शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

udaydinmaan: थाली में ‘बीमारी’ परोस रहा बाजार

udaydinmaan: थाली में ‘बीमारी’ परोस रहा बाजार: खेत में रसायन, बाजार में मिलावट और थाली में खतरा देश में मुनाफे की भूख, इंसान की सेहत पर पड़ रही भारी मिलावट का जाल, मुनाफे की भूख में सेहत स...

udaydinmaan: चुनाव की ‘आहट’ सड़कों पर ‘जनसैलाब’

udaydinmaan: चुनाव की ‘आहट’ सड़कों पर ‘जनसैलाब’: धरने और प्रदर्शनों से गरमाने लगी सियासत सत्ता को घेरने के लिए आंदोलनों का सहारा कार्मिकों और बेरोजगारों तक ने खोला मोर्चा देहरादून। उत्तराख...

udaydinmaan: पहाड़ में एक पूरा गांव ‘उजड़ा’

udaydinmaan: पहाड़ में एक पूरा गांव ‘उजड़ा’: प्रदेश के उत्तरकाशी जिले के पवाणी गांव में आग ने 30 घर जले लोगों की वर्षों की मेहनत, जमा पूंजी और पुश्तैनी विरासत खाक पहाड़ में अग्निकांड से ...

पहाड़ में एक पूरा गांव ‘उजड़ा’

प्रदेश के उत्तरकाशी जिले के पवाणी गांव में आग ने 30 घर जले लोगों की वर्षों की मेहनत, जमा पूंजी और पुश्तैनी विरासत खाक पहाड़ में अग्निकांड से निपटने की व्यवस्था पर फिर उठे सवाल देहरादून/उत्तरकाशी। पहाड़ में आग लगती है तो सिर्फ लकड़ी के मकान नहीं जलते, उनके साथ पीढ़ियों की स्मृतियां, परिवारों की जमा पूंजी और जीवनभर की मेहनत भी राख हो जाती है। उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में आग ने कुछ ऐसा ही मंजर छोड़ दिया। देखते ही देखते 33 मकान आग की भेंट चढ़ गए। जिन घरों में कुछ समय पहले तक चूल्हे जल रहे थे, परिवारों की रौनक थी और जीवन की तमाम जरूरतें सहेजकर रखी गई थीं, वहां अब राख और मलबे के सिवाय कुछ नहीं बचा। इस अग्निकांड को केवल एक गांव में आग लगने की घटना मानकर आगे बढ़ जाना आसान है, लेकिन इसके पीछे पहाड़ की एक बड़ी और पुरानी समस्या छिपी है। सवाल यह है कि आखिर पहाड़ के गांव आग के सामने इतने असहाय क्यों हैं? एक मकान में लगी आग देखते ही देखते 33 मकानों तक कैसे पहुंच गई? क्या गांवों में अग्निशमन की कोई प्रभावी व्यवस्था है? और क्या हर बड़े हादसे के बाद मुआवजे और मदद की घोषणाओं के भरोसे ही ग्रामीणों को छोड़ दिया जाएगा? पवाणी गांव में लकड़ी के मकानों की अधिकता और गैस सिलिंडर फटने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने एक के बाद एक मकानों को अपनी चपेट में लिया। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी जान बचाने और आग को दूसरे घरों तक फैलने से रोकने की थी। लेकिन जब आग विकराल रूप ले लेती है तो सीमित संसाधनों के सहारे उसे रोक पाना लगभग असंभव हो जाता है। इस हादसे ने पहाड़ के पारंपरिक गांवों की संवेदनशीलता भी उजागर कर दी है। लकड़ी के मकान पहाड़ी वास्तुकला, स्थानीय जलवायु और जीवनशैली का हिस्सा रहे हैं। लेकिन जब मकान एक-दूसरे के बेहद करीब हों, छतें और निर्माण सामग्री ज्वलनशील हों तथा पानी और अग्निशमन के संसाधन दूर हों तो एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे गांव के लिए तबाही बन सकती है। सबसे बड़ा संकट उन परिवारों का है, जिन्होंने इस आग में अपना सब कुछ खो दिया। मकान दोबारा बन सकता है, लेकिन उसमें संजोई गई यादें, दस्तावेज, अनाज, कपड़े, घरेलू सामान और पुश्तैनी धरोहर वापस नहीं लाई जा सकती। ऐसे परिवारों के सामने अब सिर छिपाने से लेकर रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने तक का संकट खड़ा होगा। पवाणी का अग्निकांड व्यवस्था के लिए भी एक चेतावनी है। उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जिले में दूरस्थ गांवों तक आपातकालीन सेवाएं पहुंचाना पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। सड़क, दूरी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत पहुंचने में लगने वाला समय कई बार नुकसान को कई गुना बढ़ा देता है। ऐसे में सवाल केवल अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता का नहीं, बल्कि गांव स्तर पर आग से बचाव की पूरी व्यवस्था विकसित करने का है। सरकार और प्रशासन के सामने अब तत्काल राहत के साथ पुनर्वास की चुनौती है। प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, अस्थायी आवास, भोजन, कपड़े और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि क्षतिग्रस्त परिवारों को मकान दोबारा बनाने के लिए केवल आश्वासन न मिले, बल्कि समयबद्ध आर्थिक सहायता भी मिले। पवाणी की राख से एक बड़ा सवाल उठ रहा है। आखिर पहाड़ के गांवों को हर आपदा के बाद अपनी किस्मत के भरोसे क्यों छोड़ दिया जाता है? क्या अग्निकांड से बचाव के लिए गांवों में पानी के टैंक, अग्निशमन उपकरण और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की व्यवस्था नहीं हो सकती? क्या संवेदनशील गांवों की पहचान कर पहले से सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा सकते? 33 मकानों का जलना केवल संपत्ति का नुकसान नहीं है। यह पहाड़ के ग्रामीण जीवन की असुरक्षा का आईना है। अगर इस घटना के बाद भी व्यवस्था नहीं जागी तो अगली बार किसी दूसरे गांव की बारी हो सकती है। पवाणी को राहत जरूर चाहिए, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरत उस व्यवस्था की है जो अगली बार किसी गांव को इस तरह राख होने से बचा सके।

चुनाव की ‘आहट’ सड़कों पर ‘जनसैलाब’

धरने और प्रदर्शनों से गरमाने लगी सियासत सत्ता को घेरने के लिए आंदोलनों का सहारा कार्मिकों और बेरोजगारों तक ने खोला मोर्चा देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू होने के साथ ही सड़कों का सियासी तापमान भी बढ़ने लगा है। सरकार के खिलाफ धरने-प्रदर्शन तेज हो रहे हैं। कहीं बेरोजगार युवा नौकरी की मांग लेकर सड़कों पर हैं तो कहीं कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कहीं जमीन का सवाल है तो कहीं भर्ती, भ्रष्टाचार, महंगाई और जनसुविधाओं को लेकर सरकार को घेरा जा रहा है। सत्ता के गलियारों से लेकर सड़कों तक हलचल बढ़ने लगी है। साफ है कि चुनाव करीब आते ही जनता के मुद्दे एक बार फिर राजनीतिक संघर्ष का हथियार बनने लगे हैं। उत्तराखंड की राजनीति में आंदोलनों का अपना इतिहास रहा है। अलग राज्य का गठन ही लंबे जनसंघर्ष का परिणाम था। इसलिए यहां धरना-प्रदर्शन महज विरोध का माध्यम नहीं, बल्कि राजनीतिक चेतना और जनभावनाओं की अभिव्यक्ति भी रहे हैं। लेकिन मौजूदा दौर में आंदोलनों के बढ़ते दायरे के साथ उनके राजनीतिक इस्तेमाल का सवाल भी खड़ा होने लगा है। भाजपा सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले वह जनता के बीच अपने कामकाज का हिसाब कैसे रखेगी। रोजगार, भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन और पहाड़ों में बुनियादी सुविधाओं की कमी ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। बेरोजगार युवाओं का असंतोष सरकार के लिए खास तौर पर चुनौती बन सकता है। नकलरोधी कानून और भर्ती प्रक्रिया में सुधार के दावों के बावजूद युवाओं की अपेक्षाएं पूरी तरह शांत नहीं हुई हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस भी सड़कों पर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने में जुटी है। श्भूमि बचाओ, धामी हटाओश् जैसे अभियानों से लेकर विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति इसी राजनीतिक तैयारी का हिस्सा है। कांग्रेस के लिए चुनौती केवल सरकार की नाकामियां गिनाना नहीं, बल्कि आंदोलनों को व्यापक जनसमर्थन में बदलना भी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर संगठन अपनी आगामी रणनीति तैयार कर रहा है। इस राजनीतिक परिदृश्य में क्षेत्रीय दलों और दूसरे राजनीतिक संगठनों की सक्रियता भी बढ़ रही है। उत्तराखंड क्रांति दल राज्य के सवालों को लेकर अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश में है। आम आदमी पार्टी समेत अन्य दल भी सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं। ऐसे में छोटे-बड़े आंदोलन राजनीतिक दलों के लिए जनता के बीच पहुंचने का माध्यम बन रहे हैं। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम का एक दूसरा पहलू भी है। चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दल उन मुद्दों को भी उठाने लगते हैं, जिन्हें सामान्य दिनों में अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिलती। वर्षों से लंबित समस्याएं अचानक राजनीतिक विमर्श के केंद्र में आ जाती हैं। ज्ञापन दिए जाते हैं, धरने होते हैं, प्रदर्शन होते हैं और सरकार से जवाब मांगा जाता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या इन मुद्दों का समाधान भी होगा या फिर चुनाव के बाद आंदोलनकारी एक बार फिर उसी व्यवस्था के सामने खड़े होंगे? सरकार के लिए भी यह समय केवल विपक्ष के आरोपों का जवाब देने का नहीं, बल्कि असंतोष के वास्तविक कारणों को समझने का है। हर प्रदर्शन को राजनीतिक साजिश बताकर खारिज नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है और सरकार की जवाबदेही भी। यदि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, युवा रोजगार के लिए आवाज उठा रहे हैं और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं तो उनके सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उत्तराखंड में चुनावी मुकाबला अब केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सत्ता की लड़ाई तक सीमित नहीं रहने वाला। बेरोजगारी, पलायन, महिला सुरक्षा, जमीन, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं। सड़कों पर उठने वाली आवाजें यदि गांवों और विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचती हैं तो उनका असर राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है। फिलहाल प्रदेश में धरने-प्रदर्शनों की बढ़ती संख्या सत्ता के लिए चेतावनी और विपक्ष के लिए अवसर बनती दिखाई दे रही है। लेकिन आंदोलनों की असली ताकत उनकी भीड़ से नहीं, उनके मुद्दों और जनसमर्थन से तय होगी। चुनाव से पहले सड़क पर उतरने वाले हर संगठन और राजनीतिक दल की परीक्षा भी इसी कसौटी पर होगी। आखिरकार सवाल यही है कि उत्तराखंड में आंदोलन चुनाव देखकर तेज हो रहे हैं या चुनाव से पहले जनता का दबा हुआ असंतोष सड़कों पर फूट रहा है? सत्ता के लिए यह सवाल जितना महत्वपूर्ण है, विपक्ष के लिए भी उतना ही कठिन है।

थाली में ‘बीमारी’ परोस रहा बाजार

खेत में रसायन, बाजार में मिलावट और थाली में खतरा देश में मुनाफे की भूख, इंसान की सेहत पर पड़ रही भारी मिलावट का जाल, मुनाफे की भूख में सेहत से खिलवाड़ जिस अन्न को अमृत माना, उसकी शुद्धता पर भरोसा नहीं देहरादून। इंसान जिंदा रहने के लिए खाना खाता है, लेकिन अब सवाल यह है कि कहीं खाना ही इंसान को बीमार तो नहीं बना रहा? जिस दूध को बच्चों की सेहत का आधार माना जाता है, उसकी शुद्धता पर सवाल हैं। जिस सब्जी को पौष्टिक समझकर थाली में सजाया जाता है, उसमें कीटनाशकों के अवशेष होने का खतरा है। जिन मसालों से भोजन का स्वाद बढ़ता है, उनमें मिलावट की शिकायतें सामने आती रहती हैं। पैकेट में बंद खाद्य पदार्थों की चमक और आकर्षक विज्ञापनों के पीछे पोषण का कितना सच छिपा है, यह भी किसी से छिपा नहीं। आखिर हमारी थाली में क्या है? पोषण, रसायन, मिलावट या धीमे-धीमे शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्व? यह सवाल अब सिर्फ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा का बन चुका है। बाजार में बिकने वाली हर चीज पर भरोसा करना उपभोक्ता की मजबूरी है, लेकिन उस भरोसे की कीमत उसे अपनी सेहत से चुकानी पड़े तो जिम्मेदार कौन होगा? मुनाफे के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले, गुणवत्ता की अनदेखी करने वाले कारोबारी या आंखें मूंदकर बैठा निगरानी तंत्र? खाद्य कारोबार में मुनाफा कमाना गलत नहीं है, लेकिन जब मुनाफे की भूख इंसान की सेहत से बड़ी हो जाए तो यह कारोबार नहीं, अपराध की श्रेणी में आता है। दूध में मिलावट, नकली घी, घटिया खाद्य तेल, मसालों में मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की शिकायतें बार-बार सामने आती हैं। सवाल यह है कि आखिर लोगों की थाली में जहर पहुंचाने वालों के मन में कानून का डर क्यों नहीं है? सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि आम आदमी अपनी आंखों से खाद्य पदार्थों की शुद्धता नहीं पहचान सकता। दूध देखकर उसकी गुणवत्ता का पता नहीं चलता। फल की चमक उसके सुरक्षित होने का प्रमाण नहीं है। सब्जियों का ताजा दिखना इस बात की गारंटी नहीं कि उनमें हानिकारक अवशेष नहीं हैं। उपभोक्ता दुकान से सामान खरीदता है, बिल चुकाता है और भरोसे के साथ परिवार को खिलाता है। लेकिन अगर वही सामान स्वास्थ्य के लिए खतरा बन जाए तो उसकी सुनवाई कहां होगी? समस्या की जड़ केवल दुकानों तक सीमित नहीं है। खेतों में अत्यधिक और अनुचित रासायनिक इस्तेमाल, कीटनाशकों के अवशेष, दूषित पानी, खाद्य पदार्थों का असुरक्षित भंडारण और प्रसंस्करण से लेकर पैकेजिंग तक कई स्तरों पर गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। दूसरी तरफ हमारी भोजन संस्कृति भी तेजी से बदल रही है। घर के ताजे भोजन की जगह पैकेटबंद खाद्य पदार्थ, फास्ट फूड, अधिक नमक, चीनी और वसा वाले उत्पाद लेते जा रहे हैं। बाजार स्वाद बेच रहा है, विज्ञापन सेहत का सपना दिखा रहे हैं और उपभोक्ता इस चमक-दमक के बीच यह भूलता जा रहा है कि भोजन का पहला उद्देश्य शरीर को पोषण देना है। सुविधा और स्वाद की इस दौड़ में सेहत पीछे छूट रही है। मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों का बढ़ता बोझ एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है। इनके पीछे कई कारण हैं, लेकिन अस्वस्थ खानपान भी एक महत्वपूर्ण कारण है। दूषित भोजन और खाद्य विषाक्तता तत्काल स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा को केवल विभागीय औपचारिकता बनाकर नहीं छोड़ा जा सकता। विडंबना यह है कि मिलावट पकड़ने के लिए छापेमारी होती है, नमूने लिए जाते हैं, रिपोर्ट आती है और कार्रवाई की खबरें भी बनती हैं। लेकिन आम उपभोक्ता के मन में एक सवाल कायम रहता है कि बाजार में सुरक्षित भोजन की गारंटी आखिर कौन देगा? त्योहारों के समय मिठाई और दूध के नमूने लेने की सक्रियता दिखाई देती है, लेकिन क्या पूरे साल इसी गंभीरता से निगरानी होती है? कितने कारोबारियों के लाइसेंस रद्द हुए? कितनों को सजा मिली? कितने मामलों में दोषियों से जवाबदेही तय हुई? देश में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण और खाद्य सुरक्षा कानून मौजूद हैं। खाद्य कारोबारियों के लिए मानक निर्धारित हैं। निरीक्षण और नमूना जांच की व्यवस्था भी है। फिर भी मिलावट की शिकायतें सामने आती हैं तो निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सरकार को बताना होगा कि खाद्य सुरक्षा विभागों में पर्याप्त कर्मचारी हैं या नहीं? प्रयोगशालाओं में जांच की क्षमता कितनी है? नमूनों की रिपोर्ट आने में कितना समय लगता है? दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का परिणाम क्या रहा? केवल नमूने भरने और प्रेस विज्ञप्ति जारी करने से जनता की सेहत सुरक्षित नहीं होगी। जरूरत ऐसी व्यवस्था की है, जिसमें मिलावटखोरों को कारोबार करने से पहले कई बार सोचना पड़े। कभी कहा जाता था कि जैसा अन्न, वैसा मन। अब हालात ऐसे बन रहे हैं कि सवाल पूछना पड़ रहा है कि जैसा अन्न, वैसी बीमारी तो नहीं? जिस देश में अन्न को देवता माना जाता है, वहां थाली की शुद्धता पर सवाल उठना पूरे समाज और व्यवस्था के लिए शर्मनाक है। आखिर पेट भरने के लिए इंसान खाना खाए या यह सोचकर डरे कि आज की थाली कल अस्पताल का रास्ता न बन जाए? बाक्स अब सवाल पूछना ही होगा क्या सुरक्षित भोजन अब केवल अमीरों का विशेषाधिकार बन जाएगा? क्या आम आदमी को अपने बच्चों के लिए दूध खरीदते समय भी मिलावट का डर पालना पड़ेगा? क्या हर फल, सब्जी और मसाले की शुद्धता जांचने की जिम्मेदारी उपभोक्ता की ही है? सरकारें स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ाने की बात करती हैं, लेकिन बीमारियों की एक बड़ी वजह बनने वाले असुरक्षित खानपान पर रोक लगाने के लिए कितनी गंभीर हैं? भोजन कोई विलासिता नहीं, जीवन की बुनियादी जरूरत है। इसे मुनाफाखोरों के हवाले नहीं किया जा सकता। खाद्य सुरक्षा विभागों को नियमित और पारदर्शी जांच करनी होगी। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करनी होगी। मिलावट के दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी होगी और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को जवाबदेह बनाना होगा।