बुधवार, 25 नवंबर 2026
बैणी-भुली योजना या ‘चुनावी रिश्वत’
पांच लाख महिलाओं के खातों में दस-दस हजार रुपये डालकर धामी सरकार साधेगी चुनावी गणित
महिला सशक्तीकरण के नाम पर चुनावी साल में आर्थिक सहायता का दांव, मंत्री ने बताया गेम चेंजर
कांग्रेस ने पूछा- उत्तराखंड में 2027 के चुनाव से ठीक पहले ही क्यों आई महिलाओं की याद
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए बैणी-भुली योजना का दांव चल दिया है। सरकार इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, लेकिन योजना की घोषणा का समय, लाभार्थियों की संख्या और किस्तों के भुगतान का चुनावी कार्यक्रम से मेल खाते संयोग ने इसकी मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि क्या यह वास्तव में महिला सशक्तीकरण की पहल है या चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को आर्थिक प्रलोभन देकर साधने की कोशिश?
योजना को लेकर सबसे दिलचस्प बात यह है कि सरकार के ही ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने इसे आगामी विधानसभा चुनाव में गेम चेंजर करार दिया है। यानी जिस योजना को सरकार महिला कल्याण की पहल बता रही है, उसके राजनीतिक लाभ की संभावना को लेकर खुद सरकार के मंत्री ने सार्वजनिक रूप से संकेत दे दिया है। ऐसे में विपक्ष को सरकार पर निशाना साधने का मौका मिलना स्वाभाविक है। बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की करीब 5.23 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की तैयारी है। ग्राम्य विकास मंत्री के अनुसार दिसंबर में पहली किस्त के रूप में प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 10 हजार रुपये भेजे जाएंगे। दूसरी किस्त मार्च में जारी किए जाने की बात कही गई है। इस योजना में स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को लाभ दिया जाना है। पहली किस्त के भुगतान का समय चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
योजना की घोषणा से ज्यादा चर्चा मंत्री भरत सिंह चौधरी के उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने इसे चुनाव में गेम चेंजर बताया। आखिर जब सरकार किसी योजना को चुनावी गेम चेंजर के रूप में देख रही है तो उसके पीछे राजनीतिक गणित को नजरअंदाज कैसे किया जा सकता है? पांच लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सीधे धनराशि पहुंचाने की योजना का असर केवल लाभार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। परिवारों और उनके सामाजिक दायरे तक इसका राजनीतिक संदेश पहुंचाने की कोशिश भी होगी। भाजपा जानती है कि महिला मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की ताकत रखती हैं। पिछले चुनावों में भी महिला मतदाताओं की भागीदारी और समर्थन ने राजनीतिक दलों के समीकरण प्रभावित किए हैं। ऐसे में चुनाव से पहले इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का फैसला भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने योजना की समयसीमा और पात्रता को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार को महिलाओं की आर्थिक स्थिति की चिंता सताने लगी है। प्रदेश में 35 से 40 लाख महिलाएं हैं, लेकिन योजना का लाभ सीमित संख्या में महिलाओं को ही मिलेगा। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि महिलाओं को चुनावी सहायता देने के बजाय स्थायी रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर क्यों नहीं उपलब्ध कराए जा रहे? दरअसल, उत्तराखंड में महिलाओं की आर्थिक स्थिति किसी से छिपी नहीं है। पहाड़ की महिलाएं खेती, पशुपालन, जंगल और घर की जिम्मेदारियों के बीच जीवन खपा रही हैं। पलायन के कारण गांवों में बढ़ता महिला श्रम, रोजगार के सीमित अवसर, बाजार तक पहुंच की समस्या और स्वरोजगार के लिए पूंजी का अभाव आज भी बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में महिलाओं को एकमुश्त आर्थिक सहायता देना निश्चित रूप से राहत पहुंचा सकता है, लेकिन क्या दस हजार रुपये की पहली किस्त इन बुनियादी समस्याओं का समाधान कर पाएगी?
महिला सशक्तीकरण का अर्थ केवल बैंक खाते में पैसा पहुंचाना नहीं है। इसका अर्थ महिलाओं को नियमित आय, रोजगार, बाजार, संसाधन और आर्थिक निर्णय लेने की स्वतंत्रता देना भी है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहती है तो उसे स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लिए बाजार, पहाड़ी कृषि के लिए बेहतर मूल्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने होंगे। भाजपा के सामने 2027 में सत्ता में वापसी और जीत की हैट्रिक लगाने की चुनौती है। दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार को बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। ऐसे राजनीतिक माहौल में बैणी-भुली योजना भाजपा के लिए महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का एक बड़ा माध्यम बन सकती है।
लेकिन असली सवाल यह है कि क्या महिलाएं आर्थिक सहायता को सरकार की उपलब्धि मानकर वोट देंगी या फिर रोजगार, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पहाड़ की बदहाल बुनियादी सुविधाओं के आधार पर अपना फैसला करेंगी?सरकार के लिए यह योजना चुनावी लाभ का माध्यम हो सकती है, लेकिन जनता के लिए इसका मूल्यांकन केवल इस बात से होगा कि पैसा खाते में पहुंचा या नहीं, बल्कि इससे महिलाओं की जिंदगी में कितना वास्तविक बदलाव आया।लोकतंत्र में कल्याणकारी योजनाओं का स्वागत होना चाहिए, लेकिन चुनाव से ठीक पहले सरकारी खजाने से होने वाले आर्थिक लाभ को राजनीतिक उपहार में बदलने की कोशिश पर सवाल उठना भी जरूरी है। बैणी-भुली योजना महिला सशक्तीकरण की पहल बनेगी या चुनावी रिश्वत का आरोप झेलेगी, इसका फैसला अंततः उत्तराखंड की महिलाएं ही करेंगी।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें