मंगलवार, 14 जुलाई 2026
देवभूमि में आस्था पर राजनीतिक ‘महाभारत’
बदरीनाथ दान विवाद में आमने-सामने आए कांग्रेस और भाजपा
मर्यादा की मांग से शुरू हुआ विवाद अब व्यक्तिगत कटाक्ष पर अड़ा
बदरीनाथ धाम के चढ़ावे पर क्यों भिड़े उत्तराखंड के दो दिग्गज दल
देहरादून। बदरीनाथ धाम के चढ़ावे से जुड़े विवाद ने अब उत्तराखंड की राजनीति में नया मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने कांग्रेस पर धार्मिक आस्था को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस लगातार पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह दौर अब व्यक्तिगत कटाक्ष तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वाले कर्मकांडी ब्राह्मणों के प्रति अनास्था का माहौल बनाना सनातन परंपरा और धार्मिक व्यवस्था में अविश्वास पैदा करने जैसा है। उनका कहना था कि कुछ व्यक्तियों की कथित गलती के आधार पर पूरी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
चमोली ने कांग्रेस पर सीधा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि यदि गणेश गोदियाल स्वयं किसी आरोपी को संरक्षण देने के दोषी नहीं माने जा सकते, तो फिर बिना जांच पूरी हुए सरकार, मुख्यमंत्री और पूरी मंदिर समिति को दोषी कैसे ठहराया जा सकता है। भाजपा का कहना है कि किसी भी मामले में जिम्मेदारी तथ्यों और जांच के आधार पर तय होनी चाहिए न कि राजनीतिक आरोपों से। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस इस पूरे प्रकरण को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भावनात्मक मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। पार्टी का दावा है कि सरकार ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है, इसलिए निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि बदरीनाथ धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि करोड़ों श्र(ालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यदि चढ़ावे से जुड़ा कोई विवाद सामने आता है, तो सरकार से जवाब मांगना विपक्ष का संवैधानिक दायित्व है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार को केवल जांच की घोषणा नहीं, बल्कि पूरी पारदर्शिता के साथ तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए।
बता दें कि बदरीनाथ चढ़ावा विवाद अब केवल एक प्रशासनिक या कानूनी मामला नहीं रह गया है। यह भाजपा और कांग्रेस के बीच आस्था, जवाबदेही और राजनीतिक विश्वसनीयता की लड़ाई का नया प्रतीक बनता जा रहा है। भाजपा इस मुद्दे को आस्था पर राजनीति के रूप में पेश कर रही है, जबकि कांग्रेस इसे आस्था की सुरक्षा और जवाबदेही का प्रश्न बता रही है। उत्तराखंड में जहां धार्मिक आस्था चुनावी विमर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है, वहीं बदरीनाथ जैसे प्रतिष्ठित धाम से जुड़ा विवाद राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में दोनों दल इस मुद्दे को अपने-अपने पक्ष में जनमत बनाने के अवसर के रूप में देख रहे हैं।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि जांच किस निष्कर्ष पर पहुंचती है। क्योंकि अंततः राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि जांच के परिणाम ही तय करेंगे कि जनता किसके तर्क पर अधिक भरोसा करती है।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें