सोमवार, 13 जुलाई 2026
चुनावी फतह के लिए ‘माइक्रो-मैनेजमेंट’
उत्तराखंड में भाजपा का पन्ना प्रमुख और बूथ समितियों पर बढ़ा भरोसा
चुनावी मुकाबलों को जीतने के लिए भाजपा ने तैयार किया नया फार्मूला
जीत का अंतर पाटने के लिए जमीनी नेटवर्क मजबूती में जुटी भाजपा
देहरादून। उत्तराखंड की चुनावी राजनीति का इतिहास बताता है कि अनेक विधानसभा सीटों पर जीत-हार का अंतर कुछ सौ से लेकर कुछ हजार वोटों के भीतर रहा है। ऐसे में प्रत्येक बूथ का प्रदर्शन निर्णायक बन जाता है। भाजपा का मानना है कि यदि प्रत्येक बूथ पर संगठन सक्रिय रहेगा, मतदाताओं से नियमित संवाद होगा और मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सकेगा तो चुनावी परिणामों पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। इसी सोच के तहत बूथ समितियों की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका और स्थानीय कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को मजबूत करने की कवायद तेज हुई है।
इस बार भाजपा की रणनीति का एक अहम हिस्सा मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण भी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों की मतदाता सूची का अध्ययन करें और यह सुनिश्चित करें कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हों तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते संबंधित निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से उसका समाधान कराया जाए। सटीक मतदाता सूची चुनावी प्रबंधन का महत्वपूर्ण आधार होती है। नए मतदाताओं तक पहुंच, स्थानांतरण के कारण हुए बदलाव और स्थानीय स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान भी इसी रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।
भाजपा संगठन उन परिवारों तक भी पहुंच बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है, जिन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। युवाओं से संवाद, डिजिटल माध्यमों का उपयोग, कालेज स्तर पर संपर्क और सोशल मीडिया के जरिए पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी जोर है। पार्टी का आकलन है कि पहली बार मतदान करने वाले मतदाता कई सीटों पर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। भाजपा की कोशिश है कि सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों के बीच बेहतर तालमेल दिखाई दे। विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, पर्यटन, सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका बढ़ाई जा रही है।
राजनीतिकदृदृष्टि से इसका उद्देश्य केवल उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि मतदाताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखना भी है। पार्टी के लिए केवल प्रचार पर्याप्त नहीं माना जा रहा। संगठन स्थानीय स्तर पर जनता की अपेक्षाओं, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और क्षेत्रीय मुद्दों का फीडबैक भी जुटा रहा है। इसका उद्देश्य यह समझना है कि किन क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है तथा किन मुद्दों पर जनता अधिक संवेदनशील है। यह फीडबैक भविष्य की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक निर्णयों में उपयोगी माना जा रहा है।
हालांकि भाजपा की चुनावी तैयारी व्यवस्थित दिखाई देती है, लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं हैं। लगातार दो कार्यकाल के बाद सत्ता विरोधी माहौल की संभावनाएं, स्थानीय मुद्दे, टिकट की दावेदारी, क्षेत्रीय असंतोष और विपक्ष के राजनीतिक अभियान चुनावी मुकाबले को कठिन बना सकते हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि मजबूत संगठन चुनावी बढ़त दिला सकता है, लेकिन अंततः मतदाताओं का निर्णय स्थानीय परिस्थितियों, उम्मीदवारों की स्वीकार्यता और चुनाव के समय के मुद्दों पर भी निर्भर करेगा। जहां भाजपा बूथ और संगठन को मजबूत करने में जुटी है, वहीं विपक्ष भी महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, भू-कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों पर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में आगामी महीनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
आने वाले महीनों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की गति बढ़ने के संकेत हैं। राजनीतिक रूप से यह स्पष्ट है कि भाजपा ने 2027 के चुनाव को केवल अंतिम समय का अभियान न मानकर लंबी तैयारी का चुनाव माना है। उत्तराखंड भाजपा का बूथ से लेकर वोटर लिस्ट तक का फोकस यह दर्शाता है कि पार्टी चुनावी प्रबंधन को सूक्ष्म स्तर पर मजबूत करना चाहती है। संगठन की सक्रियता, मतदाताओं तक निरंतर पहुंच और स्थानीय स्तर पर संवाद की यह रणनीति चुनावी मुकाबले में उसे बढ़त दिलाने का प्रयास है। हालांकि इसकी वास्तविक सफलता का आकलन चुनावी मैदान में ही होगा, जहां संगठन, सरकार का प्रदर्शन, उम्मीदवारों की स्वीकार्यता और जनता की प्राथमिकताएं मिलकर अंतिम परिणाम तय करेंगी।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें