शनिवार, 28 नवंबर 2026
udaydinmaan: ‘रफ्तार’ के पीछे अपराध का ‘नेटवर्क’
udaydinmaan: ‘रफ्तार’ के पीछे अपराध का ‘नेटवर्क’: जेमेटो, स्विगी, ब्लिंकिट, जेप्टो और बिगबास्केट जैसी आनलाइन सेवाओं की बढ़ती दुनिया पर सवाल डिलीवरी की आड़ में नशे की तस्करी, चोरी, रेकी और नियम...
udaydinmaan: ‘अपनों’ से टिकट के लिए ‘जंग’
udaydinmaan: ‘अपनों’ से टिकट के लिए ‘जंग’: भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की है लंबी कतार कहीं मौजूदा को चुनौती व पुराने दिग्गजों के सामने नए चेहरे टिकट से पहले ही दोनों दलों...
udaydinmaan: ‘विकास में मैदान आगे, पहाड़ पीछे’
udaydinmaan: ‘विकास में मैदान आगे, पहाड़ पीछे’ : 86 प्रतिशत भूभाग पहाड़ी, लेकिन विकास का बड़ा हिस्सा मैदानों में केंद्रित सड़क, पेयजल, उद्योग, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं तक में गहरी खाई पहाड़...
‘विकास में मैदान आगे, पहाड़ पीछे’
86 प्रतिशत भूभाग पहाड़ी, लेकिन विकास का बड़ा हिस्सा मैदानों में केंद्रित
सड़क, पेयजल, उद्योग, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं तक में गहरी खाई
पहाड़ के नाम पर अलग राज्य बना, मुख्यधारा में लाने का सपना है अधूरा
देहरादून। उत्तराखंड बना था पहाड़ की पीड़ा दूर करने के लिए। सपना था कि पहाड़ के गांवों तक सड़क पहुंचेगी, खेतों में फिर हरियाली लौटेगी, युवाओं को अपने घर के पास रोजगार मिलेगा, अस्पतालों में इलाज होगा और बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए घर-बार छोड़कर मैदानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लेकिन राज्य गठन के 26 साल बाद भी एक सवाल लगातार पीछा कर रहा है कि आखिर उत्तराखंड का विकास पहाड़ की बजाय मैदानों में ही क्यों सिमटता जा रहा है?
राज्य की विकास यात्रा का आकलन करें तो तस्वीर में दो उत्तराखंड दिखाई देते हैं। एक उत्तराखंड देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और मैदानी क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश, शहरीकरण, बेहतर सड़क नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों के साथ आगे बढ़ रहा है। दूसरा उत्तराखंड अल्मोड़ा, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत के गांवों में बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और पलायन की चुनौतियों से जूझ रहा है। यह अंतर केवल राजनीतिक आरोपों या क्षेत्रीय असंतोष की उपज नहीं है। सरकारी और संस्थागत रिपोर्टें भी पहाड़ और मैदान के बीच विकास की खाई की पुष्टि करती हैं।
पहाड़ और मैदान के बीच आर्थिक असमानता का सबसे बड़ा प्रमाण प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों में दिखाई देता है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट में उत्तराखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 के आंकड़ों के आधार पर मैदानी जिलों की औसत प्रति व्यक्ति आय 2,64,523 रुपये बताई गई है, जबकि दूरस्थ पर्वतीय जिलों में यह औसत महज 1,08,241 रुपये है। यानी मैदानी क्षेत्रों की औसत प्रति व्यक्ति आय पर्वतीय क्षेत्रों के मुकाबले करीब ढाई गुने से अधिक है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में उद्योगों का विस्तार, देहरादून में सेवा क्षेत्र और शहरी अर्थव्यवस्था की मजबूती इस अंतर की बड़ी वजहों में शामिल हैं। दूसरी तरफ पहाड़ की अर्थव्यवस्था आज भी सीमित कृषि, छोटे कारोबार, सरकारी नौकरियों, पर्यटन और बाहर से आने वाली आमदनी पर काफी हद तक निर्भर है।
सवाल यह है कि जब राज्य का 86 प्रतिशत भूभाग पहाड़ी है तो विकास की आर्थिक गतिविधियों का इतना बड़ा हिस्सा मैदानी क्षेत्रों में ही क्यों सिमटा हुआ है? राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के उत्तराखंड स्टेट फोकस पेपर 2023-24 में बुनियादी सुविधाओं के अंतर की तस्वीर सामने रखी गई है।
आज भी कई गांवों में सड़क पहुंचने के बाद भी स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंच आसान नहीं हुई है। बरसात में सड़कें बंद होती हैं, भूस्खलन से संपर्क टूटता है और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पहाड़ के विकास की योजना बनाते समय उसकी भौगोलिक परिस्थितियों को पर्याप्त महत्व दिया गया? उत्तराखंड में औद्योगिक विकास की कहानी मुख्य रूप से हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के आसपास केंद्रित रही है। सिडकुल और औद्योगिक क्षेत्रों ने इन इलाकों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। लेकिन पहाड़ में इस तरह के औद्योगिक अवसर विकसित नहीं हो सके।
इसका कारण केवल उद्योगपतियों की रुचि नहीं है। परिवहन लागत, बाजार से दूरी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं, भूमि की उपलब्धता और पर्यावरणीय संवेदनशीलता भी निवेश की राह में बाधा हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या सरकार ने पहाड़ की परिस्थितियों के अनुरूप उद्योग और रोजगार का कोई प्रभावी माडल विकसित किया? पर्वतीय क्षेत्रों में फल प्रसंस्करण, स्थानीय खाद्य उत्पाद, जड़ी-बूटी, दुग्ध उत्पादन, ऊन, हस्तशिल्प, रिंगाल और वन आधारित आजीविका की अपार संभावनाएं हैं। इसके बावजूद स्थानीय उत्पादों को बाजार, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल पाई है। परिणाम यह है कि पहाड़ का युवा रोजगार के लिए देहरादून, हल्द्वानी, दिल्ली, चंडीगढ़ और दूसरे शहरों की ओर जाने को मजबूर है। पहाड़ में पैदा होने वाला श्रम मैदानों और दूसरे राज्यों की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है, जबकि उसके अपने गांव खाली होते जा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की फरवरी 2026 में प्रकाशित एक रिपोर्ट ने भी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन के पीछे कमजोर आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तथा स्थानीय रोजगार की कमी को महत्वपूर्ण कारण बताया है।
पहाड़ की विकास संबंधी विडंबना शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में और अधिक स्पष्ट होती है। इंडियन एक्सप्रेस की नवंबर 2025 की एक पड़ताल के अनुसार, उत्तराखंड में 7,073 स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 20 से कम है। इनमें 1,740 स्कूल ऐसे हैं जहां केवल एक शिक्षक है। 146 स्कूलों में सिर्फ एक विद्यार्थी दर्ज था, जिनमें 131 सरकारी स्कूल थे। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक है। कैग के 2016 से 2021 के बीच के आडिट आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया कि चार मैदानी जिलों में विशेषज्ञ डाक्टरों के स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत कमी थी, जबकि नौ पर्वतीय जिलों में यह कमी लगभग 70 प्रतिशत थी।
यह कैसी विकास व्यवस्था है जहां स्कूल भवन बन रहे हैं, लेकिन बच्चे नहीं हैं? अस्पतालों का ढांचा मौजूद है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं? पहाड़ के लोगों को सामान्य इलाज के लिए भी देहरादून, हल्द्वानी या ऋषिकेश की दौड़ लगानी पड़ती है। इसका सीधा असर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। इलाज, शिक्षा और रोजगार के लिए होने वाला पलायन धीरे-धीरे स्थायी पलायन में बदल जाता है।
न्याय की तलाश में परिवार की लड़ाई
तीन आरोपियों को उम्रकैद, लेकिन वीआईपी का सवाल अब भी अनुत्तरित
सीबीआई जांच, आडियो-वीडियो की सत्यता, नार्काे और पालीग्राफ टेस्ट
आठ मुकदमों और अब निजी चौट सार्वजनिक करने पर नई एफआईआर
देहरादून। चार साल पहले उत्तराखंड को झकझोर देने वाले अंकिता भंडारी हत्याकांड में तीन आरोपियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है। अदालत ने अपना फैसला सुना दिया, लेकिन क्या अंकिता को पूरा न्याय मिल गया? इस सवाल का जवाब आज भी तलाशा जा रहा है। जिस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया था, उसकी सबसे संवेदनशील कड़ी यानी कथित वीआईपी का सवाल अब तक सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है। नतीजा यह है कि मामला सुलझने के बजाय नए-नए मुकदमों, आरोपों, प्रत्यारोपों और जांच की अलग-अलग दिशाओं में उलझता जा रहा है।
18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के वनंत्रा रिजार्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी लापता हुई थी। छह दिन बाद 24 सितंबर को उसका शव चीला नहर से बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया। रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य, उसके कर्मचारी सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की एसआईटी ने करीब 88 दिन की जांच के बाद लगभग 500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया। 30 मई 2025 को पौड़ी की अदालत ने तीनों को दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कानूनी तौर पर यह हत्याकांड का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, लेकिन सामाजिक और सार्वजनिक स्तर पर उठे सवालों का अंत नहीं हुआ। अंकिता के परिवार और आंदोलनकारी संगठनों की मांग रही कि उस कथित वीआईपी की पहचान भी सामने आए, जिसके लिए अंकिता पर अतिरिक्त सेवाएं देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया था। परिवार का सवाल है कि क्या इस मामले में केवल तीन लोग ही शामिल थे या घटना के पीछे कोई और प्रभावशाली व्यक्ति भी था?
हत्याकांड के बाद से ही कथित वीआईपी का मुद्दा प्रदेश की राजनीति और सामाजिक आंदोलनों के केंद्र में रहा है। दिसंबर 2025 में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ आडियो और वीडियो रिकार्डिंग सार्वजनिक कीं। इनमें कथित तौर पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ बातचीत का हवाला देते हुए वीआईपी का जिक्र किया गया। सनावर ने बाद में भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम का नाम इस कथित वीआईपी के रूप में लिया। गौतम ने इन आरोपों को खारिज किया और कानूनी कार्रवाई भी शुरू की। ध्यान देने वाली बात यह है कि किसी व्यक्ति का नाम आरोपों में आने मात्र से उसकी संलिप्तता साबित नहीं होती। इन रिकार्डिंग के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर गरमा गया। परिवार और सामाजिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग तेज की। जनवरी 2026 में प्रदेश सरकार ने मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की और सीबीआई ने कथित अज्ञात वीआईपी से जुड़े पहलू की जांच शुरू की।
लेकिन सवाल यह है कि चार साल बाद भी इस कथित वीआईपी की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं हो पाई? क्या जांच एजेंसी के पास पर्याप्त डिजिटल और अन्य साक्ष्य हैं? क्या आडियो-वीडियो रिकार्डिंग की प्रामाणिकता की जांच पूरी हुई है? क्या उन लोगों से पूछताछ हुई है, जिनके नाम इन रिकार्डिंग में सामने आए? इन सवालों के जवाब का इंतजार बना हुआ है। कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने वाली उर्मिला सनावर भी अब इस पूरे प्रकरण में अलग-अलग मुकदमों और कानूनी विवादों में घिर गई हैं। अक्टूबर 2026 में सामने आई रिपोर्टों के अनुसार, उनके खिलाफ कम से कम आठ एफआईआर दर्ज थीं। इनमें छह एफआईआर दिसंबर 2025 में आडियो-वीडियो जारी करने के बाद दर्ज की गई थीं।
इस बीच सीबीआई ने उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर को नार्काे और पॉलीग्राफ जांच के लिए सहमति देने संबंधी नोटिस जारी किए। दोनों ने अदालत के समक्ष इन परीक्षणों के लिए सहमति दी। 14 नवंबर को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून की अदालत ने सनावर के नार्काे और पालीग्राफ परीक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आदेश दिया था। लेकिन इससे पहले 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से उत्तराखंड पुलिस ने एक अलग एफआईआर के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया था। यह मामला पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी ऐसे समय हुई जब उन्हें अगले दिन सीबीआई से जुड़े मामले में अदालत के समक्ष उपस्थित होना था। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
यहां एक महत्वपूर्ण सवाल है। कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों की जांच एक तरफ चल रही है और दूसरी तरफ उन आरोपों को सार्वजनिक करने वाले लोगों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। इन मुकदमों की अपनी कानूनी प्रक्रिया है, लेकिन क्या इससे मूल सवाल की जांच प्रभावित हो रही है? क्या सीबीआई इन सभी घटनाक्रमों को एक समग्र जांच के रूप में देख रही है?
मामले में सबसे नया और संवेदनशील मोड़ नवंबर 2026 में सामने आया। 16 नवंबर को पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस कान्फ्रेंस कर अंकिता और उसके एक पुरुष मित्र के बीच कथित व्हाट्सऐप बातचीत के चार हजार से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए। इन चौट के जरिए उन्होंने अपने बेटे की बेगुनाही का पक्ष रखने की कोशिश की। इसके बाद अंकिता के माता-पिता ने इसे अपनी मृत बेटी की निजता और गरिमा पर हमला बताते हुए पुलिस में शिकायत दी। उनका आरोप है कि उनकी बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसकी छवि को प्रभावित करने की कोशिश की गई। 25 नवंबर को देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66सी और 66डी तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और 79 का उल्लेख किया गया। बाद में अधिकार क्षेत्र के आधार पर मामला हरिद्वार स्थानांतरित कर दिया गया।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर अंकिता के परिवार को आहत किया है। जिस बेटी को न्याय दिलाने के लिए माता-पिता चार साल से संघर्ष कर रहे हैं, उसकी मृत्यु के बाद भी निजी जीवन की बातचीत सार्वजनिक विवाद का विषय बन गई है। सवाल यह भी है कि जांच के दौरान एकत्र किए गए इलेक्ट्रानिक साक्ष्य और निजी बातचीत को सार्वजनिक करने का अधिकार किसके पास है? क्या ऐसे संवेदनशील साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए?
अंकिता हत्याकांड में तीन दोषियों को उम्रकैद मिलना न्यायिक प्रक्रिया की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन परिवार की पूरी लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। चार साल में हत्याकांड से जुड़े मुकदमों और विवादों की फेहरिस्त लंबी होती गई है। कभी वीआईपी का सवाल, कभी आडियो-वीडियो की सत्यता, कभी गिरफ्तारी और अब मृत बेटी की निजी चौट सार्वजनिक करने का विवाद। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अंकिता के माता-पिता को आखिर कब उन सभी सवालों के स्पष्ट जवाब मिलेंगे, जिनके साथ वह चार साल से जी रहे हैं? अंकिता को न्याय केवल सजा सुनाए जाने से नहीं, बल्कि हर अनुत्तरित सवाल का निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जवाब मिलने से पूरा होगा।
‘अपनों’ से टिकट के लिए ‘जंग’
भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की है लंबी कतार
कहीं मौजूदा को चुनौती व पुराने दिग्गजों के सामने नए चेहरे
टिकट से पहले ही दोनों दलों में बढ़ने लगी है अब खींचतान
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की जंग अभी मैदान में उतरनी बाकी है, लेकिन राजनीतिक दलों के भीतर इसकी शुरुआत हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों में टिकट की दावेदारी ने नेताओं को आमने-सामने खड़ा कर दिया है। पार्टी के भीतर ही एक-दूसरे की राजनीतिक जमीन नापी जा रही है। कोई वर्षों की संगठनात्मक मेहनत का हवाला देकर टिकट मांग रहा है तो कोई क्षेत्र में अपनी पकड़ और जनाधार का दावा कर रहा है। मौजूदा विधायक अपनी सीट बचाने की कोशिश में हैं तो नए दावेदार उन्हें चुनौती देने के लिए सक्रिय हो चुके हैं। राजनीति का यह दिलचस्प पहलू है कि चुनाव से पहले दोनों दलों के नेता विपक्ष से मुकाबले की तैयारी का दावा कर रहे हैं, लेकिन टिकट की बारी आते ही सबसे बड़ी चुनौती अपने ही कुनबे को संभालने की बनती दिखाई दे रही है। एक सीट पर कई दावेदारों की मौजूदगी ने पार्टी नेतृत्व के सामने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि किसे मौका दिया जाए और किसे नाराजगी के बावजूद संगठन के साथ बनाए रखा जाए।
भाजपा में टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा केवल नए और पुराने चेहरों के बीच नहीं है, बल्कि मौजूदा विधायकों के सामने भी पार्टी के भीतर से चुनौती खड़ी हो रही है। पार्टी नेतृत्व विधायकों के कामकाज, क्षेत्र में सक्रियता और बूथ स्तर से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर उनकी दावेदारी परखने की बात कर रहा है। ऐसे में जिन सीटों पर कई दावेदार हैं, वहां टिकट का फैसला आसान नहीं रहने वाला। कुमाऊं में भी दावेदारी का यही दौर दिखाई दे रहा है। हल्द्वानी, कालाढूंगी, लालकुआं और रामनगर जैसी सीटों पर मौजूदा विधायकों के साथ पूर्व जनप्रतिनिधि, संगठन के पदाधिकारी और नए चेहरे भी टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं। कुछ सीटों पर दावेदारों की संख्या दस से अधिक बताई जा रही है।
भाजपा की तरह कांग्रेस में भी टिकट की लड़ाई ने अंदरूनी समीकरणों को गर्म कर दिया है। पार्टी के सामने एक ओर सत्ता में वापसी की चुनौती है, दूसरी ओर वरिष्ठ नेताओं, पुराने प्रत्याशियों और नए दावेदारों के बीच तालमेल बैठाने की परीक्षा है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रीतम सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं के अपने-अपने राजनीतिक समर्थक आधार हैं। ऐसे में टिकट वितरण के दौरान सभी गुटों और क्षेत्रीय समीकरणों को साधना नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है।
दोनों दलों में टिकट की लड़ाई का एक बड़ा पहलू पीढ़ीगत बदलाव भी है। भाजपा संगठन में युवाओं को आगे लाने और नए चेहरों को अवसर देने की बात कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी युवाओं को विधानसभा तक पहुंचाने की मंशा जता चुके हैं। लेकिन नए चेहरों को जगह देने का अर्थ कई सीटों पर मौजूदा विधायकों या लंबे समय से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं की दावेदारी प्रभावित होना भी है। कांग्रेस में भी नए चेहरों को मौका देने की चर्चा है, लेकिन वहां वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक भूमिका, उनके समर्थकों की अपेक्षाएं और स्थानीय स्तर पर सक्रिय दावेदारों के बीच संतुलन बनाना जरूरी होगा। टिकट के लिए सर्वे और संगठनात्मक फीडबैक की बात अपनी जगह है, लेकिन अंतिम निर्णय के समय राजनीतिक समीकरण भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राजनीतिक दलों के सामने सबसे बड़ा सवाल केवल प्रत्याशी चुनने का नहीं, बल्कि टिकट से वंचित नेताओं को साथ बनाए रखने का भी है। चुनाव में एक टिकट के लिए कई नेता दावेदारी करते हैं, लेकिन अंततः किसी एक को ही उम्मीदवार बनाया जा सकता है। ऐसे में बाकी दावेदारों की नाराजगी को संभालना नेतृत्व की असली परीक्षा होगी। उत्तराखंड की राजनीति में टिकट कटने के बाद बगावत, निर्दलीय चुनाव लड़ने और दूसरे दलों का रुख करने की घटनाएं नई नहीं हैं। इस बार भी यदि किसी प्रभावशाली दावेदार को नजरअंदाज किया गया तो वह पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है। सार्वजनिक रूप से संगठन के फैसले को स्वीकार करने की बात कहने वाले नेता भी चुनाव के समय कितनी सक्रियता से अधिकृत प्रत्याशी के साथ खड़े होंगे, यह अलग सवाल है। भाजपा के सामने सत्ता में रहते हुए विधायकों के प्रदर्शन और नए चेहरों की मांग के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है। कांग्रेस के सामने सत्ता में वापसी की तैयारी के साथ अपने वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय दावेदारों को एक मंच पर रखने की जिम्मेदारी है।
फिलहाल दोनों दलों में टिकट की दावेदारी ने चुनावी राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है। जनता के मुद्दे, बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे सवाल चुनाव का हिस्सा बाद में बनेंगे, लेकिन उससे पहले पार्टियों के भीतर टिकट का सवाल सबसे बड़ा बनता जा रहा है। असली परीक्षा यह होगी कि टिकट की जंग में एक-दूसरे को चुनौती दे रहे नेता फैसला आने के बाद कितनी सहजता से एक ही झंडे के नीचे खड़े होते हैं। क्योंकि चुनाव में मुकाबला विपक्ष से होता है, लेकिन टिकट की लड़ाई में सबसे पहले अपने ही सामने खड़े दिखाई देते हैं।
‘रफ्तार’ के पीछे अपराध का ‘नेटवर्क’
जेमेटो, स्विगी, ब्लिंकिट, जेप्टो और बिगबास्केट जैसी आनलाइन सेवाओं की बढ़ती दुनिया पर सवाल
डिलीवरी की आड़ में नशे की तस्करी, चोरी, रेकी और नियमों की अनदेखी के मामले आए सामने
क्राइम, कारोबार और सरकारी निगरानी के बीच उलझता आनलाइन डिलीवरी का पूरा का पूरा तंत्र
देहरादून। घर बैठे खाना मंगाना हो, किराने का सामान चाहिए हो या मोबाइल पर क्लिक करते ही रोजमर्रा की जरूरत की कोई वस्तु दरवाजे तक पहुंचानी हो, आनलाइन डिलीवरी सेवाओं ने जिंदगी को बेहद आसान बना दिया है। जेमेटो, स्विगी, ब्लिंकिट, जेप्टो और बिगबास्केट जैसी कंपनियों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। देहरादून में भी इन कंपनियों की सेवाएं शहर के बड़े हिस्से तक पहुंच चुकी हैं। सुविधा की इस चमकदार दुनिया के पीछे एक ऐसा सवाल भी खड़ा हो रहा है, जिसे नजरअंदाज करना अब मुश्किल है। आखिर इन कंपनियों के नाम पर घरों, गलियों, कालोनियों और प्रतिष्ठानों तक पहुंचने वाले लोगों की पहचान, पृष्ठभूमि और गतिविधियों की निगरानी कौन कर रहा है? जिस डिलीवरी नेटवर्क पर लोग आंख मूंदकर भरोसा कर रहे हैं, क्या उसकी हर कड़ी उतनी ही सुरक्षित है?
आनलाइन डिलीवरी का कारोबार केवल सामान पहुंचाने तक सीमित नहीं रह गया है। इसके साथ एक बड़ा अनौपचारिक कार्यबल, तेज रफ्तार में चलने वाला परिवहन तंत्र और शहर के लगभग हर हिस्से तक पहुंच बनाने वाला नेटवर्क भी खड़ा हो गया है। यही नेटवर्क कुछ आपराधिक तत्वों के लिए भी इस्तेमाल हो सकता है। देहरादून में सामने आए मामले इस आशंका को महज कल्पना नहीं रहने देते। देहरादून में 2022 में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया था, जिसमें आनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े दो युवक नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उत्तर प्रदेश से स्मैक लाकर देहरादून में इसकी आपूर्ति करते थे। डिलीवरी एजेंट होने का फायदा उठाकर वे पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करते थे। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में नशे की कमाई से वाहन और जमीन खरीदने की बात भी सामने आई थी। यह मामला इसलिए गंभीर था क्योंकि अपराधियों ने आम लोगों के भरोसे से जुड़े एक पेशे को अपनी गतिविधियों की आड़ बनाया था।
मामला यहीं नहीं रुका। दिसंबर 2025 में देहरादून पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में नशीले पदार्थों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो डिलीवरी एजेंट बताए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 31.94 ग्राम स्मैक और 158 ग्राम चरस बरामद हुई थी। इसी कार्रवाई से जुड़े एक अन्य मामले में एक डिलीवरी एजेंट पर दुकान से सामान चोरी करने का आरोप भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वह सामान की डिलीवरी करते समय दुकानों और घरों की रेकी करता था। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि डिलीवरी नेटवर्क का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है। हालांकि, इन घटनाओं के आधार पर पूरे डिलीवरी कार्यबल को संदेह के दायरे में रखना भी उचित नहीं होगा।
जुलाई 2023 में देहरादून पुलिस को शिकायतें मिली थीं कि कुछ डिलीवरी एजेंट और कलेक्शन एजेंट अपने काम की आड़ में घरों और प्रतिष्ठानों की रेकी कर रहे हैं। पुलिस को आशंका थी कि इस तरह जुटाई गई जानकारी का इस्तेमाल चोरी, लूट और नकबजनी जैसी वारदातों में किया जा सकता है। इसके बाद तत्कालीन एसएसपी के निर्देश पर क्लेमेंटटाउन और राजपुर थाना पुलिस ने डिलीवरी कंपनियों के टीम लीडरों और करीब 40 डिलीवरी एजेंटों के साथ बैठक की थी। सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी। यह घटना एक अहम सवाल खड़ा करती है। डिलीवरी एजेंट को घर का पता, पहुंचने का रास्ता, परिवार की दिनचर्या और कई बार घर में मौजूद लोगों की जानकारी तक मिल जाती है। यदि इस जानकारी का गलत इस्तेमाल हो तो उपभोक्ता की निजता और सुरक्षा दोनों खतरे में पड़ सकती हैं।
आनलाइन कंपनियों के बीच कुछ ही मिनटों में सामान पहुंचाने की प्रतिस्पर्धा ने डिलीवरी व्यवस्था को भी दबाव में ला दिया है। समय पर सामान पहुंचाने की होड़ में तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों की कमी जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। जनवरी 2026 में देहरादून संभाग के परिवहन विभाग ने ब्लिंकिट, जेमेटो और स्विगी से जुड़े डिलीवरी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की थी। अभियान के दौरान 41 वाहनों के चालान किए गए और आठ वाहनों को सीज किया गया। परिवहन अधिकारियों के अनुसार, कुछ वाहन बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे थे। कुछ चालकों के पास लाइसेंस नहीं था और कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। इससे पहले दिसंबर 2024 में परिवहन विभाग ने क्विक कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर डिलीवरी कर्मचारियों पर तेज गति से सामान पहुंचाने का दबाव नहीं डालने की हिदायत दी थी। उस समय देहरादून में इन सेवाओं से जुड़े करीब दो हजार डिलीवरी कर्मचारियों के काम करने की जानकारी सामने आई थी। यानी कारोबार की तेजी का असर केवल उपभोक्ता तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध सड़क सुरक्षा और शहर की कानून व्यवस्था से भी है।
फरवरी 2026 में उत्तराखंड पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों, सुरक्षा कर्मचारियों और होम डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर व्यापक अभियान के निर्देश दिए थे। पुलिस महानिदेशक ने ई-कामर्स और आनलाइन सेवाओं से जुड़े डिलीवरी एजेंटों की पहचान और पृष्ठभूमि की जांच को भी प्राथमिकता में रखा था। यह पहल बताती है कि पुलिस भी इस नेटवर्क से जुड़े सत्यापन के महत्व को समझ रही है। लेकिन सवाल यह है कि कंपनियों के पास काम करने वाले हर व्यक्ति का अद्यतन रिकॉर्ड कितना व्यवस्थित है? कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ देता है, किसी दूसरे नाम से काम शुरू कर देता है या किसी अन्य व्यक्ति की पहचान पर डिलीवरी करने लगता है तो उसकी जांच कौन करता है? कंपनियां अपने प्लेटफार्म पर उपभोक्ता का मोबाइल नंबर, पता और भुगतान संबंधी जानकारी जुटाती हैं। लेकिन उपभोक्ता को डिलीवरी करने वाले व्यक्ति की पृष्ठभूमि के बारे में कितनी जानकारी उपलब्ध होती है? डिलीवरी के दौरान किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर कंपनी की जवाबदेही क्या है? इन सवालों पर स्पष्ट व्यवस्था और प्रभावी निगरानी की जरूरत है।
आखिर सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि दस मिनट में सामान घर पहुंच रहा है या नहीं। सवाल यह भी है कि उस सामान के साथ घर के दरवाजे तक कौन पहुंच रहा है, उसकी पृष्ठभूमि क्या है और उसके इरादों की जांच करने की जिम्मेदारी किसकी है? सुविधा की यह दौड़ कहीं देहरादून की सुरक्षा के लिए नई चुनौती न बन जाए, इसके लिए अब जवाबदेही तय करना जरूरी है।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)