बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

भाजपा का सेवा ज्योति से चुनावी शंखनाद

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को केंद्र में रखकर अभियान सीएम धामी-भट्ट-राम माधव संभालेंगे कमान, जिलों में सांसद और मंत्री उतरे भाजपा ने एक साथ मैदान में उतारी सुपर-टीम, विरोधियों में मच गई खलबली देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा पूरे प्रदेश में विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा के जरिये एक साथ संगठन और जनसंपर्क की ताकत दिखाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को पार्टी ने सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा है। हालांकि राजनीतिक तौर पर इसका सबसे अहम पहलू यह है कि प्रदेशभर में एक ही दिन पार्टी के बड़े चेहरे मैदान में उतरकर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच पहुंच बनाएंगे। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट करेंगे। सभी जिलों में प्रदेश सह प्रभारी, सांसद, कैबिनेट मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी सेवा ज्योति सभाओं की कमान संभालेंगे। इन सभाओं में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वर्चुअल संबोधन होगा। भाजपा की इस कवायद को केवल सेवा कार्यक्रम के तौर पर देखना पार्टी की राजनीतिक तैयारी के एक महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज करना होगा। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो चुकी हैं और ऐसे समय में पार्टी का जिला स्तर तक अपने वरिष्ठ नेताओं को उतारना संगठन की सक्रियता और बूथ स्तर तक संदेश पहुंचाने की रणनीति से भी जुड़ा है। पार्टी ने इस अभियान को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ा है। देश के विभिन्न हिस्सों में इसी अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सभाएं और सेवा ज्योति यात्राएं आयोजित हो रही हैं। उत्तराखंड में भी इसका मकसद एक साथ दो स्तरों पर काम करता दिखाई देता हैकृप्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का संदेश नीचे तक पहुंचाना तथा संगठन के प्रमुख चेहरों को जिलों में सक्रिय करना। देहरादून में प्रदेश प्रभारी राम माधव के साथ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, ऊधमसिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा तथा हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पौड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी रहेगी। अन्य जिलों में भी सांसदों, मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा पहले ही सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय कर चुकी है। सेवा ज्योति यात्रा उसी व्यापक अभियान की कड़ी है। पार्टी ने इसके लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को संयोजक और विपिन मैंदोली को सह संयोजक बनाया था। ऐसे में बुधवार का कार्यक्रम भाजपा के लिए केवल एक दिन की गतिविधि नहीं है। यह उस अभियान का हिस्सा है जिसमें पार्टी प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, केंद्र सरकार की योजनाओं और विकसित भारत के संदेश को कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक ले जाने की कोशिश कर रही है। सवाल यह है कि सेवा ज्योति की यह यात्रा आगे चलकर चुनावी राजनीति में किस तरह का संदेश बनाती है। फिलहाल भाजपा ने एक ही दिन में प्रदेश के हर जिले में अपने बड़े चेहरों को उतारकर यह जरूर दिखाया है कि संगठन चुनावी वर्ष में मैदान को खाली छोड़ने के मूड में नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं: