शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

चुनावी टाइमलाइन पर ‘सस्पेंस’

उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर हुआ तेज पिक्चर अभी बाकी है, पर पार्टियां मेन कैरेक्टर बनने की रेस में तारीखें जब आएंगी तब आएंगी, माहौल तो अभी से है पीक पर बिना घोषणा के ही हर पार्टी अपनी अलग ही स्क्रिप्ट लिख रही देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चुनावी टाइमलाइन को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। चुनाव आयोग की संभावित तैयारियों, राजनीतिक दलों की बढ़ती सक्रियता और संगठनात्मक बैठकों ने प्रदेश में चुनावी माहौल को अचानक गरमा दिया है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक, हर दल अपने-अपने स्तर पर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गया है। चुनाव की तारीखों को लेकर भले ही आधिकारिक स्थिति स्पष्ट न हो, लेकिन जिस तरह प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ी हैं, उससे यह साफ है कि सभी दल चुनावी मोड में आ चुके हैं। सत्तारूढ़ भाजपा लगातार बूथ स्तर तक बैठकों का दौर चला रही है। पार्टी संगठन अपने जनप्रतिनिधियों के रिपोर्ट कार्ड, कमजोर सीटों के फीडबैक और संभावित चुनावी रणनीति पर काम कर रहा है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए विशेष अभियान भी तैयार किए जा रहे हैं। भाजपा का फोकस लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य पर है। यही कारण है कि पार्टी चुनावी घोषणा से पहले ही संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने में जुटी हुई है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी पीछे नहीं है। पार्टी प्रदेशभर में बैठकों, जनसभाओं और संगठन विस्तार कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस का मानना है कि जनता के बीच सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है और वह इस माहौल को अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस के भीतर टिकट दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ गई है। कई नेता अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज कर चुके हैं, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी चुनावी बिगुल बजने से पहले ही अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहती है। चुनावी टाइमलाइन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सबसे ज्यादा बेचौनी टिकट के दावेदारों में दिखाई दे रही है। संभावित उम्मीदवार अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। उद्घाटन, जनसंपर्क, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और जनता के बीच उपस्थिति अचानक बढ़ गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, दावेदारों की सक्रियता और गुटबाजी भी बढ़ेगी। दोनों प्रमुख दलों के सामने टिकट वितरण सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभर सकता है। भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई के बीच क्षेत्रीय दल और अन्य राजनीतिक संगठन भी अपने लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुटे हैं। मूल निवास, भू-कानून, पलायन और पहाड़ की अस्मिता जैसे मुद्दों को लेकर छोटे दल जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि चुनावी टाइमलाइन को लेकर भले ही अभी केवल अटकलें हों, लेकिन प्रदेश की सियासत में चुनावी सुगबुगाहट साफ दिखाई देने लगी है। नेताओं की सक्रियता, राजनीतिक बयानबाजी और संगठनात्मक गतिविधियों ने यह संकेत दे दिया है कि उत्तराखंड अब चुनावी दौर में प्रवेश कर चुका है। प्रदेश की जनता के बीच भी अब चर्चा का विषय यही है कि चुनावी शंखनाद कब होगा और राजनीतिक दल अपने पत्ते कब खोलेंगे। हालांकि अंतिम निर्णय चुनाव आयोग के हाथ में है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं ने चुनावी माहौल को पूरी तरह जीवंत कर दिया है। फिलहाल तारीखों पर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन इतना तय है कि उत्तराखंड की राजनीति अब चुनावी मोड़ पर पहुंच चुकी है और आने वाले दिनों में सियासी गतिविधियां और तेज होने वाली हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: