बुधवार, 25 नवंबर 2026

सत्ता बनाम सड़क, बीच में खड़ी पुलिस

सड़कों पर गूंजता नारा, बैरिकेडिंग के पीछे खड़ी होती सत्ता-पुलिस के सामने खड़ा विपक्ष 2027 के चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाम लोकतांत्रिक विरोध की लड़ाई हुई तेज कांग्रेस के आंदोलनों से लेकर यूकेडी के घेराव तक पुलिस बनी राजनीतिक टकराव का केंद्र देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों एक नारा तेजी से चर्चा में है- जब-जब धामी डरता है, पुलिस को आगे करता है। यह नारा अब केवल किसी एक राजनीतिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं रह गया है। सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच यह राजनीतिक प्रतिरोध का नया जुमला बनता जा रहा है। बैरिकेडिंग, पुलिस की तैनाती, हिरासत और प्रदर्शनकारियों के साथ टकराव के बीच यह नारा धामी सरकार की राजनीतिक कार्यशैली पर विपक्ष के हमले का हथियार बन गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की राजनीति में सड़क और सत्ता के बीच संघर्ष तेज हो रहा है। विपक्ष सरकार को घेरने के लिए आंदोलन का रास्ता अपना रहा है तो सरकार सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा का हवाला देकर पुलिस के माध्यम से प्रदर्शनों को नियंत्रित कर रही है। लेकिन इस पूरी कवायद में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार विरोध की आवाजों को लोकतांत्रिक तरीके से सुनने के बजाय उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है? पिछले कुछ समय में उत्तराखंड में कई ऐसे राजनीतिक घटनाक्रम सामने आए हैं, जिनमें पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आए। गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल के आंदोलनों में बैरिकेडिंग और पुलिस की तैनाती चर्चा में रही। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इसी नारे को बुलंद किया। सितंबर में मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव हुआ। हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। कांग्रेस इसे सरकार की ओर से विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताती रही, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के आंदोलन को राजनीतिक और सामाजिक विवाद को तूल देने की कवायद करार दिया। युवा कांग्रेस के रुद्रपुर प्रदर्शन में भी पुलिस बैरिकेडिंग और कथित लाठीचार्ज को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने धामी सरकार के खिलाफ यही नारा लगाया। हालिया दिनों में मुख्यमंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भी विरोध और असहमति के मामले सामने आए हैं। जौलजीबी मेले में धारचूला विधायक हरीश धामी और मुख्यमंत्री के बीच विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं उठाने का अवसर नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। इसके बाद हुए हंगामे को लेकर पुलिस ने विधायक सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुख्यमंत्री ने इस व्यवहार को लोकतंत्र के लिए अनुचित बताया। वहीं श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान वरिष्ठ पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रवेश से रोके जाने की घटना ने भी सवाल खड़े किए हैं। इस मामले में प्रवेश रोकने के कारण और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट होना जरूरी है। पुलिस का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। मुख्यमंत्री, मंत्रियों और महत्वपूर्ण सार्वजनिक आयोजनों की सुरक्षा भी उसकी जिम्मेदारी है। किसी भी प्रदर्शन के दौरान यातायात, सार्वजनिक संपत्ति और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व है। लेकिन इसी के साथ शांतिपूर्ण विरोध और असहमति व्यक्त करना भी लोकतांत्रिक अधिकार है। समस्या तब पैदा होती है, जब हर विरोध को कानून-व्यवस्था की चुनौती मानकर देखा जाने लगता है। क्या प्रशासन के पास प्रदर्शनकारियों से संवाद करने का कोई प्रभावी रास्ता नहीं है? क्या हर राजनीतिक असहमति का जवाब बैरिकेडिंग और हिरासत ही है? और क्या पुलिस की कार्रवाई में राजनीतिक निष्पक्षता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है? यह सवाल केवल विपक्ष के नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़े हैं। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, अंकिता भंडारी प्रकरण और सरकार की कार्यशैली को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। यूकेडी भी क्षेत्रीय अस्मिता, स्थायी राजधानी और मूलभूत सवालों को लेकर अपनी जमीन तलाश रही है। भाजपा विकास, कानून-व्यवस्था और केंद्र-राज्य की उपलब्धियों के आधार पर तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रही है। ऐसे में यह नारा विपक्ष के लिए सरकार को घेरने का राजनीतिक माध्यम बन सकता है। लेकिन इसके प्रभाव का आकलन केवल नारों या प्रदर्शनों से नहीं, बल्कि उनके पीछे उठाए जा रहे मुद्दों और सरकार के जवाब से होगा। दरअसल, लोकतंत्र में सरकार की ताकत इस बात से नहीं मापी जाती कि उसने कितने बैरिकेड लगाए और कितने प्रदर्शनकारियों को रोका। उसकी असली कसौटी यह है कि वह अपने विरोधियों के सवाल कितने धैर्य से सुनती है। पुलिस को कानून का पहरेदार बने रहना चाहिए, सत्ता का राजनीतिक कवच नहीं। यही वह सवाल है, जिसका जवाब 2027 के चुनाव से पहले धामी सरकार को देना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: