सोमवार, 29 जून 2026
‘सिफारिश’ नहीं प्राथमिकता है ‘जनाधार’
विवि चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा बयान
कांग्रेस पार्टी किसे देगी विधानसभा चुनाव का टिकट
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ की तस्वीर
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पाटी टिकट वितरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। गोदियाल ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस में टिकट किसी व्यक्ति विशेष की पसंद या सिफारिश के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनाधार और जीतने की क्षमता के आधार पर दिया जाएगा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो नेता और कार्यकर्ता पिछले कई से जनता के बीच रहकर संघर्ष कर रहे हैं, पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचा रहे हैं और जनता की समस्याओं को उठा रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। गोदियाल का यह बयान उन नेताओं के लिए भी एक संकेत माना जा रहा है जो चुनाव से ठीक पहले टिकट की दौड़ में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस नेतृत्व इस बार टिकट वितरण में कई स्तरों पर सर्वे कराने की तैयारी में है। पार्टी उन चेहरों पर दांव लगाने की रणनीति बना रही है, जिनकी अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ है और जो भाजपा को कड़ी चुनौती देने की क्षमता रखते हैं। गोदियाल ने कहा कि जनता की राय और संगठन की रिपोर्ट को भी टिकट वितरण में महत्व दिया जाएगा। उत्तराखंड कांग्रेस में कई सीटों पर टिकट के दावेदारों की लंबी सूची है। ऐसे में गोदियाल के बयान के बाद यह संदेश साफ हो गया है कि केवल वरिष्ठता या राजनीतिक रसूख के आधार पर टिकट मिलना आसान नहीं होगा। पार्टी ऐसे प्रत्याशियों को आगे लाना चाहती है जो संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी जीत भी सुनिश्चित कर सकें।
गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। गणेश गोदियाल के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती। पार्टी का फोकस ऐसे उम्मीदवारों पर रहेगा जो जनता के बीच सक्रिय हों, संगठन के प्रति समर्पित हों और जीतने की क्षमता रखते हों। ऐसे में कांग्रेस के भीतर टिकट की दौड़ अब और दिलचस्प होने वाली है, जबकि दावेदारों की नजर पार्टी हाईकमान के अगले कदम पर टिकी हुई है।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें