शनिवार, 28 नवंबर 2026

‘विकास में मैदान आगे, पहाड़ पीछे’

86 प्रतिशत भूभाग पहाड़ी, लेकिन विकास का बड़ा हिस्सा मैदानों में केंद्रित सड़क, पेयजल, उद्योग, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं तक में गहरी खाई पहाड़ के नाम पर अलग राज्य बना, मुख्यधारा में लाने का सपना है अधूरा देहरादून। उत्तराखंड बना था पहाड़ की पीड़ा दूर करने के लिए। सपना था कि पहाड़ के गांवों तक सड़क पहुंचेगी, खेतों में फिर हरियाली लौटेगी, युवाओं को अपने घर के पास रोजगार मिलेगा, अस्पतालों में इलाज होगा और बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए घर-बार छोड़कर मैदानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लेकिन राज्य गठन के 26 साल बाद भी एक सवाल लगातार पीछा कर रहा है कि आखिर उत्तराखंड का विकास पहाड़ की बजाय मैदानों में ही क्यों सिमटता जा रहा है? राज्य की विकास यात्रा का आकलन करें तो तस्वीर में दो उत्तराखंड दिखाई देते हैं। एक उत्तराखंड देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और मैदानी क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश, शहरीकरण, बेहतर सड़क नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों के साथ आगे बढ़ रहा है। दूसरा उत्तराखंड अल्मोड़ा, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत के गांवों में बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और पलायन की चुनौतियों से जूझ रहा है। यह अंतर केवल राजनीतिक आरोपों या क्षेत्रीय असंतोष की उपज नहीं है। सरकारी और संस्थागत रिपोर्टें भी पहाड़ और मैदान के बीच विकास की खाई की पुष्टि करती हैं। पहाड़ और मैदान के बीच आर्थिक असमानता का सबसे बड़ा प्रमाण प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों में दिखाई देता है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट में उत्तराखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 के आंकड़ों के आधार पर मैदानी जिलों की औसत प्रति व्यक्ति आय 2,64,523 रुपये बताई गई है, जबकि दूरस्थ पर्वतीय जिलों में यह औसत महज 1,08,241 रुपये है। यानी मैदानी क्षेत्रों की औसत प्रति व्यक्ति आय पर्वतीय क्षेत्रों के मुकाबले करीब ढाई गुने से अधिक है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में उद्योगों का विस्तार, देहरादून में सेवा क्षेत्र और शहरी अर्थव्यवस्था की मजबूती इस अंतर की बड़ी वजहों में शामिल हैं। दूसरी तरफ पहाड़ की अर्थव्यवस्था आज भी सीमित कृषि, छोटे कारोबार, सरकारी नौकरियों, पर्यटन और बाहर से आने वाली आमदनी पर काफी हद तक निर्भर है। सवाल यह है कि जब राज्य का 86 प्रतिशत भूभाग पहाड़ी है तो विकास की आर्थिक गतिविधियों का इतना बड़ा हिस्सा मैदानी क्षेत्रों में ही क्यों सिमटा हुआ है? राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के उत्तराखंड स्टेट फोकस पेपर 2023-24 में बुनियादी सुविधाओं के अंतर की तस्वीर सामने रखी गई है। आज भी कई गांवों में सड़क पहुंचने के बाद भी स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंच आसान नहीं हुई है। बरसात में सड़कें बंद होती हैं, भूस्खलन से संपर्क टूटता है और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पहाड़ के विकास की योजना बनाते समय उसकी भौगोलिक परिस्थितियों को पर्याप्त महत्व दिया गया? उत्तराखंड में औद्योगिक विकास की कहानी मुख्य रूप से हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के आसपास केंद्रित रही है। सिडकुल और औद्योगिक क्षेत्रों ने इन इलाकों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। लेकिन पहाड़ में इस तरह के औद्योगिक अवसर विकसित नहीं हो सके। इसका कारण केवल उद्योगपतियों की रुचि नहीं है। परिवहन लागत, बाजार से दूरी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं, भूमि की उपलब्धता और पर्यावरणीय संवेदनशीलता भी निवेश की राह में बाधा हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या सरकार ने पहाड़ की परिस्थितियों के अनुरूप उद्योग और रोजगार का कोई प्रभावी माडल विकसित किया? पर्वतीय क्षेत्रों में फल प्रसंस्करण, स्थानीय खाद्य उत्पाद, जड़ी-बूटी, दुग्ध उत्पादन, ऊन, हस्तशिल्प, रिंगाल और वन आधारित आजीविका की अपार संभावनाएं हैं। इसके बावजूद स्थानीय उत्पादों को बाजार, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल पाई है। परिणाम यह है कि पहाड़ का युवा रोजगार के लिए देहरादून, हल्द्वानी, दिल्ली, चंडीगढ़ और दूसरे शहरों की ओर जाने को मजबूर है। पहाड़ में पैदा होने वाला श्रम मैदानों और दूसरे राज्यों की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है, जबकि उसके अपने गांव खाली होते जा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की फरवरी 2026 में प्रकाशित एक रिपोर्ट ने भी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन के पीछे कमजोर आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तथा स्थानीय रोजगार की कमी को महत्वपूर्ण कारण बताया है। पहाड़ की विकास संबंधी विडंबना शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में और अधिक स्पष्ट होती है। इंडियन एक्सप्रेस की नवंबर 2025 की एक पड़ताल के अनुसार, उत्तराखंड में 7,073 स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 20 से कम है। इनमें 1,740 स्कूल ऐसे हैं जहां केवल एक शिक्षक है। 146 स्कूलों में सिर्फ एक विद्यार्थी दर्ज था, जिनमें 131 सरकारी स्कूल थे। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक है। कैग के 2016 से 2021 के बीच के आडिट आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया कि चार मैदानी जिलों में विशेषज्ञ डाक्टरों के स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत कमी थी, जबकि नौ पर्वतीय जिलों में यह कमी लगभग 70 प्रतिशत थी। यह कैसी विकास व्यवस्था है जहां स्कूल भवन बन रहे हैं, लेकिन बच्चे नहीं हैं? अस्पतालों का ढांचा मौजूद है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं? पहाड़ के लोगों को सामान्य इलाज के लिए भी देहरादून, हल्द्वानी या ऋषिकेश की दौड़ लगानी पड़ती है। इसका सीधा असर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। इलाज, शिक्षा और रोजगार के लिए होने वाला पलायन धीरे-धीरे स्थायी पलायन में बदल जाता है।

कोई टिप्पणी नहीं: