रविवार, 15 नवंबर 2026

गुजरात में खुलेगा ‘वीआईपी’ राज

अंकिता हत्याकांड सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर का होगा नार्काे व पालीग्राफ टेस्ट गांधीनगर की फारेंसिक लैब में होगी जांच, तारीख अभी तय नहीं सियासी व कानूनी उठापटक के बीच अब जांच नए मोड़ पर पहुंची देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को लेकर लंबे समय से चल रही सियासी और कानूनी उठापटक के बीच अब जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। मामले में चर्चाओं के केंद्र में रहे भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्काे एनालिसिस और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। देहरादून स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में शुक्रवार को हुई सुनवाई के बाद यह निर्णय सामने आया है। हालांकि, दोनों परीक्षणों की तारीख अभी निर्धारित नहीं की गई है। इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब तक सोशल मीडिया, राजनीतिक बयानों और कथित ऑडियो-वीडियो के जरिए सामने आ रहे दावों की जांच वैज्ञानिक परीक्षणों के जरिए आगे बढ़ेगी। ऐसे में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के अगले चरण में क्या नए तथ्य सामने आते हैं और कथित वीआईपी प्रकरण की गुत्थी सुलझाने में कितनी मदद मिलती है। शुक्रवार को उर्मिला सनावर देहरादून स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुईं। सुनवाई के दौरान उन्होंने नार्काे और पालीग्राफ टेस्ट कराने के लिए लिखित सहमति दी। उनकी अधिवक्ता शिवानी तोमर के अनुसार, अदालत में उर्मिला के बयान भी दर्ज किए गए हैं। दोनों परीक्षण गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक लैब में कराने का निर्णय हुआ है। परीक्षण से पहले उर्मिला की चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की तारीख तय होगी। संभावना है कि नवंबर के तीसरे सप्ताह में मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर दिसंबर 2025 में उस समय नया विवाद खड़ा हुआ था, जब उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कुछ कथित आडियो और वीडियो रिकार्डिंग जारी की थीं। इनमें पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ बातचीत होने का दावा किया गया था। उर्मिला ने इन रिकार्डिंग के आधार पर एक प्रभावशाली व्यक्ति का नाम कथित वीआईपी के रूप में सामने रखा था। इस दावे ने उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मचा दी थी। इसके बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। आरोपों को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम का नाम भी चर्चा में आया। गौतम ने इन आरोपों को निराधार और मानहानिकारक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की है। हालांकि, कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठे सवाल अब तक सार्वजनिक बहस का हिस्सा बने हुए हैं। इसी क्रम में सीबीआई ने अक्टूबर में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर को नोटिस जारी कर नार्काे और पालीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति मांगी थी। 23 अक्टूबर को दोनों ने देहरादून की सीबीआई अदालत में पेश होकर परीक्षण के लिए सहमति जताई थी। हालांकि, 26 अक्टूबर को प्रस्तावित अगली पेशी से पहले ही उर्मिला को हरिद्वार पुलिस ने एक अलग मामले में गिरफ्तार कर लिया था। उन पर सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर सोशल मीडिया में कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई। अदालत में पेशी के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि जब वह जेल में थीं, तब उन्हें नार्काे टेस्ट से पीछे हटने के लिए 25 लाख रुपये और स्कार्पियो गाड़ी का प्रस्ताव दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह अंकिता को न्याय दिलाने के लिए किसी भी तरह के परीक्षण से पीछे नहीं हटेंगी। उर्मिला ने यह भी मांग की कि मुख्य आरोपी पुलकित आर्य का भी नार्काे टेस्ट कराया जाना चाहिए, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल हो सके। हालांकि, उनके इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अंकिता भंडारी की हत्या 18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के वनंत्रा रिजार्ट में हुई थी। 19 वर्षीय अंकिता वहां रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों पर हत्या का आरोप साबित हुआ और तीनों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके बावजूद मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठे सवाल राजनीतिक और सामाजिक बहस में बने रहे हैं। अब सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के नार्काे तथा पालीग्राफ टेस्ट को इसी कड़ी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट रहना जरूरी है कि नार्काे या पालीग्राफ परीक्षण अपने आप में किसी आरोप की सत्यता या किसी व्यक्ति के दोषी होने का अंतिम प्रमाण नहीं होते। जांच में सामने आने वाले तथ्यों का अन्य साक्ष्यों के साथ परीक्षण जरूरी होगा। अंकिता के माता-पिता और न्याय की मांग कर रहे लोगों के लिए यह मामला केवल दो व्यक्तियों के परीक्षण तक सीमित नहीं है। असली सवाल यह है कि क्या इस प्रक्रिया से कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठे सवालों का कोई ठोस जवाब मिल सकेगा? क्या उन तमाम दावों और प्रतिदावों के पीछे छिपे तथ्यों तक जांच पहुंच पाएगी? गांधीनगर में होने वाले परीक्षणों से उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन उत्तराखंड की जनता को केवल चर्चित नामों के परीक्षण की खबर नहीं, बल्कि उन सवालों के जवाब चाहिए जो अंकिता की हत्या के बाद से अब तक अनुत्तरित हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: