मंगलवार, 24 नवंबर 2026

राज्य आंदोलन की ‘विरासत’ और यूकेडी

संकल्प-नए उत्तराखंड के सहारे क्षेत्रीय अस्मिता की लड़ाई होगी तेज पलायन, रोजगार और संसाधनों पर स्थानीय अधिकार होंगे चुनावी मुद्दे 2027 में तीसरे विकल्प की जमीन तलाश रहा है क्षेत्रीय दल यूकेडी देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। राज्य आंदोलन की राजनीति से निकला यह क्षेत्रीय दल एक बार फिर प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। लेकिन इस बार यूकेडी की रणनीति केवल चुनाव मैदान में प्रत्याशी उतारने तक सीमित नहीं है। पार्टी मूल निवास, सशक्त भू-कानून, स्थानीय संसाधनों पर अधिकार, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश कर रही है। यूकेडी ने अपने राजनीतिक एजेंडे को संकल्प-नए उत्तराखंड के रूप में सामने रखा है। पार्टी का मानना है कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी उत्तराखंड के मूल सवालों का समाधान नहीं हुआ है। जिस उद्देश्य और उम्मीद के साथ अलग राज्य का आंदोलन चला था, वह अपेक्षाओं के अनुरूप धरातल पर नहीं उतर पाया। ऐसे में यूकेडी एक बार फिर राज्य आंदोलन की मूल भावना को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। यूकेडी के चुनावी एजेंडे में सबसे प्रमुख स्थान मूल निवास और भू-कानून को दिया गया है। पार्टी उत्तराखंड में वर्ष 1950 को आधार बनाकर मूल निवास व्यवस्था को कानूनी मान्यता देने की पक्षधर है। इसके साथ ही राज्य की जमीनों को बाहरी खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए सख्त और प्रभावी भू-कानून बनाने की मांग उठा रही है। पार्टी का तर्क है कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों, जमीन और रोजगार पर स्थानीय लोगों का प्राथमिक अधिकार सुनिश्चित होना चाहिए। यूकेडी ने संविधान के अनुच्छेद 371 के तहत प्रदेश को विशेष संवैधानिक सुरक्षा दिलाने का संकल्प भी अपने नीति दस्तावेज में शामिल किया है। पार्टी के एजेंडे में पलायन का स्थायी समाधान भी प्रमुख है। यूकेडी का मानना है कि पहाड़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण गांव लगातार खाली हो रहे हैं। केवल पलायन रोकने की घोषणाओं से स्थिति नहीं बदलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने होंगे। इसके लिए कृषि, बागवानी, पर्यटन, लघु उद्योग और स्थानीय उत्पादों को अर्थव्यवस्था से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी राज्य के संसाधनों और रोजगार में स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता देने का मुद्दा भी जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है। आरक्षण के भीतर आरक्षण के माध्यम से वास्तविक वंचित वर्गों तक लाभ पहुंचाने की बात भी उसके नीति एजेंडे में शामिल है। यूकेडी ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की तैयारी की है। पार्टी संभावित प्रत्याशियों की पहचान और संगठनात्मक विस्तार पर काम कर रही है। 31 अक्टूबर को पार्टी ने 16 प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी। इसमें पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी को पिथौरागढ़ और पुष्पेश त्रिपाठी को द्वाराहाट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। हालांकि पार्टी ने समान विचारधारा वाले क्षेत्रीय दलों को साथ लाने का विकल्प भी खुला रखा है। इसके पीछे मकसद उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति को एक साझा मंच देना है। यूकेडी का मानना है कि छोटे क्षेत्रीय दलों के बिखरे रहने से राज्य के मूल मुद्दों को राजनीतिक ताकत नहीं मिल पा रही है। चुनावी एजेंडे को जनता तक पहुंचाने के लिए यूकेडी ने उत्तराखंड उत्थान यात्रा की शुरुआत की है। कुमाऊं मंडल के बाद गढ़वाल में भी इस अभियान को आगे बढ़ाने की योजना है। इसके माध्यम से मूल निवास, भू-कानून, पलायन और स्थानीय अधिकारों जैसे मुद्दों पर जनसंवाद किया जाएगा। इसके साथ ही श्हर घर चर्चा, हर घर पर्चाश् अभियान और प्रदेशव्यापी रथ यात्रा की योजना भी सामने आई है। यूकेडी के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज्य आंदोलन से जुड़ी जनभावनाओं को चुनावी समर्थन में कैसे बदला जाए। अलग राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन लगातार खोती रही है। वर्ष 2002 में चार सीटें जीतने वाली यूकेडी 2007 में तीन और 2012 में एक सीट पर सिमट गई थी। 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी विधानसभा में अपना खाता नहीं खोल सकी। दरअसल, यूकेडी 2027 के चुनाव को सत्ता की लड़ाई से ज्यादा उत्तराखंड की अस्मिता, पहचान और अधिकारों की लड़ाई के रूप में पेश करना चाहती है। भाजपा और कांग्रेस के बीच बंटी प्रदेश की राजनीति में क्षेत्रीय विकल्प बनने की उसकी कोशिश कितनी आगे बढ़ती है, यह चुनावी नतीजे तय करेंगे। लेकिन इतना स्पष्ट है कि इस बार यूकेडी अपने पुराने आंदोलनकारी मुद्दों को नए राजनीतिक एजेंडे के साथ जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।

कोई टिप्पणी नहीं: