सोमवार, 9 नवंबर 2026
गंगा के घाटों पर लौटी ‘रौनक’
वार्षिक बंदी के बाद गंगनहर में छोड़ा गया गंगाजल
18 दिन बाद भीमगोड़ा बैराज से शुरू हुआ जलप्रवाह
आगामी कुंभ की तैयारियों को मिला बंदी का लाभ
देहरादून। करीब 18 दिनों की वार्षिक बंदी के बाद हरिद्वार से गंगनहर में एक बार फिर गंगाजल का प्रवाह शुरू हो गया है। रविवार रात उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने भीमगोड़ा बैराज से गंगनहर में पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की। पानी का प्रवाह बढ़ने के साथ ही हरकी पैड़ी सहित गंगनहर से जुड़े घाटों पर फिर से रौनक लौटने लगी है। गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी अब घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्ध होने लगा है। गंगाजल की वापसी से स्थानीय कारोबारियों और तीर्थ पुरोहितों ने भी राहत की सांस ली है। वहीं, गंगनहर की वार्षिक बंदी का लाभ कुंभ मेले की तैयारियों को भी मिला। इस दौरान हरिद्वार में 10 नए घाटों के निर्माण और 56 पुराने घाटों की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया। हालांकि कुंभ मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया था, लेकिन विभाग ने निर्धारित समय पर ही नहर में पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
गंगनहर की वार्षिक बंदी दशहरे की रात से शुरू हुई थी। करीब 18 दिनों तक पानी का प्रवाह रोके जाने के दौरान हरिद्वार से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक नहर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में मरम्मत और सफाई के कार्य कराए गए। इस दौरान नहर में जमा सिल्ट हटाने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई। इसके अलावा पुलों, रेगुलेटर, नहर पटरी और सिंचाई व्यवस्था से संबंधित आवश्यक कार्य भी पूरे किए गए। हर साल गंगनहर की वार्षिक बंदी का मुख्य उद्देश्य नहर की सफाई, सिल्ट हटाना और जरूरी मरम्मत करना होता है। सामान्य दिनों में पानी का प्रवाह रहने के कारण नहर के कई हिस्सों में मरम्मत और निर्माण कार्य करना मुश्किल होता है। ऐसे में क्लोजर अवधि का उपयोग इन कार्यों को पूरा करने के लिए किया जाता है।
इस बार गंगनहर की बंदी के दौरान हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ी। पानी का प्रवाह बंद होने के बाद नए घाटों और पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी आई। गंगा के भीतर और किनारे ऐसे स्थानों पर भी मशीनों और श्रमिकों को काम करने का अवसर मिला, जहां सामान्य दिनों में पानी के बहाव के कारण निर्माण कार्य करना कठिन होता है। कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार में करीब सवा तीन किलोमीटर क्षेत्र में 10 नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इन घाटों का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को भी आगामी 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए घाटों के निर्माण के साथ अपर गंगा कैनाल पर पूर्व में निर्मित 34 घाटों और एस्केप चौनल पर स्थित 22 पुराने घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों की मरम्मत भी क्लोजर अवधि में पूरी कर ली गई है। इस तरह कुल 56 पुराने घाटों की मरम्मत का काम पूरा किया गया है। इन कार्यों को सामान्य जलप्रवाह शुरू होने से पहले पूरा करना जरूरी था।
अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग के अनुसार, क्लोजर अवधि का उपयोग नए घाटों के निर्माण और पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत के लिए किया गया। अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कर लिए जाएंगे। गंगनहर बंद होने के दौरान हरकी पैड़ी सहित कई घाटों पर गंगाजल का प्रवाह काफी सीमित हो गया था। बंदी के शुरुआती दिनों में हरकी पैड़ी समेत कई घाटों पर आचमन के लिए भी पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं था। बाद में बंध लगाकर हरकी पैड़ी पर गंगाजल की व्यवस्था की गई। अब भीमगोड़ा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद घाटों पर जलस्तर बढ़ने लगा है। हरिद्वार में भीमगोड़ा बैराज से ही गंगनहर की शुरुआत होती है। यहां से निकलने वाला पानी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से तक पहुंचता है। गंगनहर मुख्य रूप से सिंचाई के लिए उपयोग की जाती है। इसकी विभिन्न शाखाओं और रजवाहों के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है। इसके अलावा गंगाजल से दिल्ली-एनसीआर सहित कई शहरों की पेयजल व्यवस्था भी जुड़ी हुई है।
गंगनहर की जलवहन क्षमता करीब 13 हजार क्यूसेक है। हालांकि मौसम और जरूरत के अनुसार इसमें पानी की मात्रा घटती-बढ़ती रहती है। हरिद्वार से छोड़ा गया पानी नहर की विभिन्न शाखाओं के माध्यम से सिंचाई और पेयजल के लिए निर्धारित क्षेत्रों तक पहुंचता है। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर क्लोजर अवधि का उपयोग घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों और नदी तल में जलस्तर से नीचे होने वाले निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने में किया गया। इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए दिन-रात काम कराया गया। निर्माण कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी भी की गई। इसी का परिणाम रहा कि गंगनहर क्लोजर की अवधि समाप्त होने से पहले ही अधिकांश आवश्यक और महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए गए।
भारत भूषण, एसडीओ, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अनुसार, वार्षिक बंदी के दौरान नहर की आवश्यक सफाई और मरम्मत के कार्य कराए गए। कार्य पूरे होने के बाद भीमगोड़ा बैराज से पानी छोड़ दिया गया है। धीरे-धीरे पानी गंगनहर के आगे के हिस्सों तक पहुंचेगा और नहर की सामान्य व्यवस्था बहाल हो जाएगी। गंगनहर में पानी की वापसी के साथ हरिद्वार के घाटों पर फिर से गंगा की कलकल धारा दिखाई देने लगी है। स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों के सामान्य होने से तीर्थ पुरोहितों, फूल-प्रसाद विक्रेताओं और स्थानीय कारोबारियों को भी राहत मिली है। वहीं कुंभ मेले को देखते हुए बंदी के दौरान पूरे किए गए निर्माण कार्य अब सामान्य जलप्रवाह के बीच आगे बढ़ेंगे।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें