सोमवार, 23 नवंबर 2026

गोली खा लेना, लेकिन घूस मत लेना...

पिता की सीख बनी जीवन का उसूल, 93 महीने बाद आईपीएस जसवीर सिंह की वापसी राजा भैया के खिलाफ कार्रवाई से लेकर योगी पर रासुका लगाने की संस्तुति सुर्खियों में रहे प्रशासनिक लड़ाई के बाद पदावनति के साथ मिली आईपीएस जसवीर सिंह को बहाली देहरादून/लखनऊ। भारतीय पुलिस सेवा में कुछ अधिकारियों की पहचान उनके पद और रुतबे से बनती है तो कुछ अपने फैसलों, बेबाकी और विवादों से अलग पहचान कायम करते हैं। उत्तर प्रदेश कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। पिता अर्जन सिंह की एक सीख- गोली खा लेना, लेकिन घूस मत लेना को जीवन का मूलमंत्र बनाने वाले जसवीर सिंह ने अपने पुलिस करियर में कई ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया। अब 93 महीने यानी करीब सात साल सात महीने के लंबे निलंबन के बाद उनकी पुलिस सेवा में वापसी हुई है। हालांकि, यह वापसी पदावनति के साथ हुई है। पंजाब के होशियारपुर जिले में जन्मे जसवीर सिंह का जन्म 15 जनवरी 1968 को हुआ था। उनके पिता अर्जन सिंह भारतीय सेना में हवलदार थे। अनुशासन और ईमानदारी की सीख उन्हें परिवार से मिली। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की और इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई। वर्ष 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी के रूप में उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला। पांच सितंबर 1993 को उन्होंने पुलिस सेवा में कदम रखा। अपनी सख्त कार्यशैली और बेबाक फैसलों के कारण जल्द ही उनकी पहचान एक अलग तरह के पुलिस अधिकारी के रूप में बनने लगी। जसवीर सिंह के पुलिस करियर के सबसे चर्चित प्रसंगों में वर्ष 2002 का वह मामला शामिल है, जब वह महाराजगंज के पुलिस अधीक्षक थे। उस समय गोरखपुर के तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ से जुड़े एक मामले में उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने की संस्तुति की थी। यह फैसला उस दौर में काफी चर्चा में रहा। इसके अलावा प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र के प्रभावशाली विधायक राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले से जुड़े मामले में कार्रवाई को लेकर भी वह सुर्खियों में आए। बसपा शासनकाल में बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के कारण भी उनका नाम चर्चा में रहा। इन घटनाओं ने उन्हें ऐसे अधिकारी की पहचान दी, जो राजनीतिक प्रभाव और दबाव के बीच भी अपने फैसलों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं दिखते थे। जसवीर सिंह के करियर में सबसे बड़ा मोड़ वर्ष 2019 में आया। उस समय वह एडीजी होमगार्ड के पद पर तैनात थे। विभाग में वर्दी की खरीद और ईंधन के इस्तेमाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने कथित अनियमितताओं को लेकर रिपोर्ट भी तैयार की थी। इसी दौरान एक साक्षात्कार में उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, मुठभेड़ की नीति और अधिकारियों की तैनाती को लेकर सवाल उठाए। शासन ने उनके बयानों को अखिल भारतीय सेवा आचरण नियमावली के उल्लंघन के दायरे में माना और उनसे जवाब मांगा। इसके बाद बिना पूर्व सूचना और सक्षम अधिकारी की अनुमति के चार फरवरी 2019 से ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने के आधार पर 14 फरवरी 2019 को उन्हें निलंबित कर दिया गया। इसके बाद शुरू हुआ निलंबन का ऐसा लंबा दौर, जो 93 महीने तक चला। लंबे इंतजार के बाद अब उत्तर प्रदेश शासन ने उनका निलंबन समाप्त करते हुए सेवा में बहाली का आदेश जारी किया है। हालांकि, विभागीय कार्रवाई के तहत उन्हें पदावनत करते हुए एडीजी रैंक तक सीमित किया गया है। उनकी सेवानिवृत्ति जनवरी 2028 में होनी है। यानी सेवाकाल के अंतिम पड़ाव पर उन्हें दोबारा पुलिस सेवा में काम करने का अवसर मिला है, लेकिन पहले जैसी पदस्थापना और रैंक के साथ नहीं। जसवीर सिंह की कहानी महज एक आईपीएस अधिकारी के निलंबन और बहाली की कहानी नहीं है। यह पुलिस व्यवस्था में राजनीतिक दबाव, प्रशासनिक अनुशासन, अधिकारियों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जवाबदेही के बीच के टकराव को भी सामने लाती है। पिता की सीख को जीवन का उसूल बनाने वाले जसवीर सिंह के करियर में जहां सख्त पुलिसिंग और बेबाक फैसलों की छाप रही, वहीं लंबे निलंबन ने उनके पेशेवर जीवन का एक बड़ा हिस्सा भी छीन लिया। 93 महीने बाद हुई उनकी वापसी इसलिए भी चर्चा में है कि सेवा में बहाली तो मिली, लेकिन पद और प्रतिष्ठा की कीमत चुकाकर। पुलिस महकमे में उनकी वापसी के साथ एक सवाल फिर खड़ा हुआ है कि क्या व्यवस्था में ईमानदारी और बेबाकी की कीमत कई बार लंबी प्रशासनिक प्रतीक्षा के रूप में चुकानी पड़ती है?

कोई टिप्पणी नहीं: