शुक्रवार, 20 नवंबर 2026

सत्ता की ‘राह’ में टिकट का ‘कांटा’

कांग्रेस पार्टी में टिकट की जंग, चुनाव से पहले अपनों ने खोला मोर्चा सत्ता में वापसी का सपना, लेकिन टिकट की दावेदारी ने बढ़ाया सिरदर्द गुटबाजी और समर्थकों की गोलबंदी से उलझा कांग्रेस का सियासी गणित देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के सामने भाजपा से मुकाबले की चुनौती तो है ही, पार्टी के भीतर टिकट का सवाल भी बड़ा सियासी संकट बनता जा रहा है। सत्ता में वापसी का दावा कर रही कांग्रेस के लिए अभी से अपने ही नेताओं और दावेदारों को संभालना आसान नहीं दिख रहा। विधानसभा क्षेत्रों में टिकट की दावेदारी को लेकर समर्थकों की गोलबंदी शुरू हो चुकी है। कहीं पुराने नेताओं की दावेदारी है तो कहीं नए चेहरों ने अपनी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। पार्टी के भीतर गुटीय समीकरण भी इस लड़ाई को हवा दे रहे हैं। कांग्रेस की मुश्किल यह है कि उसे भाजपा के खिलाफ एकजुटता का संदेश भी देना है और अपने नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को भी साधना है। प्रदेश में पार्टी के पास अनुभवी नेताओं की कमी नहीं है, लेकिन यही अनुभव कई बार आपसी प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई में बदल जाता है। टिकट वितरण से पहले ही जिस तरह अलग-अलग खेमों में राजनीतिक सक्रियता बढ़ रही है, उसने पार्टी नेतृत्व के सामने भविष्य की मुश्किलों के संकेत दे दिए हैं। कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह टिकट वितरण का ऐसा फार्मूला कैसे तैयार करेगी, जिससे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिष्ठा भी बनी रहे और नए चेहरों को भी अवसर मिल सके। हर विधानसभा क्षेत्र में कई दावेदार सक्रिय हैं। कोई पिछले चुनाव का हवाला देकर टिकट पर अपना अधिकार जता रहा है तो कोई क्षेत्र में लगातार सक्रियता और जनाधार को अपनी ताकत बता रहा है। कुछ नेता संगठन में अपनी पकड़ के आधार पर दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। समस्या तब और गंभीर हो जाती है जब टिकट की दावेदारी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से निकलकर गुटीय प्रतिष्ठा का सवाल बन जाती है। ऐसे में किसी एक नेता को टिकट देना दूसरे खेमे के लिए चुनौती बन सकता है। कांग्रेस का पिछला राजनीतिक अनुभव बताता है कि चुनाव के समय टिकट से नाराज नेता कभी निर्दलीय मैदान में उतर जाते हैं तो कभी भीतरघात के जरिए पार्टी के समीकरण बिगाड़ देते हैं। प्रदेश कांग्रेस में गणेश गोदियाल, हरीश रावत, प्रीतम सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की अपनी राजनीतिक जमीन और समर्थक वर्ग है। पार्टी नेतृत्व के सामने इन नेताओं के बीच समन्वय बनाए रखने की चुनौती है। एक ओर संगठन को चुनावी नेतृत्व का स्पष्ट संदेश देना है, दूसरी ओर किसी नेता को इतना असहज भी नहीं करना कि वह अपने समर्थकों के साथ अलग राजनीतिक रास्ता तलाशने लगे। हरीश रावत पहले ही मुख्यमंत्री पद की दौड़ से खुद को बाहर बताते हुए 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना अपना प्राथमिक लक्ष्य बता चुके हैं। यह बयान पार्टी के लिए एकजुटता का संदेश जरूर है, लेकिन इससे नेतृत्व और टिकट के सवाल खत्म नहीं हो जाते। चुनाव में किसकी चलेगी, किसके समर्थकों को कितने टिकट मिलेंगे और उम्मीदवारों के चयन में संगठन की भूमिका कितनी प्रभावी होगी, यह सवाल अभी से पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा हैं। भाजपा ने चुनावी समितियों, संकल्प पत्र और संगठनात्मक विस्तार के जरिए अपनी तैयारियों को गति देने की रणनीति बनाई है। ऐसे में कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती है। उसे सरकार के खिलाफ जनमुद्दों पर आक्रामक अभियान चलाना है और साथ ही अपने संगठन को भी चुनाव के लिए तैयार करना है। लेकिन यदि पार्टी का बड़ा राजनीतिक समय टिकट की दावेदारी और गुटीय खींचतान में ही खर्च होता रहा तो भाजपा को इसका सीधा फायदा मिल सकता है। कांग्रेस बेरोजगारी, पलायन, अंकिता भंडारी प्रकरण, भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों को लेकर भाजपा पर हमलावर है। इन मुद्दों पर पार्टी को जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता मजबूत करनी होगी। लेकिन जनता के सामने सरकार की नाकामियां गिनाने वाली पार्टी यदि अपने भीतर ही राजनीतिक असंतोष को नियंत्रित नहीं कर पाती तो उसके चुनावी दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कांग्रेस के लिए टिकट वितरण महज उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया नहीं होगा, बल्कि यह उसके संगठनात्मक अनुशासन और नेतृत्व की क्षमता की भी परीक्षा बनेगा। पार्टी को तय करना होगा कि उम्मीदवारों का चयन जीतने की संभावना, सामाजिक समीकरण, क्षेत्र में सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर होगा या फिर नेताओं के प्रभाव और सिफारिशों का दबाव हावी रहेगा। सबसे बड़ा खतरा बगावत और भीतरघात का है। टिकट नहीं मिलने पर नाराज नेता भले ही सार्वजनिक रूप से पार्टी के साथ खड़े होने का दावा करें, लेकिन चुनावी मैदान में उनकी निष्क्रियता या पर्दे के पीछे की गतिविधियां उम्मीदवारों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। यही वजह है कि कांग्रेस नेतृत्व के लिए टिकट का सवाल जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण टिकट के बाद पार्टी को एकजुट रखना होगा। दरअसल, कांग्रेस उत्तराखंड में भाजपा के खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल को अपने पक्ष में भुनाने का अवसर तलाश रही है, लेकिन उसे यह भी समझना होगा कि केवल भाजपा की कमजोरियों से चुनाव नहीं जीता जा सकता। इसके लिए अपने भीतर की कमजोरियों पर भी प्रहार करना होगा। सवाल यह नहीं कि कांग्रेस के पास कितने मजबूत दावेदार हैं, सवाल यह है कि टिकट की दौड़ में हारने वाले नेता चुनाव में पार्टी को जिताने के लिए कितनी ईमानदारी से मैदान में उतरेंगे। भाजपा से मुकाबला बाद में होगा, कांग्रेस को पहले अपने भीतर चल रही सियासी लड़ाई जीतनी होगी।

कोई टिप्पणी नहीं: