मंगलवार, 24 नवंबर 2026
उत्तराखंड में मुख्य मुकाबले की ‘परंपरा’ और आप पार्टी
केजरीवाल की हरी झंडी के बाद चुनावी मोड में आम आदमी पार्टी
हर घर नमस्कार अभियान से जनता के बीच पहुंचेगी अब आप पार्टी
भाजपा और कांग्रेस के सामने तीसरे विकल्प की तलाश में है आप
देहरादून। उत्तराखंड की चुनावी राजनीति में आम आदमी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना इरादा साफ कर दिया है। पार्टी सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश संगठन को हरी झंडी दे दी है। खास बात यह है कि पार्टी फिलहाल किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन की संभावना को भी खारिज कर रही है। यानी आप इस बार भाजपा और कांग्रेस के सामने अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन तैयार करने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरेगी।
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के साथ हुई बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। बैठक में प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव सहित प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे। प्रदेश नेतृत्व ने राष्ट्रीय संयोजक के सामने राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मौजूदा स्थिति और चुनावी तैयारियों का खाका रखा। केजरीवाल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए।
आम आदमी पार्टी के लिए उत्तराखंड में सबसे बड़ी चुनौती विधानसभा में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन किसी भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई। पार्टी को 3.31 प्रतिशत मत मिले थे। इसके बावजूद आप नेतृत्व ने एक बार फिर सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने साफ किया कि पार्टी सभी 70 सीटें जीतने का दावा नहीं कर रही, लेकिन इस बार विधानसभा में अपना खाता खोलने का लक्ष्य जरूर है।
आप की चुनावी रणनीति में इस बार जनसंपर्क को खास महत्व दिया जा रहा है। पार्टी हर घर नमस्कार अभियान शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं तथा अपेक्षाओं को समझेंगे। पार्टी का जोर केवल बड़े नेताओं की सभाओं पर नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर संगठन खड़ा करने पर रहेगा। रोजगार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को चुनावी अभियान का आधार बनाने की तैयारी है। दिल्ली और पंजाब में लागू की गई अपनी नीतियों का हवाला देते हुए पार्टी मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को उत्तराखंड के सामने विकल्प के रूप में प्रस्तुत करना चाहती है। पार्टी की रणनीति में राष्ट्रीय नेताओं की सक्रियता भी महत्वपूर्ण होगी। अरविंद केजरीवाल ने जल्द उत्तराखंड आने का भरोसा दिया है। उनके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी प्रदेश में प्रचार अभियान में शामिल होने की संभावना है। केजरीवाल उन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी कर सकते हैं, जहां पार्टी अपने संगठन को मजबूत मानती है।
उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबले की परंपरा रही है। ऐसे में आप का सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। विशेषकर उन विधानसभा क्षेत्रों में जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला करीबी रहता है, वहां आप की मौजूदगी और उसे मिलने वाला मत प्रतिशत चर्चा का विषय बन सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से आप के चुनाव लड़ने को भाजपा को लाभ पहुंचाने वाला बताने संबंधी टिप्पणी पर भी उमा सिसोदिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस को अपने संगठन और उम्मीदवारों की स्थिति पर आत्ममंथन करने की नसीहत दी। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह अपने चुनावी दावों को कितनी मजबूत संगठनात्मक उपस्थिति में बदल पाती है। 2022 में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। इस बार भी सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का फैसला अपने आप में संगठन की मजबूती का प्रमाण नहीं होगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत चेहरे, सक्रिय कार्यकर्ता, संसाधन और लगातार जनसंपर्क जरूरी होंगे।
दूसरी ओर उत्तराखंड की राजनीति में क्षेत्रीय दलों और तीसरे विकल्प की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा चल रही है। ऐसे में आप की रणनीति केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उसे अपनी अलग राजनीतिक पहचान और जनाधार भी स्थापित करना होगा। कुल मिलाकर आम आदमी पार्टी ने 2027 के चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। गठबंधन के बजाय सभी 70 सीटों पर अकेले उतरने का फैसला पार्टी के लिए अवसर भी है और बड़ी राजनीतिक परीक्षा भी। अब देखना होगा कि केजरीवाल का चुनावी मॉडल पहाड़ की भौगोलिक, सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में कितना स्वीकार्य हो पाता है और क्या आप इस बार उत्तराखंड विधानसभा में अपना खाता खोलने में सफल होती है।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें