सोमवार, 23 नवंबर 2026

पहाड़ से वन्यजीवों का ‘पलायन’

बदलते जंगल, खाली होते गांव और बिगड़ता प्राकृतिक संतुलन बना खतरे की नई वजह गुलदार-बाघ आबादी के करीब, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और भोजन पर सवाल गांव खाली हुए तो जंगल से बस्तियों तक पहुंचे वन्यजीव,पलायन ने बदला पारिस्थितिक संतुलन देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ों में पलायन की कहानी अब केवल इंसानों तक सीमित नहीं रह गई है। गांवों से लोगों के जाने के साथ वन्यजीवों की पारंपरिक आवाजाही और प्राकृतिक आवास का संतुलन भी बदल रहा है। जंगलों में बढ़ती मानवीय गतिविधियां, सड़क और निर्माण परियोजनाओं से वन क्षेत्रों का बिखराव, जलवायु परिवर्तन और भोजन-पानी की उपलब्धता में बदलाव वन्यजीवों के व्यवहार को प्रभावित कर रहे हैं। नतीजा यह है कि जिन वन्यजीवों की मौजूदगी कभी जंगलों तक सीमित थी, वे अब गांवों, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में दिखाई दे रहे हैं। गुलदार, भालू और बाघ की बढ़ती मौजूदगी ने पहाड़ के जनजीवन को असुरक्षित बना दिया है। सवाल यह भी है कि क्या पहाड़ में इंसानों के साथ वन्यजीवों का पारंपरिक सह-अस्तित्व भी टूट रहा है? वन्यजीवों का अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकलना महज एक सामान्य घटना नहीं है। यह पहाड़ के पारिस्थितिक तंत्र में आ रहे बदलाव का संकेत है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों के भीतर भोजन और सुरक्षित आवास की उपलब्धता, प्रजातियों के बीच प्रतिस्पर्धा, मौसम में बदलाव तथा मानवीय हस्तक्षेप जैसे कई कारक वन्यजीवों की आवाजाही को प्रभावित करते हैं। उत्तराखंड में खाली होते गांवों के आसपास उगी झाड़ियां और जंगल जैसी परिस्थितियां भी गुलदारों के लिए अनुकूल ठिकाने बन रही हैं। आबादी कम होने से खेतों और घरों के आसपास निगरानी घट गई है। ऐसे में वन्यजीवों और इंसानों के बीच की दूरी लगातार कम होती जा रही है। वन्यजीवों की बदलती आवाजाही के पीछे जंगलों के भीतर प्रजातियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी एक महत्वपूर्ण पहलू है। अक्टूबर 2026 में सामने आई एक रिपोर्ट में विशेषज्ञों के हवाले से बताया गया कि कार्बेट और राजाजी जैसे संरक्षित क्षेत्रों में बाघों की बढ़ती मौजूदगी के कारण गुलदारों की आवाजाही और उनके पहाड़ी क्षेत्रों की ओर पहुंचने की परिस्थितियों पर भी चर्चा हो रही है। बाघ और गुलदार के बीच प्राकृतिक प्रतिस्पर्धा में गुलदार अपेक्षाकृत कम प्रभावशाली शिकारी है। हालांकि, इसे पूरे प्रदेश में गुलदारों के पहाड़ों की ओर आने का एकमात्र कारण नहीं माना जा सकता। आवास में बदलाव, शिकार की उपलब्धता और मानवीय गतिविधियां भी इसके महत्वपूर्ण कारण हैं। प्रदेश में वर्ष 2022 की गणना में गुलदारों की संख्या 3115 दर्ज की गई थी। वहीं बाघों की संख्या में भी पिछले वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2006 में प्रदेश में 178 बाघ थे, जबकि 2022 की गणना में यह संख्या 572 पहुंच गई थी। वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन बढ़ती आबादी के साथ उनके आवास, भोजन और सुरक्षित आवाजाही का प्रबंधन भी उतना ही जरूरी हो गया है। पहाड़ के अनेक गांवों में पलायन के कारण घर खाली हैं। खेत बंजर हो रहे हैं और घरों के आसपास झाड़ियां उग आई हैं। जिन खेतों में कभी हलचल रहती थी, वहां अब सन्नाटा है। पशुपालन में कमी के कारण मवेशियों की संख्या भी घटी है। इससे गांवों के आसपास का प्राकृतिक और मानवीय वातावरण बदल गया है। वन्यजीवों के लिए ये खाली परिसर छिपने और आवाजाही के अनुकूल स्थान बन सकते हैं। इसका एक दूसरा पहलू भी है। पहले गांवों में लोगों की मौजूदगी, पशुओं की आवाजाही और खेती-किसानी के कारण जंगल और बस्ती के बीच एक सक्रिय मानवीय क्षेत्र रहता था। अब आबादी घटने से कई जगह यह अंतर समाप्त हो रहा है। गुलदार जैसे वन्यजीव घरों के आसपास तक पहुंच रहे हैं। पौड़ी जिले का बस्ताग गांव इसका उदाहरण है, जहां भालुओं के लगातार आतंक के कारण अंतिम परिवार को भी गांव छोड़ना पड़ा। इस तरह वन्यजीवों का भय खुद पलायन को बढ़ाने वाला कारक बनता जा रहा है। वन्यजीवों की बदलती गतिविधियों का सबसे भयावह पहलू मानव-वन्यजीव संघर्ष है। प्रदेश में जनवरी से सितंबर 2026 तक वन्यजीवों के हमलों की 462 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 55 लोगों की मौत हुई और 407 लोग घायल हुए। गुलदार के हमलों में 17 लोगों की मौत और 75 लोग घायल हुए। बाघ के हमलों में चार लोगों की जान गई, जबकि भालू के हमलों में चार लोगों की मौत और 40 लोग घायल हुए। यह आंकड़े बताते हैं कि पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों की मौजूदगी अब केवल खेती और पशुपालन के नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन पर सीधा खतरा बन रही है। पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार और भालू की सक्रियता ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता बन गई है। खेतों में काम करने, मवेशियों के लिए चारा लाने और बच्चों के स्कूल जाने तक में खतरा पैदा हो रहा है। कई गांवों में शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जाते हैं। कुछ स्थानों पर ग्रामीणों को रात में पहरा देना पड़ रहा है। पहाड़ में इंसान का पलायन पहले ही एक बड़ी सामाजिक और आर्थिक चुनौती बन चुका है। अब यदि वन्यजीवों की बदलती आवाजाही के कारण गांवों में बचे लोग भी असुरक्षित महसूस करने लगे तो पहाड़ का संकट और गहरा जाएगा। जंगलों को बचाने का अर्थ केवल पेड़ों और वन्यजीवों की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि उस पूरे प्राकृतिक तंत्र को सुरक्षित रखना है, जिसमें इंसान और वन्यजीव दोनों के लिए जगह हो। आखिर पहाड़ की पहचान उसके जंगल, वन्यजीव और गांवों के सह-अस्तित्व से ही है। यदि यह संतुलन टूटता है तो इसका खामियाजा केवल वन्यजीवों या ग्रामीणों को नहीं, पूरे हिमालयी पर्यावरण को भुगतना पड़ेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: