी बनाते हैं। कई परिवार इसे सुखाकर लंबे समय तक भी सुरक्षित रखते हैं। लिंगूड़ा में भरपूर मात्रा में फाइबर, कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम और कई प्रकार के एंटीआक्सीडेंट पाए जाते हैं। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन तंत्र को मजबूत करने और शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करने में मददगार माना जाता है। पहाड़ के बुजुर्गों का मानना है कि नियमित रूप से लिंगूड़ा का सेवन शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है और कई छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं में भी लाभ पहुंचाता है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में लिंगूड़ा केवल एक सब्जी नहीं, बल्कि पारंपरिक खान-पान और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। गांवों में बरसात के मौसम में लिंगूड़ा की सब्जी विशेष रूप से बनाई जाती है और इसे मंडुवे की रोटी या झंगोरे के साथ बड़े चाव से खाया जाता है। बाजार में इसकी बढ़ती मांग के कारण लिंगूड़ा अब ग्रामीणों के लिए आय का एक अतिरिक्त स्रोत भी बनता जा रहा है। कई ग्रामीण जंगलों से लिंगूड़ा एकत्र कर स्थानीय बाजारों में बेचते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होती है। यदि इसके संरक्षण, प्रसंस्करण और विपणन पर विशेष ध्यान दिया जाए तो यह पहाड़ के लोगों के लिए स्वरोजगार का अच्छा माध्यम बन सकता है। बढ़ती मांग के कारण लिंगूड़ा के अंधाधुंध दोहन से इसकी प्राकृतिक उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इसलिए इसके संरक्षण और वैज्ञानिक तरीके से उपयोग की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस हिमालयी धरोहर का लाभ उठा सकें। आज जब लोग प्राकृतिक और पौष्टिक खाद्य पदार्थों की ओर लौट रहे हैं, तब पहाड़ का लिंगूड़ा एक बार फिर चर्चा में है। यह केवल एक जंगली सब्जी नहीं, बल्कि पहाड़ की समृ( जैव विविधता, पारंपरिक ज्ञान और स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। पहाड़ की मिट्टी में उगने वाला यह हरा खजाना हमें बताता है कि प्रकृति ने हिमालय को स्वाद, स्वास्थ्य और समृ(ि के अनगिनत उपहारों से नवाजा है।

कोई टिप्पणी नहीं: