बुधवार, 16 सितंबर 2026
udaydinmaan: कांग्रेस के ‘चंदा माडल’ पर भाजपा का हमला
udaydinmaan: कांग्रेस के ‘चंदा माडल’ पर भाजपा का हमला: ब्लैक मनी और चंदे के खेल पर घिरी कांग्रेस भ्रष्टाचार के आरोपों से गरमाई सूबे की राजनीति भाजपा का हमला और कांग्रेस के नैरेटिव का जिक्र कांग्...
कांग्रेस के ‘चंदा माडल’ पर भाजपा का हमला
ब्लैक मनी और चंदे के खेल पर घिरी कांग्रेस
भ्रष्टाचार के आरोपों से गरमाई सूबे की राजनीति
भाजपा का हमला और कांग्रेस के नैरेटिव का जिक्र
कांग्रेस की फंडिंग व्यवस्था व नेटवर्क पर उठे सवाल
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा ने प्रदेश और देश में कांग्रेस से जुड़े सामने आ रहे कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कांग्रेस की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता को जवाब देने के बजाय राजनीतिक सुविधा के अनुसार नैरेटिव गढ़ती रही है, जबकि उसके शासनकाल और नेताओं से जुड़े मामलों ने कथित तौर पर अलग तस्वीर सामने रखी है।
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के निजी सहायक से कथित काले धन की बरामदगी और आरोपी पीए की ओर से कांग्रेस के लिए चंदा जुटाने संबंधी बताए जा रहे बयान को राजनीतिक रूप से बड़ा मुद्दा बनाया है। भाजपा का कहना है कि यदि जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपों की पुष्टि होती है तो यह महज किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं रहेगा, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक फंडिंग व्यवस्था और सत्ता के दौरान बने कथित नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।
भाजपा का हमला यहीं नहीं रुका। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में भ्रष्टाचार कोई अपवाद नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही कार्यसंस्कृति का हिस्सा रहा है। हालांकि, इन राजनीतिक आरोपों की अंतिम सच्चाई जांच एजेंसियों और न्यायिक प्रक्रिया से ही तय होगी। फिलहाल दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो गया है।
भाजपा की रणनीति में सबसे महत्वपूर्ण हथियार कथित कांग्रेसी चंदा माडल का मुद्दा है। पार्टी का तर्क है कि यदि किसी आरोपी से जुड़े बयान में राजनीतिक दल के लिए चंदा जुटाने की व्यवस्था का उल्लेख सामने आता है तो कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पार्टी के लिए धन जुटाने की प्रक्रिया क्या रही है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं। राजनीतिक तौर पर यह सवाल कांग्रेस के लिए इसलिए असहज करने वाला है क्योंकि भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब केवल राजनीतिक प्रत्यारोप से नहीं दिया जा सकता। भाजपा अब कांग्रेस से यह पूछ रही है कि पार्टी को मिलने वाले चंदे की पारदर्शिता, उसके स्रोत और राजनीतिक संरक्षण के आरोपों पर उसका आधिकारिक पक्ष क्या है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम सामने आने से यह विवाद और राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो गया है। रावत उत्तराखंड कांग्रेस के सबसे प्रमुख चेहरों में रहे हैं और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में भाजपा के लिए यह मुद्दा कांग्रेस के पुराने शासनकाल और उसके नेतृत्व की कार्यशैली पर हमला करने का अवसर बन गया है। भाजपा का संदेश साफ हैकृकि भ्रष्टाचार पर कांग्रेस की नैतिकता की परीक्षा अब उसके अपने नेताओं और उनसे जुड़े मामलों के संदर्भ में होनी चाहिए।
वहीं कांग्रेस के सामने चुनौती यह है कि वह इन आरोपों को केवल राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताकर खारिज करने के बजाय तथ्यों के आधार पर जवाब दे। यदि आरोप निराधार हैं तो पार्टी को जांच और दस्तावेजों के आधार पर अपना पक्ष मजबूती से सामने रखना होगा। यही लोकतांत्रिक राजनीति में जवाबदेही की कसौटी है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की ओर बढ़ रहा है और ऐसे में भ्रष्टाचार का मुद्दा स्वाभाविक रूप से राजनीतिक हथियार बनेगा। भाजपा कांग्रेस के पिछले शासनकाल को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश करेगी, जबकि कांग्रेस मौजूदा सरकार के कार्यकाल, रोजगार, महंगाई, पलायन, कानून-व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा पर पलटवार करेगी।
यानी लड़ाई केवल एक कथित बरामदगी या एक आरोपी के बयान तक सीमित रहने वाली नहीं है। इसके केंद्र में बड़ा राजनीतिक सवाल हैकृकि सत्ता और राजनीतिक चंदे के बीच संबंध कितना पारदर्शी है और राजनीतिक दल अपने आर्थिक स्रोतों के प्रति कितने जवाबदेह हैं? यही वह बिंदु है जहां भाजपा का दाल काली वाला हमला कांग्रेस के लिए राजनीतिक चुनौती बनता है। हालांकि, लोकतंत्र में आरोप लगना और आरोप साबित होना दो अलग-अलग बातें हैं। इसलिए किसी भी दल को राजनीतिक लाभ के लिए जांच से पहले किसी व्यक्ति को दोषी घोषित करने के बजाय तथ्यों और कानून की प्रक्रिया पर भरोसा करना चाहिए।
उत्तराखंड की जनता के सामने अब असली सवाल किसी एक पार्टी की बयानबाजी से बड़ा है। जनता यह जानना चाहती है कि राजनीतिक दलों को पैसा कहां से मिलता है, कौन देता है, किसके माध्यम से पहुंचता है और चुनावी राजनीति में उसका इस्तेमाल किस तरह होता है। भाजपा यदि कांग्रेस के कथित चंदा माडल को मुद्दा बना रही है तो उसे भी राजनीतिक चंदे और अपने वित्तीय तंत्र की पारदर्शिता के सवालों पर समान कसौटी स्वीकार करनी होगी। लोकतंत्र में जवाबदेही एकतरफा नहीं हो सकती। 2027 की चुनावी लड़ाई में भ्रष्टाचार निश्चित रूप से बड़ा मुद्दा बन सकता है। लेकिन इस बार जनता केवल आरोप नहीं, सबूत, जांच और कार्रवाई का परिणाम भी देखना चाहेगी। राजनीति में किसकी दाल कितनी काली का फैसला भाषणों से नहीं, तथ्यों और जांच की निष्पक्ष परिणति से होना चाहिए।
भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 31 जनप्रतिनिधियों ने थामा कमल
कई जनप्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने से सियासी हलचल तेज
महेंद्र भट्ट बोलेकृएकतरफा जनादेश बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा का माहौल अभियान शुरू
देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जनपद चंपावत में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बड़ी संख्या में निर्वाचित प्रतिनिधियों के एक साथ भाजपा में आने को पार्टी ने प्रदेश में अपने पक्ष में बन रहे राजनीतिक माहौल का संकेत बताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस मौके पर कहा कि एक ही स्थान से बड़ी संख्या में एकतरफा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना प्रदेश में पार्टी के पक्ष में बने माहौल को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और इसका प्रतिबिंब निजी समाचार संस्थानों के सर्वेक्षणों में भी दिखाई देने लगा है। चंपावत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का निर्वाचन क्षेत्र होने के साथ ही भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से विशेष महत्व रखता है। ऐसे में नगर निकाय स्तर के निर्वाचित प्रतिनिधियों का पार्टी में शामिल होना भाजपा के लिए महज संगठन विस्तार नहीं, बल्कि 2027 से पहले राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा इस घटनाक्रम को बूथ से लेकर स्थानीय निकाय तक अपने संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़ रही है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले स्थानीय स्तर पर प्रभाव रखने वाले जनप्रतिनिधियों और सामाजिक समूहों को अपने साथ जोड़कर चुनावी नेटवर्क को और व्यापक किया जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान में सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत एकतरफा निर्वाचित प्रतिनिधियों को लेकर है। इसका सीधा संदेश यह देने की कोशिश है कि पार्टी में आने वाले लोग केवल सामान्य राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि अपने क्षेत्रों में जनता का समर्थन हासिल कर चुके निर्वाचित प्रतिनिधि हैं।
भाजपा इसे अपने पक्ष में बढ़ते जनसमर्थन के प्रमाण के तौर पर पेश कर रही है। हालांकि, किसी भी राजनीतिक दल के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का दल बदलना चुनावी माहौल का एक संकेत हो सकता है, लेकिन इसे पूरे प्रदेश की जनता के अंतिम राजनीतिक रुझान का निर्णायक प्रमाण मानना जल्दबाजी होगी। 2027 का वास्तविक जनादेश चुनाव के दौरान ही सामने आएगा। महेंद्र भट्ट ने अपने बयान में निजी समाचार संस्थानों के सर्वेक्षणों का भी उल्लेख किया। राजनीतिक रूप से यह कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा सकता है। भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि चुनाव से काफी पहले ही उसके पक्ष में माहौल दिखाई देने लगा है।
इसके पीछे पार्टी की व्यापक चुनावी रणनीति भी दिखाई देती है। भाजपा जहां संगठनात्मक स्तर पर बूथ सशक्तीकरण और जनप्रतिनिधियों को अपने साथ जोड़ने पर जोर दे रही है, वहीं राजनीतिक संदेशों के जरिए यह धारणा बनाने का प्रयास भी कर रही है कि मुकाबले में वह शुरुआती बढ़त हासिल कर चुकी है।
31 जनप्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने से विपक्षी दलों के सामने अपने स्थानीय संगठन और जनाधार को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। कांग्रेस के लिए चुनौती दोहरी हैकृएक ओर उसे अपने नेताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों को भाजपा की ओर जाने से रोकना होगा, वहीं दूसरी ओर भाजपा के मजबूत माहौल के दावे को राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर चुनौती देनी होगी। 2027 के चुनाव में सत्ता विरोधी माहौल कितना प्रभावी होगा, यह भी इसी तरह के स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रमों से तय होगा। यदि विपक्ष अपने प्रभावशाली स्थानीय चेहरों को संभालने में कमजोर पड़ता है तो भाजपा को इसका चुनावी लाभ मिल सकता है। इसके विपरीत विपक्ष यदि नए नेतृत्व और स्थानीय मुद्दों के साथ जमीन पर सक्रिय होता है तो तस्वीर बदलने की गुंजाइश भी बनी रहेगी।
चंपावत में हुआ यह दल-बदल भाजपा के लिए संगठन विस्तार से अधिक माहौल बनाने की राजनीति का हिस्सा दिखाई देता है। पार्टी एक तरफ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने को अपने बढ़ते प्रभाव का प्रमाण बता रही है, तो दूसरी तरफ सर्वेक्षणों का हवाला देकर यह संदेश दे रही है कि चुनावी मुकाबले में भाजपा मजबूत स्थिति में है। अब देखने वाली बात यह होगी कि चंपावत से निकला यह राजनीतिक संदेश राज्य के अन्य जिलों तक कितना प्रभाव डालता है। फिलहाल भाजपा का दावा स्पष्ट हैकृस्थानीय निकायों से लेकर जनता के बीच तक पार्टी के पक्ष में माहौल बन रहा है और 2027 की लड़ाई के लिए संगठन पहले से मैदान में उतर चुका है।
तारीख का इंतजार, मैदान में ‘महाभारत’
चुनाव की घोषणा अभी दूर, लेकिन उत्तराखंड में शब्दबाणों के हमले तेज
भाजपा-कांग्रेस से लेकर छोटे दलों तक सत्ता की लड़ाई ने पकड़ी रफ्तार
विधानसभा चुनाव को लेकर है पहाड़ के सवालों पर छोटे दलों की नजर
देहरादून। विधानसभा चुनाव की तारीख का अभी ऐलान नहीं हुआ है, चुनावी बिगुल भी आधिकारिक तौर पर नहीं बजा है, लेकिन उत्तराखंड की राजनीति में शंखनाद हो चुका है। जैसे-जैसे 2027 विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे प्रदेश के राजनीतिक दलों ने अपने तरकश से शब्दबाण निकालने शुरू कर दिए हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोपों की ऐसी बौछार चल रही है कि लगता है मानो चुनावी कुरुक्षेत्र सज चुका हो और महाभारत का युद्ध समय से पहले ही शुरू हो गया हो।
भाजपा अपनी सरकार की उपलब्धियों, संगठन की मजबूती और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के दावे के साथ मैदान में उतर चुकी है। दूसरी ओर कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, कानून-व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं, भ्रष्टाचार और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को हथियार बनाकर सरकार को घेरने की कोशिश में है। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल समेत छोटे राजनीतिक दल क्षेत्रीय अस्मिता, मूल निवास, भू-कानून और पहाड़ के सवालों को फिर से राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने में जुटे हैं। अभी चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन नेताओं की भाषा बता रही है कि सभी दल चुनावी मोड में आ चुके हैं। भाजपा विपक्ष को उसके पुराने शासनकाल, कथित भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता के मुद्दों पर घेर रही है। कांग्रेस पलटवार में मौजूदा सरकार से रोजगार, महंगाई, पलायन, कानून-व्यवस्था और विकास के सवालों पर जवाब मांग रही है।
हर राजनीतिक बयान के पीछे अब केवल वर्तमान की राजनीति नहीं, बल्कि 2027 का गणित दिखाई देने लगा है। कोई संगठन की ताकत दिखा रहा है तो कोई जनसभाओं की भीड़ को जनादेश का संकेत बता रहा है। कोई नेताओं के दल बदलने को अपने पक्ष में माहौल बता रहा है तो कोई इसे सत्ता का दबाव और राजनीतिक प्रबंधन करार दे रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा के सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की है। पार्टी इसे केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के निरंतर विश्वास का प्रमाण बताने की रणनीति पर काम कर रही है। संगठनात्मक स्तर पर बूथ को मजबूत करने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पार्टी से जोड़ने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है।
भाजपा का पूरा राजनीतिक अभियान इस संदेश के इर्द-गिर्द आकार ले रहा है कि उत्तराखंड में राजनीतिक स्थिरता और विकास के लिए एक बार फिर भाजपा को अवसर मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के कामकाज को भी पार्टी चुनावी विमर्श के केंद्र में रखने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस की रणनीति भाजपा के विकास और स्थिरता के दावे के सामने जनता के सवाल खड़े करने की है। पार्टी रोजगार, युवाओं की नाराजगी, पलायन, महंगाई और कथित प्रशासनिक विफलताओं को लेकर सरकार को घेर रही है। कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनौती केवल सरकार विरोधी मुद्दे उठाना नहीं, बल्कि यह साबित करना भी है कि सत्ता का विकल्प बनने के लिए उसके पास एकजुट संगठन, विश्वसनीय नेतृत्व और स्पष्ट राजनीतिक दिशा मौजूद है। पार्टी के भीतर नेतृत्व और चुनावी चेहरे को लेकर होने वाली हर चर्चा को भाजपा अपने राजनीतिक हथियार में बदलने की कोशिश करेगी।
इस चुनावी महाभारत में केवल भाजपा और कांग्रेस ही योद्धा नहीं हैं। उत्तराखंड क्रांति दल और अन्य छोटे राजनीतिक दल भी अपने-अपने हथियार तैयार कर रहे हैं। क्षेत्रीय दलों की राजनीति का केंद्र वही मुद्दे हैं, जो लंबे समय से उत्तराखंड की पहचान से जुड़े रहे हैंकृभू-कानून, मूल निवास, पलायन, रोजगार और पहाड़ की अस्मिता। छोटे दल भले ही सत्ता की सीधी लड़ाई में भाजपा और कांग्रेस जितने मजबूत न दिखें, लेकिन कई सीटों पर वह चुनावी गणित बदलने की क्षमता रखते हैं। कुछ हजार वोटों का इधर-उधर होना भी कई विधानसभा क्षेत्रों में जीत और हार के बीच की दूरी तय कर सकता है।
उत्तराखंड की राजनीति में फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा आरोपों और प्रत्यारोपों की है। लेकिन जनता के सामने असली सवाल इससे कहीं बड़े हैं। पहाड़ों से लगातार हो रहा पलायन, युवाओं के लिए रोजगार, प्राकृतिक आपदाओं से जूझता राज्य, स्वास्थ्य और शिक्षा की चुनौतियां, गांवों का खाली होना और विकास का असंतुलनकृयह ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब केवल चुनावी मंचों की बयानबाजी से नहीं मिलेगा। राजनीतिक दलों के लिए चुनौती यह होगी कि वे एक-दूसरे पर शब्दबाण चलाने के साथ-साथ यह भी बताएं कि उत्तराखंड के भविष्य के लिए उनकी ठोस योजना क्या है। जनता अब केवल यह सुनने के मूड में नहीं है कि कौन किससे ज्यादा भ्रष्ट, विफल या अवसरवादी है। वह यह भी जानना चाहती है कि अगले पांच वर्षों में उसकी जिंदगी और प्रदेश की दिशा कैसे बदलेगी।
फिलहाल चुनाव की तारीख का इंतजार है, लेकिन राजनीतिक महाभारत शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में नेताओं की बयानबाजी और तीखी होगी, पुराने आरोप नए रूप में सामने आएंगे, दल-बदल बढ़ेंगे, सर्वेक्षणों की राजनीति तेज होगी और सोशल मीडिया चुनावी रणभूमि का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा। कुरुक्षेत्र तैयार है, सेनाएं सज रही हैं और शब्दबाणों की बौछार शुरू हो चुकी है। फर्क सिर्फ इतना है कि अभी चुनाव आयोग का शंख नहीं बजा है। लेकिन उत्तराखंड की राजनीति बता रही है कि 2027 की महाभारत का पहला चरण शुरू हो चुका हैकृअब देखना यह है कि शब्दों की इस लड़ाई को जनता के असली मुद्दे कितना दिशा देते हैं और अंतिम दिन मतदाता किसके पक्ष में अपना ब्रह्मास्त्र चलाता है।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)