मंगलवार, 24 नवंबर 2026
भाजपा की जीत के ‘नौ मंत्र’
राजनाथ ने हरिद्वार से दिया 2027 का सियासी संदेश
युवाओं को जोड़ने और विपक्ष को तथ्यों से दें जवाब
बूथ विजय अभियान से गांव-गांव पहुंचने की रणनीति
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती के बीच भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति को संगठन के धरातल पर उतारना शुरू कर दिया है। हरिद्वार में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत के नौ मंत्र देकर चुनावी अभियान की दिशा स्पष्ट करने की कोशिश की। उनके संबोधन में केवल तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प नहीं था, बल्कि संगठन के भीतर अनुशासन, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और जनता के साथ संवाद को लेकर भी स्पष्ट संदेश था।
भाजपा के सामने इस बार चुनौती केवल सत्ता में वापसी की नहीं, बल्कि उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के राजनीतिक मिथक को अपने पक्ष में कायम रखने की भी है। राज्य गठन के बाद अब तक कोई भी दल लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार नहीं बना पाया है। ऐसे में भाजपा का हैट्रिक अभियान राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है। पार्टी ने इसके लिए 65 पार का लक्ष्य सामने रखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट लगातार कार्यकर्ताओं को इसी लक्ष्य के अनुरूप सक्रिय करने में जुटे हैं। राजनाथ सिंह ने अपने नौ सूत्रों में सबसे अधिक जोर संगठन की ताकत पर दिया। उनका संदेश था कि भाजपा की शक्ति सरकार नहीं, संगठन है। सत्ता में बैठे जनप्रतिनिधियों को भी संगठन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना होगा। इसका राजनीतिक अर्थ साफ है कि चुनाव से पहले पार्टी के भीतर जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच किसी तरह की दूरी नहीं रहनी चाहिए। सांसद, विधायक, मंत्री और पदाधिकारी केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि मंडल, जिला और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच भी पहुंचें।
दूसरा महत्वपूर्ण संदेश जनप्रतिनिधियों के भरोसे को लेकर था। राजनाथ ने जनप्रतिनिधियों को जनता के विश्वास का संरक्षक बनने की नसीहत दी। आपदा, दुर्घटना और संकट के समय कार्यकर्ता तथा जनप्रतिनिधि सबसे पहले लोगों के बीच पहुंचें। यह संदेश इसलिए भी अहम है कि चुनावी राजनीति में सरकारी योजनाओं के प्रचार से अधिक महत्व जनता के व्यक्तिगत अनुभव और स्थानीय समस्याओं के समाधान का होता है। तीसरे मंत्र के रूप में उन्होंने सोशल मीडिया और आधुनिक संचार माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया। भाजपा अब सोशल मीडिया को केवल प्रचार का मंच नहीं, बल्कि जनता की नब्ज समझने का माध्यम भी बनाना चाहती है। लोगों की शिकायतें, अपेक्षाएं और नाराजगी डिजिटल माध्यमों से समझकर संगठन तक पहुंचाने की जरूरत बताई गई। चौथा मंत्र राजनीतिक संवाद की मर्यादा से जुड़ा रहा। राजनाथ ने व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचते हुए मुद्दों पर राजनीति करने की सलाह दी। विपक्ष के आरोपों का जवाब भी तथ्यों के आधार पर देने को कहा। पांचवें मंत्र में युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय युवाओं की टीम तैयार करने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने की बात कही गई।
छठा मंत्र विपक्ष के आरोपों और उसके राजनीतिक विमर्श का तथ्यात्मक जवाब देने से जुड़ा था। चुनाव में केवल आरोपों का जवाब देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को तथ्यों और प्रमाणों के साथ अपनी बात रखनी होगी। सातवें मंत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के कामकाज को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। योजनाओं की उपलब्धियों के साथ लाभार्थियों के अनुभवों को भी जनता के सामने रखने की रणनीति इसमें शामिल है। आठवें मंत्र में नैतिकता, अनुशासन और ईमानदारी को सार्वजनिक जीवन का आधार बनाने की बात कही गई, जबकि नौवें मंत्र में संगठन की एकजुटता को सबसे बड़ी ताकत बताया गया। राजनाथ का संदेश था कि छोटी-छोटी असहमतियों को संगठन की मजबूती पर हावी नहीं होने देना चाहिए।
राजनाथ सिंह के नौ मंत्रों के साथ भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बूथ विजय अभियान की रूपरेखा भी तैयार की है। पार्टी की योजना प्रत्येक बूथ तक वरिष्ठ पदाधिकारियों की पहुंच बनाने की है। बूथ अध्यक्षों के घर नेम प्लेट लगाने, पार्टी का झंडा फहराने और कमल के चुनाव चिह्न के साथ दीवार लेखन कराने जैसे कार्यक्रम तय किए गए हैं। 10 से 25 दिसंबर तक बूथ विजय अभियान चलाने की तैयारी है। इसके अलावा पांच लोकसभा क्षेत्रों में शक्ति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे।
यह रणनीति बताती है कि भाजपा इस बार चुनाव को केवल बड़े नेताओं की सभाओं और भाषणों के भरोसे नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी की कोशिश है कि हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता दिखाई दे और संगठन का सीधा संपर्क मतदाताओं तक बने। सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य भी इसी व्यापक संगठन विस्तार का हिस्सा है। कुल मिलाकर हरिद्वार की कार्यसमिति बैठक में भाजपा ने 2027 के चुनाव का खाका सामने रख दिया है। लक्ष्य 65 पार का है, रास्ता बूथ से होकर गुजरता है और हथियार सरकार का रिपोर्ट कार्ड तथा संगठन की ताकत होगी। लेकिन इन नौ मंत्रों की असली परीक्षा तब होगी, जब पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मंचों से निकलकर जनता के बीच पहुंचेंगे।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें