रविवार, 8 नवंबर 2026

कांग्रेस ने भाजपा के दावों की खोली पोल

65 पार के नारे पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- भीड़ जुटाने से नहीं मिलता जनसमर्थन चुनावी हुंकार के बीच अंकिता, बेरोजगारीएभ्रष्टाचार के सवालों से बच रही भाजपा कांग्रेस ने इस पूरे आयोजन को फ्लाप करार देकर भाजपा के दावों पर सवाल खड़े किए देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है। भाजपा जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे को चुनावी अभियान के शंखनाद और संगठन की ताकत के प्रदर्शन के रूप में पेश कर रही है, वहीं कांग्रेस ने इस पूरे आयोजन को फ्लाप करार देकर भाजपा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस का कहना है कि मंच से 65 पार का नारा देने और बड़े-बड़े दावे करने से जनता का समर्थन हासिल नहीं होता। प्रदेश की जनता अब सरकार के कामकाज का हिसाब मांग रही है। अमित शाह ने छह नवंबर को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दिया था। उन्होंने धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमले किए। भाजपा ने इस आयोजन को चुनावी तैयारी के लिहाज से बड़ी सफलता बताया, लेकिन कांग्रेस ने इसे सत्ता का शक्ति प्रदर्शन बताते हुए भाजपा की राजनीतिक जमीन पर ही सवाल खड़े कर दिए। प्रदेश कांग्रेस नेत्री और पार्टी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने पहले ही अमित शाह की प्रस्तावित लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि लोकतंत्र केवल नारों और रैलियों से नहीं बचता, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं, नागरिक अधिकारों और जनादेश के सम्मान से सुरक्षित रहता है। उन्होंने 2016 में उत्तराखंड की तत्कालीन कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की राजनीतिक घटनाओं का भी जिक्र किया। कांग्रेस ने अमित शाह के दौरे के दौरान केवल बयानबाजी तक खुद को सीमित नहीं रखा। एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे उड़ाकर तथा गृह मंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने श्अमित शाह गो बैकश् के नारे लगाए। एस्लेहाल चौक पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। वहीं अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भी कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस का राजनीतिक हमला केवल कार्यक्रम की भीड़ तक सीमित नहीं है। पार्टी ने भाजपा से पूछा है कि दो बार जनता का जनादेश मिलने और केंद्र तथा राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद उत्तराखंड की बुनियादी समस्याएं क्यों बनी हुई हैं? बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, पलायन और आपदा प्रभावितों के पुनर्वास जैसे सवालों का जवाब कौन देगा? अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी कांग्रेस भाजपा को लगातार घेर रही है। पार्टी का आरोप है कि इस मामले में उठ रहे सवालों का राजनीतिक जवाब देने के बजाय सरकार विपक्ष पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवार की शंकाओं का समाधान नहीं होता, तब तक यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में बना रहेगा। दरअसल, अमित शाह का देहरादून दौरा भाजपा के लिए केवल स्थापना दिवस का कार्यक्रम नहीं था। इसके जरिए पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव का एजेंडा सामने रखने की कोशिश की। 65 पार का लक्ष्य घोषित कर कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतरने का संदेश दिया गया। लेकिन कांग्रेस इस लक्ष्य को भाजपा की राजनीतिक महत्वाकांक्षा बताते हुए जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दे रही है। अब इस सियासी टकराव में असली सवाल यह है कि क्या भाजपा का 65 पार का नारा जमीन पर जनसमर्थन में बदल पाएगा या कांग्रेस सरकार के खिलाफ उठ रहे सवालों को चुनावी मुद्दा बनाने में सफल होगी? अमित शाह के दौरे को भाजपा भले ही चुनावी बिगुल बता रही हो, लेकिन कांग्रेस ने इसे फ्लाप बताकर साफ कर दिया है कि 2027 की जंग में सत्ता पक्ष को विपक्ष के हमलों से राहत मिलने वाली नहीं है। उत्तराखंड की राजनीति में अब मंचों पर भीड़, नेताओं के भाषण और चुनावी नारों से आगे जनता के सवाल निर्णायक होने जा रहे हैं। भाजपा के सामने अपनी उपलब्धियों को साबित करने की चुनौती है तो कांग्रेस के सामने विरोध को विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प में बदलने की। फिलहाल अमित शाह के दौरे ने चुनावी तापमान जरूर बढ़ा दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: