बुधवार, 25 नवंबर 2026
एक शिकायत, चार दरवाजे और ‘इंतजार’
राजपुर थाने से डीजीपी कार्यालय और दो जिलों के एसएसपी तक भटके अंकिता के माता-पिता
हर जगह से मिला अगला ठिकाना और एफआईआर का आश्वासन, पुलिस के दरवाजों पर भटकते रहे
अंकिता हत्याकांड की एक शिकायत पर पुलिस महकमे में जिम्मेदारी तय करने वाला कोई भी नहीं
देहरादून। उत्तराखंड में न्याय की मांग करना क्या इतना मुश्किल है कि पीड़ित परिवार को एक शिकायत पर कार्रवाई के लिए पूरे पुलिस महकमे के चक्कर काटने पड़ें? क्या थाने में दी गई शिकायत पर कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है? क्या एक जिले से दूसरे जिले में शिकायत भेज देने भर से पुलिस की जवाबदेही खत्म हो जाती है? अंकिता भंडारी के माता-पिता की आज की भागदौड़ ने पुलिस व्यवस्था के सामने ऐसे ही कई असहज सवाल खड़े कर दिए हैं। अंकिता के माता-पिता पहले राजपुर थाने पहुंचे थे और अपनी शिकायत दी थी। आज वे उसी शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति जानने दोबारा थाने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि शिकायत पौड़ी थाने भेज दी गई है। लेकिन क्या शिकायत पौड़ी भेज देना ही कार्रवाई है? क्या परिवार को यह बताने की जिम्मेदारी किसी की नहीं थी कि शिकायत पर अब तक क्या हुआ और आगे क्या कार्रवाई होगी?
राजपुर थाने से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो परिवार डीजीपी कार्यालय पहुंचा। उम्मीद थी कि प्रदेश पुलिस के सर्वाेच्च कार्यालय में उनकी पीड़ा सुनी जाएगी और मामले में जिम्मेदारी तय होगी। लेकिन यहां डीजीपी के पीआरओ ने उन्हें देहरादून एसएसपी के पास भेज दिया। सवाल फिर वही है कि जब शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंच चुकी थी तो तत्काल कार्रवाई की पहल क्यों नहीं हुई? देहरादून एसएसपी से मुलाकात के बाद परिवार को हरिद्वार एसएसपी के पास भेज दिया गया। इसके बाद अंकिता के माता-पिता हरिद्वार एसएसपी कैंप पहुंचे। यहां एसएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले में जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज की जाएगी।
लेकिन सवाल यह है कि आखिर एक शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने के लिए परिवार को कितने अधिकारियों के दरवाजे खटखटाने पड़ेंगे? राजपुर थाने से पौड़ी थाना, डीजीपी कार्यालय से देहरादून एसएसपी और फिर हरिद्वार एसएसपी तक शिकायत की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या पुलिस के पास शिकायतों के निस्तारण की कोई जवाबदेह व्यवस्था नहीं है? क्या एक पीड़ित परिवार को यह बताने वाला भी कोई नहीं कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई कहां तक पहुंची? सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अंकिता के माता-पिता को ही अपनी शिकायत पर कार्रवाई के लिए इस तरह भटकना पड़ रहा है तो आम आदमी की शिकायतों का क्या हाल होगा? क्या पुलिस की संवेदनशीलता केवल भाषणों और प्रेस विज्ञप्तियों तक सीमित रह गई है? क्या न्याय मांगने वाले परिवार की पीड़ा से ज्यादा महत्वपूर्ण विभागीय औपचारिकताएं हो गई हैं?
अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पहले ही उत्तराखंड की राजनीति, पुलिस और सत्ता प्रतिष्ठान को कठघरे में खड़ा किया है। अब उसके माता-पिता की यह भागदौड़ व्यवस्था की संवेदनशीलता पर एक और सवालिया निशान है। परिवार को फिलहाल एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन मिला है, लेकिन आश्वासन कार्रवाई का विकल्प नहीं हो सकता। आखिर न्याय के लिए अंकिता के माता-पिता को दर-दर भटकना क्यों पड़ रहा है? शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदारी एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक क्यों सरकाई जा रही है? और सबसे अहम सवालकृक्या इस व्यवस्था में एक बेटी के माता-पिता को न्याय पाने के लिए भी अधिकारियों के दरवाजों पर दस्तक देते रहना पड़ेगा?
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें