शनिवार, 28 नवंबर 2026

न्याय की तलाश में परिवार की लड़ाई

तीन आरोपियों को उम्रकैद, लेकिन वीआईपी का सवाल अब भी अनुत्तरित सीबीआई जांच, आडियो-वीडियो की सत्यता, नार्काे और पालीग्राफ टेस्ट आठ मुकदमों और अब निजी चौट सार्वजनिक करने पर नई एफआईआर देहरादून। चार साल पहले उत्तराखंड को झकझोर देने वाले अंकिता भंडारी हत्याकांड में तीन आरोपियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है। अदालत ने अपना फैसला सुना दिया, लेकिन क्या अंकिता को पूरा न्याय मिल गया? इस सवाल का जवाब आज भी तलाशा जा रहा है। जिस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया था, उसकी सबसे संवेदनशील कड़ी यानी कथित वीआईपी का सवाल अब तक सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है। नतीजा यह है कि मामला सुलझने के बजाय नए-नए मुकदमों, आरोपों, प्रत्यारोपों और जांच की अलग-अलग दिशाओं में उलझता जा रहा है। 18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के वनंत्रा रिजार्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी लापता हुई थी। छह दिन बाद 24 सितंबर को उसका शव चीला नहर से बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया। रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य, उसके कर्मचारी सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की एसआईटी ने करीब 88 दिन की जांच के बाद लगभग 500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया। 30 मई 2025 को पौड़ी की अदालत ने तीनों को दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कानूनी तौर पर यह हत्याकांड का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, लेकिन सामाजिक और सार्वजनिक स्तर पर उठे सवालों का अंत नहीं हुआ। अंकिता के परिवार और आंदोलनकारी संगठनों की मांग रही कि उस कथित वीआईपी की पहचान भी सामने आए, जिसके लिए अंकिता पर अतिरिक्त सेवाएं देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया था। परिवार का सवाल है कि क्या इस मामले में केवल तीन लोग ही शामिल थे या घटना के पीछे कोई और प्रभावशाली व्यक्ति भी था? हत्याकांड के बाद से ही कथित वीआईपी का मुद्दा प्रदेश की राजनीति और सामाजिक आंदोलनों के केंद्र में रहा है। दिसंबर 2025 में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ आडियो और वीडियो रिकार्डिंग सार्वजनिक कीं। इनमें कथित तौर पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ बातचीत का हवाला देते हुए वीआईपी का जिक्र किया गया। सनावर ने बाद में भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम का नाम इस कथित वीआईपी के रूप में लिया। गौतम ने इन आरोपों को खारिज किया और कानूनी कार्रवाई भी शुरू की। ध्यान देने वाली बात यह है कि किसी व्यक्ति का नाम आरोपों में आने मात्र से उसकी संलिप्तता साबित नहीं होती। इन रिकार्डिंग के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर गरमा गया। परिवार और सामाजिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग तेज की। जनवरी 2026 में प्रदेश सरकार ने मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की और सीबीआई ने कथित अज्ञात वीआईपी से जुड़े पहलू की जांच शुरू की। लेकिन सवाल यह है कि चार साल बाद भी इस कथित वीआईपी की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं हो पाई? क्या जांच एजेंसी के पास पर्याप्त डिजिटल और अन्य साक्ष्य हैं? क्या आडियो-वीडियो रिकार्डिंग की प्रामाणिकता की जांच पूरी हुई है? क्या उन लोगों से पूछताछ हुई है, जिनके नाम इन रिकार्डिंग में सामने आए? इन सवालों के जवाब का इंतजार बना हुआ है। कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने वाली उर्मिला सनावर भी अब इस पूरे प्रकरण में अलग-अलग मुकदमों और कानूनी विवादों में घिर गई हैं। अक्टूबर 2026 में सामने आई रिपोर्टों के अनुसार, उनके खिलाफ कम से कम आठ एफआईआर दर्ज थीं। इनमें छह एफआईआर दिसंबर 2025 में आडियो-वीडियो जारी करने के बाद दर्ज की गई थीं। इस बीच सीबीआई ने उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर को नार्काे और पॉलीग्राफ जांच के लिए सहमति देने संबंधी नोटिस जारी किए। दोनों ने अदालत के समक्ष इन परीक्षणों के लिए सहमति दी। 14 नवंबर को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून की अदालत ने सनावर के नार्काे और पालीग्राफ परीक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आदेश दिया था। लेकिन इससे पहले 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से उत्तराखंड पुलिस ने एक अलग एफआईआर के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया था। यह मामला पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी ऐसे समय हुई जब उन्हें अगले दिन सीबीआई से जुड़े मामले में अदालत के समक्ष उपस्थित होना था। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। यहां एक महत्वपूर्ण सवाल है। कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों की जांच एक तरफ चल रही है और दूसरी तरफ उन आरोपों को सार्वजनिक करने वाले लोगों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। इन मुकदमों की अपनी कानूनी प्रक्रिया है, लेकिन क्या इससे मूल सवाल की जांच प्रभावित हो रही है? क्या सीबीआई इन सभी घटनाक्रमों को एक समग्र जांच के रूप में देख रही है? मामले में सबसे नया और संवेदनशील मोड़ नवंबर 2026 में सामने आया। 16 नवंबर को पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस कान्फ्रेंस कर अंकिता और उसके एक पुरुष मित्र के बीच कथित व्हाट्सऐप बातचीत के चार हजार से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए। इन चौट के जरिए उन्होंने अपने बेटे की बेगुनाही का पक्ष रखने की कोशिश की। इसके बाद अंकिता के माता-पिता ने इसे अपनी मृत बेटी की निजता और गरिमा पर हमला बताते हुए पुलिस में शिकायत दी। उनका आरोप है कि उनकी बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसकी छवि को प्रभावित करने की कोशिश की गई। 25 नवंबर को देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66सी और 66डी तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और 79 का उल्लेख किया गया। बाद में अधिकार क्षेत्र के आधार पर मामला हरिद्वार स्थानांतरित कर दिया गया। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर अंकिता के परिवार को आहत किया है। जिस बेटी को न्याय दिलाने के लिए माता-पिता चार साल से संघर्ष कर रहे हैं, उसकी मृत्यु के बाद भी निजी जीवन की बातचीत सार्वजनिक विवाद का विषय बन गई है। सवाल यह भी है कि जांच के दौरान एकत्र किए गए इलेक्ट्रानिक साक्ष्य और निजी बातचीत को सार्वजनिक करने का अधिकार किसके पास है? क्या ऐसे संवेदनशील साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए? अंकिता हत्याकांड में तीन दोषियों को उम्रकैद मिलना न्यायिक प्रक्रिया की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन परिवार की पूरी लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। चार साल में हत्याकांड से जुड़े मुकदमों और विवादों की फेहरिस्त लंबी होती गई है। कभी वीआईपी का सवाल, कभी आडियो-वीडियो की सत्यता, कभी गिरफ्तारी और अब मृत बेटी की निजी चौट सार्वजनिक करने का विवाद। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अंकिता के माता-पिता को आखिर कब उन सभी सवालों के स्पष्ट जवाब मिलेंगे, जिनके साथ वह चार साल से जी रहे हैं? अंकिता को न्याय केवल सजा सुनाए जाने से नहीं, बल्कि हर अनुत्तरित सवाल का निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जवाब मिलने से पूरा होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: