शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026
2027 के रण के लिए ‘चक्रव्यूह’
विधानसभा प्रभारी और विस्तारकों की मैदान में उतारने की तैयारी
बूथ से विधानसभा तक पकड़ मजबूत करने की रणनीति हुई तय
उत्तराखंड में तीसरी बार सत्ता में वापसी की चुनौती नहीं है आसान
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात पर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। विधानसभा प्रभारी वर्ग एवं विस्तारक योजना वर्ग का समापन सत्र पार्टी की इसी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। भाजपा का जोर अब केवल राजनीतिक संदेशों और बड़े नेताओं की सभाओं तक सीमित रहने के बजाय संगठन की जमीनी ताकत को चुनावी नतीजों में बदलने पर है। विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण, कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति के प्रमुख आधार बन सकते हैं।
भाजपा के लिए उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की चुनौती आसान नहीं है। पार्टी जहां अपने संगठनात्मक ढांचे, केंद्र और राज्य सरकारों के कामकाज तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व को चुनावी ताकत बनाने की तैयारी में है, वहीं विपक्षी कांग्रेस भी सत्ता में वापसी के लिए राजनीतिक जमीन तलाश रही है। ऐसे में विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों का प्रशिक्षण केवल संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि चुनाव से पहले अपनी कमजोरियों को पहचानने और उन्हें दूर करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा की चुनावी रणनीति में बूथ प्रबंधन हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। पार्टी का मानना है कि चुनावी सफलता के लिए प्रदेश नेतृत्व की रणनीति तभी कारगर होगी, जब उसका क्रियान्वयन विधानसभा और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से हो। विस्तारकों की भूमिका इसी कड़ी में अहम हो जाती है। उन्हें संगठन की गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने और जमीनी राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी जुटाने जैसे दायित्व निभाने होते हैं। विधानसभा प्रभारियों के सामने भी बड़ी चुनौती है। उन्हें स्थानीय संगठन, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और संभावित चुनावी मुद्दों के बीच समन्वय बनाना होगा। उत्तराखंड जैसे राज्य में जहां पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याएं, पलायन, रोजगार, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं तथा मैदानी क्षेत्रों की अलग राजनीतिक चुनौतियां चुनावी समीकरणों को प्रभावित करती हैं, वहां एक जैसी रणनीति हर विधानसभा में कारगर नहीं हो सकती।
उत्तराखंड विधानसभा में 70 सीटें हैं और भाजपा के सामने हर सीट पर अपनी स्थिति मजबूत करने की चुनौती है। पार्टी नेतृत्व के सामने लक्ष्य केवल सत्ता में वापसी करना नहीं, बल्कि उन क्षेत्रों में भी संगठन को मजबूत करना है जहां विपक्षी दलों की पकड़ रही है या स्थानीय असंतोष चुनावी नुकसान पहुंचा सकता है। विस्तारक योजना को इसी व्यापक रणनीति के हिस्से के रूप में देखा जा सकता है। संगठन की जमीनी रिपोर्ट, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाताओं के बीच सरकार की छवि का आकलन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण होगा। हालांकि, प्रशिक्षण और संगठनात्मक बैठकों का वास्तविक परिणाम इस बात से तय होगा कि उनके बाद जमीन पर कितना बदलाव दिखाई देता है।
भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता कांग्रेस के लिए भी चुनौती पैदा कर सकती है। कांग्रेस जहां सरकार के खिलाफ बेरोजगारी, महंगाई, कथित भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों को धार देने की कोशिश कर सकती है, वहीं भाजपा अपने संगठन के माध्यम से सरकारी योजनाओं और राजनीतिक संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति अपना सकती है। लेकिन केवल संगठनात्मक मजबूती चुनाव जीतने की गारंटी नहीं है। स्थानीय नाराजगी, टिकट वितरण, नेताओं के बीच तालमेल और सरकार के प्रति जनता की धारणा भी चुनावी परिणामों को प्रभावित करेगी। भाजपा के लिए सबसे बड़ी परीक्षा यही होगी कि संगठन की ताकत को जनता के समर्थन में कितना बदला जा सकता है।
विधानसभा प्रभारी वर्ग एवं विस्तारक योजना वर्ग का समापन सत्र भाजपा की चुनावी तैयारी के अगले चरण का संकेत है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि प्रशिक्षण के दौरान तय रणनीति को किस तरह लागू किया जाता है और विधानसभा स्तर पर संगठन कितनी सक्रियता दिखाता है। भाजपा का लक्ष्य साफ हैकृचुनाव से पहले संगठन को चुस्त करना, बूथ तक पहुंच मजबूत करना और हर विधानसभा में राजनीतिक स्थिति पर नजर रखना। लेकिन 2027 की लड़ाई में संगठनात्मक अनुशासन के साथ जनविश्वास भी उतना ही जरूरी होगा। चुनावी मशीनरी कितनी भी मजबूत क्यों न हो, अंतिम फैसला मतदाता ही करेगा।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें