शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

थाली में ‘बीमारी’ परोस रहा बाजार

खेत में रसायन, बाजार में मिलावट और थाली में खतरा देश में मुनाफे की भूख, इंसान की सेहत पर पड़ रही भारी मिलावट का जाल, मुनाफे की भूख में सेहत से खिलवाड़ जिस अन्न को अमृत माना, उसकी शुद्धता पर भरोसा नहीं देहरादून। इंसान जिंदा रहने के लिए खाना खाता है, लेकिन अब सवाल यह है कि कहीं खाना ही इंसान को बीमार तो नहीं बना रहा? जिस दूध को बच्चों की सेहत का आधार माना जाता है, उसकी शुद्धता पर सवाल हैं। जिस सब्जी को पौष्टिक समझकर थाली में सजाया जाता है, उसमें कीटनाशकों के अवशेष होने का खतरा है। जिन मसालों से भोजन का स्वाद बढ़ता है, उनमें मिलावट की शिकायतें सामने आती रहती हैं। पैकेट में बंद खाद्य पदार्थों की चमक और आकर्षक विज्ञापनों के पीछे पोषण का कितना सच छिपा है, यह भी किसी से छिपा नहीं। आखिर हमारी थाली में क्या है? पोषण, रसायन, मिलावट या धीमे-धीमे शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्व? यह सवाल अब सिर्फ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा का बन चुका है। बाजार में बिकने वाली हर चीज पर भरोसा करना उपभोक्ता की मजबूरी है, लेकिन उस भरोसे की कीमत उसे अपनी सेहत से चुकानी पड़े तो जिम्मेदार कौन होगा? मुनाफे के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले, गुणवत्ता की अनदेखी करने वाले कारोबारी या आंखें मूंदकर बैठा निगरानी तंत्र? खाद्य कारोबार में मुनाफा कमाना गलत नहीं है, लेकिन जब मुनाफे की भूख इंसान की सेहत से बड़ी हो जाए तो यह कारोबार नहीं, अपराध की श्रेणी में आता है। दूध में मिलावट, नकली घी, घटिया खाद्य तेल, मसालों में मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की शिकायतें बार-बार सामने आती हैं। सवाल यह है कि आखिर लोगों की थाली में जहर पहुंचाने वालों के मन में कानून का डर क्यों नहीं है? सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि आम आदमी अपनी आंखों से खाद्य पदार्थों की शुद्धता नहीं पहचान सकता। दूध देखकर उसकी गुणवत्ता का पता नहीं चलता। फल की चमक उसके सुरक्षित होने का प्रमाण नहीं है। सब्जियों का ताजा दिखना इस बात की गारंटी नहीं कि उनमें हानिकारक अवशेष नहीं हैं। उपभोक्ता दुकान से सामान खरीदता है, बिल चुकाता है और भरोसे के साथ परिवार को खिलाता है। लेकिन अगर वही सामान स्वास्थ्य के लिए खतरा बन जाए तो उसकी सुनवाई कहां होगी? समस्या की जड़ केवल दुकानों तक सीमित नहीं है। खेतों में अत्यधिक और अनुचित रासायनिक इस्तेमाल, कीटनाशकों के अवशेष, दूषित पानी, खाद्य पदार्थों का असुरक्षित भंडारण और प्रसंस्करण से लेकर पैकेजिंग तक कई स्तरों पर गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। दूसरी तरफ हमारी भोजन संस्कृति भी तेजी से बदल रही है। घर के ताजे भोजन की जगह पैकेटबंद खाद्य पदार्थ, फास्ट फूड, अधिक नमक, चीनी और वसा वाले उत्पाद लेते जा रहे हैं। बाजार स्वाद बेच रहा है, विज्ञापन सेहत का सपना दिखा रहे हैं और उपभोक्ता इस चमक-दमक के बीच यह भूलता जा रहा है कि भोजन का पहला उद्देश्य शरीर को पोषण देना है। सुविधा और स्वाद की इस दौड़ में सेहत पीछे छूट रही है। मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों का बढ़ता बोझ एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है। इनके पीछे कई कारण हैं, लेकिन अस्वस्थ खानपान भी एक महत्वपूर्ण कारण है। दूषित भोजन और खाद्य विषाक्तता तत्काल स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा को केवल विभागीय औपचारिकता बनाकर नहीं छोड़ा जा सकता। विडंबना यह है कि मिलावट पकड़ने के लिए छापेमारी होती है, नमूने लिए जाते हैं, रिपोर्ट आती है और कार्रवाई की खबरें भी बनती हैं। लेकिन आम उपभोक्ता के मन में एक सवाल कायम रहता है कि बाजार में सुरक्षित भोजन की गारंटी आखिर कौन देगा? त्योहारों के समय मिठाई और दूध के नमूने लेने की सक्रियता दिखाई देती है, लेकिन क्या पूरे साल इसी गंभीरता से निगरानी होती है? कितने कारोबारियों के लाइसेंस रद्द हुए? कितनों को सजा मिली? कितने मामलों में दोषियों से जवाबदेही तय हुई? देश में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण और खाद्य सुरक्षा कानून मौजूद हैं। खाद्य कारोबारियों के लिए मानक निर्धारित हैं। निरीक्षण और नमूना जांच की व्यवस्था भी है। फिर भी मिलावट की शिकायतें सामने आती हैं तो निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सरकार को बताना होगा कि खाद्य सुरक्षा विभागों में पर्याप्त कर्मचारी हैं या नहीं? प्रयोगशालाओं में जांच की क्षमता कितनी है? नमूनों की रिपोर्ट आने में कितना समय लगता है? दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का परिणाम क्या रहा? केवल नमूने भरने और प्रेस विज्ञप्ति जारी करने से जनता की सेहत सुरक्षित नहीं होगी। जरूरत ऐसी व्यवस्था की है, जिसमें मिलावटखोरों को कारोबार करने से पहले कई बार सोचना पड़े। कभी कहा जाता था कि जैसा अन्न, वैसा मन। अब हालात ऐसे बन रहे हैं कि सवाल पूछना पड़ रहा है कि जैसा अन्न, वैसी बीमारी तो नहीं? जिस देश में अन्न को देवता माना जाता है, वहां थाली की शुद्धता पर सवाल उठना पूरे समाज और व्यवस्था के लिए शर्मनाक है। आखिर पेट भरने के लिए इंसान खाना खाए या यह सोचकर डरे कि आज की थाली कल अस्पताल का रास्ता न बन जाए? बाक्स अब सवाल पूछना ही होगा क्या सुरक्षित भोजन अब केवल अमीरों का विशेषाधिकार बन जाएगा? क्या आम आदमी को अपने बच्चों के लिए दूध खरीदते समय भी मिलावट का डर पालना पड़ेगा? क्या हर फल, सब्जी और मसाले की शुद्धता जांचने की जिम्मेदारी उपभोक्ता की ही है? सरकारें स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ाने की बात करती हैं, लेकिन बीमारियों की एक बड़ी वजह बनने वाले असुरक्षित खानपान पर रोक लगाने के लिए कितनी गंभीर हैं? भोजन कोई विलासिता नहीं, जीवन की बुनियादी जरूरत है। इसे मुनाफाखोरों के हवाले नहीं किया जा सकता। खाद्य सुरक्षा विभागों को नियमित और पारदर्शी जांच करनी होगी। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करनी होगी। मिलावट के दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी होगी और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को जवाबदेह बनाना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: