शुक्रवार, 6 नवंबर 2026
23 साल पुराना जैनी प्रकरण फिर सुर्खियों में
हरक ने महेंद्र भट्ट को दी डीएनए जांच की चुनौती, अब सामने आई जैनी
भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोपों की सियासी जंग में पुराने मामले की एंट्री
हरक ने कहा- गंदी राजनीति बंद करो, सबूतों संग बताऊंगी 2003 का सच
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में पुराने मामलों के राजनीतिक पुनर्जीवन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच छिड़ी जंग अब करीब 23 साल पुराने जैनी प्रकरण तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस मामले का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी सवाल उठाए। जवाब में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता डा. हरक सिंह रावत ने भट्ट पर पलटवार करते हुए उन्हें ही डीएनए जांच कराने की चुनौती दे दी। इस सियासी घमासान के बीच अब खुद को जैनी बताने वाली महिला का वीडियो सामने आया है। उसने नेताओं पर अपने नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने और अपने चरित्र पर लांछन लगाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह वर्ष 2003 की घटना का सच सबूतों के साथ सामने रखेगी।
जैनी प्रकरण को लेकर प्रदेश की राजनीति में अचानक आई तेजी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस बार मामला केवल भाजपा और कांग्रेस के आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गया है। करीब ढाई दशक बाद खुद को इस प्रकरण का केंद्र बताने वाली महिला के सामने आने और खुलासे का दावा करने से राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने जैनी प्रकरण को लेकर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि यह मामला कांग्रेस शासनकाल का है। उस समय जैनी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि बच्चे के पिता की पहचान का तथ्य अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं हुआ? भट्ट ने यह भी कहा कि उस समय जैनी ने तत्कालीन मंत्री हरक सिंह रावत का नाम लिया था और इस प्रकरण से जुड़े तथ्यों को सामने आना चाहिए। भट्ट के इस बयान ने पुराने मामले को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया। हालांकि, हरक सिंह रावत इस मामले में पहले ही सीबीआई जांच और डीएनए परीक्षण का हवाला देते हुए खुद को निर्दाेष बता चुके हैं।
महेंद्र भट्ट के सवालों पर हरक सिंह रावत ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जैनी प्रकरण में उनकी डीएनए जांच हो चुकी है और जांच में वह निर्दाेष साबित हुए हैं। जब जांच एजेंसी ने उन्हें क्लीन चिट दे दी तो बार-बार उसी मामले को उछालने का औचित्य क्या है? हरक ने महेंद्र भट्ट पर पलटवार करते हुए उनके डीएनए परीक्षण की मांग तक कर डाली। इससे मामला और तूल पकड़ गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी भट्ट के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हरक सिंह रावत को उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की सलाह दी। इस पूरे विवाद में सबसे महत्वपूर्ण मोड़ चार नवंबर को सामने आए उस वीडियो से आया, जिसमें खुद को जैनी बताने वाली महिला ने अपनी चुप्पी तोड़ने का ऐलान किया। महिला ने कहा कि नेताओं ने उसके नाम को राजनीतिक हथियार बना दिया है, जबकि इतने वर्षों में किसी ने यह जानने की कोशिश नहीं की कि उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था।
उसने कहा कि वर्ष 2003 की घटना का सच वह खुद बताएगी और इसके लिए उसके पास सबूत भी हैं। महिला ने एक दिन का समय मांगते हुए कहा कि वह प्रमाणों के साथ सामने आएगी। उसने यह भी कहा कि घटना के समय उसकी उम्र करीब 16-17 वर्ष थी और उसे डराया-धमकाया गया था। महिला ने डीएनए जांच कराने की बात भी कही है। हालांकि, उसके दावों, पहचान और बताए गए तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि वह अपने दावे के समर्थन में कौन से दस्तावेज और प्रमाण सार्वजनिक करती है। वर्ष 2003 में उत्तराखंड की राजनीति में उस समय भूचाल आ गया था, जब असम मूल की जैनी ने देहरादून में एक बच्चे को जन्म दिया और तत्कालीन राजस्व मंत्री हरक सिंह रावत पर बच्चे का पिता होने का आरोप लगाया। उस समय प्रदेश में नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार थी।
मामले ने इतना राजनीतिक तूल पकड़ा कि 18 जून 2003 को विधानसभा में भी इसे लेकर हंगामा हुआ। हरक सिंह रावत ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। बाद में केंद्र सरकार की संस्तुति पर सीबीआई ने जांच शुरू की। जांच के दौरान कराए गए डीएनए परीक्षण में बच्चे का नमूना हरक सिंह रावत के डीएनए से मेल नहीं खाया। इसके बाद उन्हें इस मामले में क्लीन चिट मिली। वर्ष 2016 में भी यह मामला फिर चर्चा में आया था। उस समय जैनी की ओर से तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत और उनके सहयोगियों पर आरोप लगाए जाने की खबरें सामने आई थीं। इस तरह यह प्रकरण अलग-अलग राजनीतिक दौर में बार-बार सुर्खियों में लौटता रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम का राजनीतिक संदर्भ भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा को घेर रही है। कांग्रेस वीआईपी की भूमिका और जांच को लेकर सवाल उठा रही है। जवाब में मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस शासनकाल के पुराने विवादों का उल्लेख कर पलटवार किया। इसी क्रम में जैनी प्रकरण फिर चर्चा में आया। भाजपा का तर्क है कि कांग्रेस को अपने शासनकाल के विवादित मामलों पर भी जवाब देना चाहिए, जबकि कांग्रेस इसे मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रही है। जैनी के वीडियो ने इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है। हरक सिंह रावत जहां पहले की जांच का हवाला देकर खुद को निर्दाेष बता रहे हैं, वहीं महेंद्र भट्ट के सवालों ने भाजपा-कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ा दिया है। अब खुद को जैनी बताने वाली महिला के दावों ने इस प्रकरण को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला जिन सबूतों के साथ सामने आने की बात कह रही है, उनमें ऐसा क्या है जो 23 साल पुराने घटनाक्रम पर नई रोशनी डाल सकता है? क्या उसके दावे पुराने मामले को नया कानूनी मोड़ देंगे या यह विवाद भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सिमटकर रह जाएगा?फिलहाल उत्तराखंड की राजनीति में जैनी प्रकरण फिर गर्म है। लेकिन इस पूरे मामले में राजनीतिक बयानबाजी से अधिक जरूरी है कि महिला के दावों को गंभीरता से सुना जाए, तथ्यों की निष्पक्ष जांच हो और किसी भी व्यक्ति के बारे में फैसला आरोपों के बजाय प्रमाणों के आधार पर हो।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें