मंगलवार, 14 जुलाई 2026
देवभूमि में ‘चढ़ावे’ पर छिड़ा ‘महायुद्ध’
बदरीनाथ चढ़ावा चोरी कांड पर भाजपा-कांग्रेस में छिड़ा महासंग्राम
बदरीनाथ दान विवाद को चुनावी हथियार बनाने में जुट गए हैं दल
त्वरित कार्रवाई का दावा बनाम सरकारी तंत्र की नाकामी की जंग
देहरादून। बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित चोरी का मामला अब केवल एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है। यह उत्तराखंड की राजनीति का नया रणक्षेत्र बनता जा रहा है। सत्ता पक्ष भाजपा और विपक्षी कांग्रेस इस मुद्दे को अपने-अपने राजनीतिक नजरिए से जनता के सामने रख रहे हैं। एक ओर भाजपा इसे सरकार की पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे देवभूमि की आस्था के साथ विश्वासघात और सरकारी तंत्र की विफलता के रूप में पेश कर रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 भले अभी दूर हों, लेकिन राजनीतिक दलों ने इस प्रकरण में चुनावी संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि धामी सरकार ने मामले को दबाने के बजाय तत्काल संज्ञान लिया। जांच समिति का गठन किया गया, संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए। पार्टी का तर्क है कि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई ही सुशासन का प्रमाण है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा इस मामले को जवाबदेह शासन की मिसाल के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कहना है कि विपक्ष बिना जांच पूरी हुए राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।
दूसरी ओर कांग्रेस लगातार सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि यदि मंदिरों के चढ़ावे तक सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकार की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठते हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि श्र(ालुओं के विश्वास पर चोट है। कांग्रेस इस मुद्दे को व्यापक प्रशासनिक जवाबदेही से जोड़ते हुए पूछ रही है कि मंदिरों की व्यवस्थाओं की निगरानी कौन कर रहा था, सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई और जिम्मेदारी किसकी तय होगी।
उत्तराखंड की राजनीति में धार्मिक आस्था हमेशा एक महत्वपूर्ण तत्व रही है। चारधाम यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ी है। ऐसे में बदरीनाथ धाम से जुड़ा कोई भी विवाद स्वाभाविक रूप से राजनीतिक महत्व हासिल कर लेता है। वही भाजपा इस मुद्दे को दोषियों पर कार्रवाई बनाम विपक्ष की राजनीति के रूप में पेश करेगी, जबकि कांग्रेस आस्था की सुरक्षा में सरकार की विफलता को जनता के बीच ले जाने का प्रयास करेगी।
पिछले कुछ समय से कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को उठाती रही है। अब बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण उसके लिए एक ऐसा भावनात्मक मुद्दा बन सकता है, जो सीधे श्र(ालुओं की भावनाओं से जुड़ता है। यही कारण है कि कांग्रेस इस मामले को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाने की रणनीति बना सकती है। भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वह जनता को विश्वास दिलाए कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों पर अंतिम कार्रवाई भी होगी। यदि जांच लंबी खिंचती है या जिम्मेदारी तय करने में देरी होती है, तो विपक्ष को सरकार पर हमले का और अवसर मिल सकता है।
राजनीतिक बयानबाजी अपनी जगह है, लेकिन आम जनता के मन में कुछ बुनियादी सवाल अब भी कायम हैंकृ कि चढ़ावे की सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई? जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी? जांच रिपोर्ट कब सार्वजनिक होगी? भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या स्थायी व्यवस्था बनेगी? इन सवालों के जवाब ही तय करेंगे कि यह मामला केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रहेगा या फिर उत्तराखंड की राजनीति में एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन जाएगा।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें