शनिवार, 5 सितंबर 2026

udaydinmaan: खाकी पर ‘सवाल’

udaydinmaan: खाकी पर ‘सवाल’: दिल्ली के साकेत थाने में महिला पत्रकारों से कथित मारपीट, दिल्ली पुलिस पर उठे सवाल रिपोर्टर नफीसा खान व शाहीन खान ने पुलिस पर लगाया हिरासत मे...

खाकी पर ‘सवाल’

दिल्ली के साकेत थाने में महिला पत्रकारों से कथित मारपीट, दिल्ली पुलिस पर उठे सवाल रिपोर्टर नफीसा खान व शाहीन खान ने पुलिस पर लगाया हिरासत में लेकर पीटने का आरोप वीवीआईपी सुरक्षा के नाम पर पत्रकारिता पर लगाम या सुरक्षा व्यवस्था में वास्तविक बाधा दिल्ली पुलिस ने आरोप नकारे, कहा-निकास रोकने और स्कूटी खड़ी करने से बिगड़ी स्थिति नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस और पत्रकारों के बीच टकराव का एक गंभीर मामला सामने आया है। दक्षिण दिल्ली के साकेत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के एक कार्यक्रम के आसपास दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर बदसलूकी, मारपीट और हिरासत में लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकारों का आरोप है कि कार्यक्रम की कवरेज के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया। घटना विगत दिवस की बताई जा रही है। पत्रकारों के आरोपों के बाद मामला इसलिए भी गंभीर हो गया है क्योंकि यह पूरा घटनाक्रम एक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के आसपास वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के दौरान हुआ। दोनों महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया कि वह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यक्रम की कवरेज के लिए साकेत पहुंची थीं। इसी दौरान पुलिस के साथ उनका विवाद हुआ और स्थिति बिगड़ गई। पत्रकारों का दावा है कि पुलिस ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया। महिला पत्रकारों द्वारा लगाए गए आरोपों ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर यह सवाल कि क्या पत्रकारों को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया गया और यदि किया गया तो उसकी जरूरत और वैधानिक आधार क्या था? दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पत्रकारों को उनके पत्रकार होने या सवाल पूछने के कारण हिरासत में नहीं लिया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने कथित तौर पर निकास मार्ग को बाधित किया और वीवीआईपी मूवमेंट रूट पर अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा हटने को कहे जाने के दौरान कथित तौर पर दोनों की पुलिसकर्मियों से कहासुनी भी हुई। पुलिस का तर्क है कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के दौरान निर्धारित रूट पर किसी भी तरह का अवरोध सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जाता है। इसी वजह से दोनों पत्रकारों को हिरासत में लिया गया। यदि पुलिस का पक्ष सही है और पत्रकारों ने वीवीआईपी रूट बाधित किया था, तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए कानून और निर्धारित प्रक्रिया मौजूद है। लेकिन दूसरी तरफ यदि पत्रकारों के साथ हिरासत के दौरान मारपीट या बदसलूकी हुई है, तो यह मामला केवल एक सामान्य विवाद नहीं रह जाता। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के साथ पुलिस का व्यवहार कानून के दायरे में होना चाहिएकृचाहे वह पत्रकार हो या आम नागरिक। यही वजह है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी हो गई है। क्या स्कूटी से निकास मार्ग बाधित हुआ था और मौके की सीसीटीवी फुटेज क्या कहती है? क्या पत्रकारों ने पुलिस निर्देशों का पालन करने से इनकार किया या स्थिति किसी अन्य कारण से बिगड़ी? यदि पत्रकारों के साथ मारपीट का आरोप है तो मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बाडी-कैमरा/वीडियो रिकार्ड जैसे साक्ष्य महत्वपूर्ण होंगे। वीवीआईपी कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होना स्वाभाविक है। पुलिस के लिए हर संदिग्ध गतिविधि और अवरोध को नियंत्रित करना जिम्मेदारी का हिस्सा है। लेकिन दूसरी ओर लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों को रिपोर्टिंग करने और सवाल पूछने की स्वतंत्रता भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में दोनों पक्षों के दावों के बीच सबसे निर्णायक भूमिका सबूतों की होगी। यदि पत्रकारों ने सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डाली थी तो उसका प्रमाण सामने आना चाहिए। यदि पुलिस ने अपनी शक्ति का कथित तौर पर दुरुपयोग किया तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साकेत की यह घटना एक बड़े सवाल को जन्म देती हैकृक्या वीवीआईपी सुरक्षा और पत्रकारिता की स्वतंत्रता के बीच संतुलन कायम करने में पुलिस नाकाम हो रही है? पत्रकारों के आरोप सही हैं तो मामला गंभीर है। पुलिस का पक्ष सही है तो उसे भी रिकार्ड और साक्ष्यों के साथ स्पष्ट किया जाना चाहिए। क्योंकि खाकी की ताकत कानून से आती है और पत्रकार की ताकत सवाल पूछने के अधिकार से। दोनों के बीच टकराव में सच दबना नहीं चाहिए।

शुद्धिकरण विवाद के बीच ‘शक्ति प्रदर्शन’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का दो दिवसीय दौरा तय, सियासी पारा भी चढ़ा खड़गे के चुनावी बिगुल के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संभालेंगे हल्द्वानी में मोर्चा शुद्धिकरण कांड पर जारी रार के बीच भाजपा की कार्यसमिति बैठक से तय होगी रणनीति हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण को लेकर छिड़ा सियासी संग्राम अब नए दौर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है, जिस हल्द्वानी में कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के जरिए चुनावी बिगुल फूंकने की कोशिश की थी, उसी हल्द्वानी में अब भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के जरिए संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करने जा रही है। नबीन 9 सितंबर को हल्द्वानी पहुंचेंगे और दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। पार्टी की इस अहम बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन इस बार हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति महज एक संगठनात्मक बैठक नहीं होगी। इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। वजह साफ हैकृखड़गे की सभा, उसके बाद कथित शुद्धिकरण और उस पर कांग्रेस के लगातार हमले। कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम को दलित सम्मान और संवैधानिक मूल्यों से जोड़कर भाजपा पर निशाना साध रही है। खड़गे ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर कथित शुद्धिकरण मामले में कार्रवाई और एफआईआर की मांग तक की है। कांग्रेस का आरोप है कि संसद में कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद मामले में अपेक्षित कदम नहीं उठाया गया। भाजपा दूसरी तरफ इस विवाद को कांग्रेस के राजनीतिक नैरेटिव के रूप में देख रही है। पार्टी का कहना है कि नबीन का दौरा संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न सम्मेलनों से जुड़ा है। लेकिन राजनीति में समय और स्थान अक्सर अपने आप में संदेश बन जाते हैं। ऐसे में खड़गे के दौरे के बाद नबीन का हल्द्वानी आना भाजपा के लिए भी एक राजनीतिक अवसर बन गया है। हल्द्वानी और कुमाऊं की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला लंबे समय से महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए हल्द्वानी को चुनकर अपने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने का संदेश दे सकती है। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने जैसे मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं। भाजपा के लिए चुनौती केवल कांग्रेस का मुकाबला करना नहीं है। उसे कुमाऊं में अपने संगठन की पकड़ को और मजबूत करते हुए उन मुद्दों पर भी जवाब देना होगा, जिन पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। हल्द्वानी का विवाद अब केवल रामलीला मैदान तक सीमित नहीं रहा। कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाया है। खड़गे ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। राहुल गांधी की ओर से भी इस मुद्दे पर कार्रवाई की मांग किए जाने की रिपोर्टें सामने आई हैं। यही कारण है कि नबीन का हल्द्वानी दौरा भाजपा के लिए असहज सवालों से बचने के बजाय अपने राजनीतिक एजेंडे को सामने रखने का मौका भी हो सकता है। सवाल यह भी रहेगा कि क्या भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व इस विवाद पर कोई स्पष्ट राजनीतिक संदेश देता है? क्या संगठन इस मुद्दे को शांत करने की कोशिश करेगा या कांग्रेस के आरोपों का आक्रामक जवाब देगा? उत्तराखंड में 2027 का विधानसभा चुनाव अभी दूर दिखाई देता है, लेकिन दोनों प्रमुख दलों ने राजनीतिक तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के दौरों के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा करने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा संगठनात्मक बैठकों और चुनावी रणनीति के जरिए अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में हल्द्वानी अब सिर्फ कुमाऊं का राजनीतिक केंद्र नहीं रह गया है। यह 2027 की चुनावी प्रयोगशाला बनता जा रहा है। खड़गे की सभा से कांग्रेस ने संदेश दिया कि वह भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक मोर्चा खोलने जा रही है। अब नबीन की मौजूदगी में भाजपा का जवाब होगाकृसंगठन, सरकार और चुनावी रणनीति के साथ मैदान में उतरने का। हल्द्वानी में नेताओं के आने-जाने और मंचों पर भाषणों से कहीं बड़ी परीक्षा दोनों दलों के जमीनी संगठन की है। 2027 में पहाड़ से लेकर मैदान तक मुद्दों की लंबी फेहरिस्त होगीकृरोजगार, पलायन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, महंगाई और स्थानीय अस्मिता से लेकर कानून-व्यवस्था तक। इसलिए नबीन की बैठक का असली अर्थ मंच से दिए जाने वाले भाषणों में नहीं, बल्कि बैठक के बाद भाजपा की बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक की रणनीति में दिखाई देगा। फिलहाल इतना तय है कि खड़गे की हल्द्वानी रैली से उठी राजनीतिक चिंगारी अभी बुझी नहीं है। शुद्धिकरण विवाद ने इसे और हवा दे दी है। अब उसी हल्द्वानी में भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पहुंच रहा है। खड़गे ने जहां सवाल खड़े किए थे, वहां नबीन संगठन की ताकत दिखाएंगे और इसी के साथ हल्द्वानी में 2027 की चुनावी लड़ाई का एक और अध्याय खुलता दिखाई दे रहा है।

राजनीतिक डैमेज कंट्रोल की ‘अग्निपरीक्षा’

शुद्धिकरण’ पर घिरी भाजपा, कांग्रेस का तंजकृमाफी मांगने हल्द्वानी आ रहे नितिन नबीन नबीन के दौरे से गरमाई सियासत, कांग्रेस बोलीकृखड़गे के अपमान का जवाब दे भाजपा हल्द्वानी बनेगा भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक संदेशों और जवाबी नैरेटिव का बड़ा मंच देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हल्द्वानी दौरे से और गरमा गया है। नबीन के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए हल्द्वानी पहुंचने से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर सीधा राजनीतिक हमला बोल दिया है। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी में शुद्धिकरण विवाद पर माफी मांगने आ रहे हैं। हालांकि भाजपा की ओर से नबीन के दौरे को संगठनात्मक कार्यक्रम बताया जा रहा है और उनके दौरे को माफी से जोड़ने की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन कांग्रेस ने जिस तरह नबीन के दौरे को विवाद से जोड़ दिया है, उससे साफ है कि हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति अब सिर्फ संगठन की बैठक नहीं रहने वाली। यह बैठक राजनीतिक संदेशों और जवाबी नैरेटिव का बड़ा मंच बन सकती है। खड़गे की हल्द्वानी सभा के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद ने कांग्रेस को भाजपा पर हमला करने का मौका दे दिया। कांग्रेस ने इसे दलित सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ते हुए भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस का आरोप है कि देश की सबसे पुरानी पार्टियों में से एक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दलित समाज से आने वाले वरिष्ठ नेता की सभा के बाद इस तरह की कार्रवाई का कथित तौर पर होना बेहद गंभीर है। अब कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर नबीन के हल्द्वानी दौरे पर सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को पहले इस पूरे घटनाक्रम पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। पार्टी नेताओं का दावा है कि यदि भाजपा इसे गलत मानती है तो उसे सार्वजनिक रूप से इसकी निंदा करनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। नबीन का हल्द्वानी दौरा ऐसे समय हो रहा है जब उत्तराखंड की राजनीति धीरे-धीरे 2027 के विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ रही है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को चुनावी मोड में लाने, बूथ स्तर पर तैयारियों और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर मंथन की उम्मीद है। लेकिन कांग्रेस ने पहले ही बैठक के राजनीतिक एजेंडे में शुद्धिकरण विवाद को शामिल कर दिया है। यानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने चुनौती सिर्फ कार्यकर्ताओं को चुनावी संदेश देने की नहीं होगी। कांग्रेस के हमले का जवाब देना भी राजनीतिक मजबूरी बन सकता है। यदि भाजपा इस मुद्दे पर चुप रहती है तो कांग्रेस इसे माफी से बचने के रूप में प्रचारित कर सकती है। यदि राष्ट्रीय नेतृत्व इस विवाद पर कोई टिप्पणी करता है तो मामला और राष्ट्रीय सुर्खियों में आ सकता है। कांग्रेस के लिए यह विवाद महज एक स्थानीय घटना नहीं है। पार्टी इसे भाजपा की विचारधारा, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों से जोड़कर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। खड़गे के हल्द्वानी दौरे को कांग्रेस पहले ही कुमाऊं में अपने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के अभियान के रूप में देख रही थी। अब शुद्धिकरण विवाद ने उसे भाजपा पर हमला करने के लिए एक अतिरिक्त मुद्दा दे दिया है। कांग्रेस की रणनीति साफ दिखाई दे रही हैकृखड़गे के कथित अपमान को 2027 के चुनावी विमर्श से जोड़ना। भाजपा की ओर से नबीन का दौरा संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। प्रदेश कार्यसमिति में आगामी चुनाव को लेकर संगठन की दिशा तय होगी। सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा संभव है। लेकिन कांग्रेस ने नबीन के हल्द्वानी पहुंचने से पहले ही सवाल खड़ा कर दिया हैकृकि क्या राष्ट्रीय अध्यक्ष सिर्फ संगठन की बैठक करने आ रहे हैं या शुद्धिकरण विवाद पर भाजपा का रुख भी स्पष्ट करेंगे? यही सवाल अब हल्द्वानी की सियासत के केंद्र में है। कांग्रेस के लिए राजनीतिक गणित भी दिलचस्प है। यदि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष इस विवाद पर खेद या माफी जैसा कोई बयान देते हैं तो कांग्रेस इसे अपनी राजनीतिक जीत के रूप में पेश कर सकती है। दूसरी तरफ यदि भाजपा इसे विपक्ष की राजनीतिक साजिश बताकर खारिज करती है तो कांग्रेस हमले को और तेज कर सकती है। इसलिए नबीन का हल्द्वानी दौरा भाजपा के लिए संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ राजनीतिक डैमेज कंट्रोल की परीक्षा भी बनता दिखाई दे रहा है। हल्द्वानी में खड़गे आए थे तो कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोला था। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उसी शहर में आ रहे हैं। मंच भाजपा का होगा, लेकिन कांग्रेस ने सवाल पहले ही उछाल दिया हैकृशुद्धिकरण पर जवाब कब? उत्तराखंड की 2027 की चुनावी लड़ाई में यह विवाद कितना बड़ा मुद्दा बनता है, इसका फैसला आने वाले दिनों में होगा। फिलहाल इतना जरूर है कि हल्द्वानी की सियासत में खड़गे के बाद नबीन की एंट्री ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है।

चुनावी दहलीज पर ‘उबला’ उत्तराखंड

कांग्रेसी मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर दिखाएगी आर-पार का दम दलित सम्मान के मुद्दे पर सरकार की चुप्पी को कांग्रेस ने बनाया ढाल कांग्रेस पार्टी ने जांच व एफआईआर की मांग पर प्रदेश सरकार को घेरा देहरादून। हल्द्वानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने के बजाय अब उत्तराखंड की सियासत के केंद्र में पहुंच गया है। कांग्रेस ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान कर दिया है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न किया जाना इस बात का प्रमाण है कि सरकार का संबंधित धार्मिक संगठन के साथ कहीं न कहीं गठजोड़ है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान ने विवाद को और राजनीतिक रंग दे दिया है। गोदियाल का कहना है कि यदि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से लेती तो अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी होती। लेकिन सरकार की चुप्पी और कार्रवाई का अभाव कई सवाल खड़े कर रहा है। गोदियाल ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक स्थल पर आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण जैसी गतिविधि को लेकर शिकायतें सामने आने के बावजूद सरकार कार्रवाई से पीछे क्यों हट रही है। कांग्रेस का आरोप है कि मामला केवल एक मैदान में पूजा-पाठ या धार्मिक अनुष्ठान का नहीं है। सवाल यह है कि क्या किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के बाद उस स्थल को अपवित्र मानकर शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक और राजनीतिक रूप से स्वीकार्य है? कांग्रेस इसी सवाल को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी में है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार अगर निष्पक्ष है तो उसे बिना किसी दबाव के पूरे मामले की जांच करानी चाहिए और जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस ने अब इस मुद्दे को विधानसभा और पार्टी कार्यालयों की बयानबाजी से निकालकर सड़क पर ले जाने का फैसला किया है। पार्टी ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का आह्वान किया है। पार्टी की कोशिश है कि हल्द्वानी के विवाद को केवल स्थानीय घटना न रहने दिया जाए, बल्कि इसे सामाजिक सम्मान, संविधान और सरकार की जवाबदेही के बड़े मुद्दे के रूप में जनता के सामने रखा जाए। कांग्रेस के लिए यह आंदोलन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को आक्रामक मोड में लाने की कोशिश कर रही है। विवाद अब सीधे भाजपा सरकार की जवाबदेही से जुड़ गया है। कांग्रेस लगातार पूछ रही है कि आखिर सरकार ने कथित शुद्धिकरण मामले में क्या कार्रवाई की? क्या पूरे घटनाक्रम की जांच हुई? जिम्मेदार लोगों की पहचान हुई या नहीं? और अगर पहचान हुई तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई? भाजपा के लिए चुनौती यह है कि वह कांग्रेस के आरोपों को सिर्फ राजनीतिक बयान बताकर खारिज करे या पूरे मामले पर अपना स्पष्ट पक्ष सामने रखे। क्योंकि कांग्रेस ने अब एक ऐसा राजनीतिक सवाल खड़ा कर दिया है, जिसका जवाब केवल हल्द्वानी तक सीमित नहीं रहेगा। खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद शुरू हुआ विवाद अब कुमाऊं से निकलकर देहरादून पहुंच चुका है। कांग्रेस मुख्यमंत्री आवास कूच के जरिए सीधे सरकार के दरवाजे पर दस्तक देने जा रही है। दिलचस्प यह है कि इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हल्द्वानी दौरे और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है। ऐसे में कांग्रेस का आंदोलन और भाजपा का संगठनात्मक कार्यक्रम एक-दूसरे के समानांतर राजनीतिक संदेश देने की स्थिति बना रहे हैं। कांग्रेस जहां शुद्धिकरण विवाद को सामाजिक सम्मान और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ रही है, वहीं भाजपा के सामने संगठन को चुनावी रूप से मजबूत करने के साथ विपक्ष के हमलों का जवाब देने की चुनौती है। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव भले अभी कुछ समय दूर हों, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। ऐसे में हल्द्वानी का विवाद कांग्रेस के लिए भाजपा को घेरने का नया हथियार बन गया है। कांग्रेस की रणनीति साफ हैकृरामलीला मैदान से उठे सवाल को मुख्यमंत्री आवास तक ले जाना। अब देखना यह है कि 7 सितंबर को कांग्रेस का आंदोलन कितना बड़ा रूप लेता है और सरकार इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाती है। फिलहाल हल्द्वानी का रामलीला मैदान उत्तराखंड की राजनीति का नया अखाड़ा बन चुका है। एक तरफ कांग्रेस कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में है, दूसरी तरफ भाजपा संगठनात्मक ताकत के साथ मैदान में उतर रही है और इस पूरे राजनीतिक टकराव के बीच सबसे बड़ा सवाल वही हैकृ शुद्धिकरण किसका हुआ और अब सरकार की चुप्पी किस चीज को साफ कर रही है?