शुक्रवार, 26 जून 2026

राजनीति से ऊपर प्रदेश का अमन-चौन

निहंग विवाद पर सियासी घमासान के बीच भाजपा ने दिया कड़ा संदेश निहंग विवाद पर भाजपा ने दिया सख्त संदेश चुनाव और राजनीति से ऊपर सूबे का भाईचारा माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग देहरादून। उत्तराखंड में निहंग विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच भाजपा ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया है कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। पार्टी ने कहा कि भाजपा के लिए चुनावी राजनीति से कहीं अधिक महत्वपूर्ण प्रदेश का आपसी भाईचारा, अमन-चौन और सामाजिक सद्भाव है। भाजपा नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड की पहचान सदियों से धार्मिक सहिष्णुता, सांस्कृतिक विविधता और शांतिपूर्ण सहअस्तित्व की रही है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति या संगठन यदि प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा ने कहा कि कुछ लोग संवेदनशील घटनाओं को राजनीतिक रंग देकर समाज में भ्रम और तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी का मानना है कि ऐसे मामलों में सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए। पार्टी ने दोहराया कि भाजपा की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और प्रदेश में शांति का वातावरण कायम रखना है। किसी भी समुदाय विशेष के खिलाफ माहौल बनाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा, पर्यटन और धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में उत्तराखंड की पहचान पूरे देश और दुनिया में है। यदि प्रदेश में तनाव या अस्थिरता का माहौल बनता है तो इसका असर केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यटन, निवेश और राज्य की छवि पर भी पड़ेगा। इसी कारण सरकार और संगठन दोनों की जिम्मेदारी है कि किसी भी संवेदनशील घटना को समय रहते नियंत्रित किया जाए और शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए। भाजपा ने विपक्ष पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल हर संवेदनशील मुद्दे में राजनीतिक लाभ तलाशने की कोशिश करते हैं। ऐसे समय में जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका समाज को जोड़ने की होनी चाहिए, न कि लोगों को बांटने की। पार्टी का कहना है कि उत्तराखंड की जनता समझदार है और वह सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है। यदि किसी ने कानून हाथ में लिया है या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया है तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी ने प्रशासन द्वारा संयम और सतर्कता के साथ स्थिति संभालने की भी सराहना की।

कोई टिप्पणी नहीं: